Varanasi News: दालमंडी में बंदर के ईंट गिराने से दुकानदार की माैत, ट्राॅमा सेंटर पहुंचे अफसर; की अपील
Dalmandi Varanasi: वाराणसी के दालमंडी चौड़ीकरण कार्य के दौरान जंजीरा शाह मस्जिद के पास निर्माणाधीन भवन से बंदर की हलचल के कारण ईंट गिरने से बैग दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य के बीच सोमवार को मरियम अस्पताल गली के नुक्कड़, जंजीरा शाह मस्जिद के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन के ऊपर मौजूद एक बंदर की हलचल के कारण ईंट नीचे गिर गई, जो वहां से गुजर रहे एक दुकानदार के सिर पर जा लगी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान दालमंडी क्षेत्र में बैग की दुकान संचालित करने वाले चुन्नू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। ईंट लगते ही दुकानदार सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों में मचा कोहराम
स्थानीय लोगों का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण कार्य के चलते कई भवनों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर निर्माण और ध्वस्तीकरण स्थल के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद कुछ लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी की आवश्यकता है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भवन के ऊपर बंदर की हलचल के कारण ईंट नीचे गिरी, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ध्वस्तीकरण और चौड़ीकरण कार्य वाले प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। साथ ही निर्माण एजेंसियों से भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।