सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news today crops Destroyed in Fire Youth Sustains Burns police FIR for Illegal Cylinder Storage

Varanasi News Today: आग लगने से फसल जली, युवक झुलसा; सिलिंडर के अवैध भंडारण में एजेंसी मालिक, मैनेजर पर एफआईआर

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Tue, 07 Apr 2026 03:20 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में आग लगने से गेहूं की फसल जलने के साथ ही एक व्यक्ति आग से झुलस गया। वहीं 256 कमर्शियल सिलिंडर के अवैध भंडारण में एजेंसी मालिक, मैनेजर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पढ़ें- अपराध से जुड़ी अन्य खबरें

Varanasi news today crops Destroyed in Fire Youth Sustains Burns police FIR for Illegal Cylinder Storage
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र के चौबेपुर खुर्द मुरेरी गांव सभा में सोमवार शाम 4.15 बजे बिजली के खंभे से निकली चिंगारी ने किसान की पांच बीघे में खड़ी गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। वहीं, आग बुझाने के दौरान एक युवक झुलस गया। किसान सतीश सिंह ने बताया कि फसल कटाई के लिए हार्वेस्टर मंगाया गया था और उन्होंने दोपहर में ही बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर बिजली कटवाने की सूचना दी थी। बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई। इसी दौरान 11000 वोल्ट लाइन के खंभे के जंपर से चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते खेत में आग फैल गई। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, इससे सैकड़ों एकड़ फसल बच गई। आग बुझाने के दौरान सतीश सिंह का पुत्र करन सिंह झुलस गया, जिसका इलाज अजगरा के एक निजी अस्पताल में कराया गया। इस संबंध में सहायक अभियंता विद्युत विभाग ने बताया कि 1912 पर किए गए कंप्लेंट की शिकायत का निस्तारण करने में समय लगता है। जांच कराई जाएगी।

Trending Videos

  
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
चिरईगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत छितौना ताल में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से एक बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। लल्लन मौर्य के खेत के बीच से गुजर रही लो टेंशन (एलटी) लाइन के तार में सुबह साढ़े आठ बजे अचानक चिंगारी निकली। चिंगारी गिरते ही खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। कटाई के लिए खेत जा रहे परिजनों ने धुआं और आग की लपटें देख शोर मचाया। छितौना और पिछवारी गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी व मटकों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक एक बीघा फसल पूरी तरह जल चुकी थी। फसल नष्ट होने से किसान और परिजन गहरे सदमे में हैं। सर्किल लेखपाल और पुलिस टीम ने जायजा लिया।  
विज्ञापन
विज्ञापन


256 कमर्शियल सिलिंडर के अवैध भंडारण में एजेंसी मालिक, मैनेजर पर प्राथमिकी दर्ज
घौसाबाद में 256 अवैध कमर्शियल सिलिंडर भंडारण के मामले में सोमवार को कैंट थाने में सब्बरवाल गैस एजेंसी के मालिक करण सिंह और मैनेजर मनीष सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर अदलहाट के एजेंसी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। 200 भरे हुए और 56 खाली कमर्शियल सिलिंडर मिले हैं। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार रात घौसाबाद के बंद सुधा पेट्रोल पंप के पास एक मकान से 256 कमर्शियल सिलिंडर मिले थे। जिला पूर्ति अधिकारी की जांच में मालूम चला कि कामर्शियल सिलिंडर पूरी तरह से अवैध भंडारण का है। पूर्ति निरीक्षक कलेक्ट्रेट प्रखंड राघवन त्रिपाठी की तहरीर पर सब्बरवाल भारत गैस एजेंसी अदलहाट के मालिक करण सिंह और मैनेजर मनीष कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सिलिंडर को बीपीसीएल के सेल्स ऑफिसर समर्थ गुप्ता की अभिरक्षा में दिया गया है। 

बुलेट की नंबर प्लेट पर लिखवाया यूजीसी का बाप, सीज की गई
विकास भवन के पास यूजीसी का बाप लिखे बुलेट को कैंट पुलिस ने सोमवार शाम सीज कर दिया। बुलेट को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया। बुलेट के मालिक चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहा निवासी कृतिभान मणि त्रिपाठी हैं। पुलिस से काफी मिन्नतें कीं, लेकिन बुलेट सीज कर दी गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा गोलघर चौराहा से चेकिंग करते हुए सर्किट हाउस की तरफ जा रहे थे। विकास भवन के बाहर पहुंचे तो सड़क पर काले रंग की खड़ी बुलेट के नंबर प्लेट पर यूजीसी का बाप लिखा हुआ था। कैंट इंस्पेक्टर ने तुरंत बुलेट की फोटो ली और वीडियो बनवाई। मोटरव्हीकल एक्ट के तहत बुलेट को सीज किया। तब तक नगर निगम में संविदा कर्मचारी कृति भान त्रिपाठी के रूप में वाहन मालिक की पहचान हुई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि वाहन मालिक को समझाया गया कि नंबर प्लेट पर सिर्फ नंबर होना चाहिए। माहौल को खराब नहीं करना चाहिए। 

जमीन में हिस्सा मांगने पर जेठ और भतीजे ने पीटा
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में बिंद बस्ती में पिंकी देवी ने जेठ व दो भतीजों पर पिटाई का आरोप लगाया है। पिंकी ने पुलिस को बताया कि घर में बंटवारा नहीं हुआ है। जेठ जमीन पर बाउंड्री करवा रहे थे। संपत्ति में अपना हिस्सा बताते हुए उन्हें रोका तो जेठ और दोनों बेटे ने पिटाई की। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि जेठ राधेश्याम व उनके दो बेटे दीपक व पवन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

मजदूर की पिटाई, सीसीटीवी फुटेज वायरल
लालपुर-पांडेयपुर थाने के पास एक दुकान में मनबढ़ों ने मजदूर गुड्डू कुमार की पिटाई कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढूपुर निवासी गुड्डू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दौलतपुर पहाड़िया में दुकान में काम करता है। यहां काम करने वाले एक युवक ने जाति सूचक शब्दों का उपयोग करते हुए पिटाई की है। 5 अप्रैल की दोपहर में युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और बेरहमी से पीटा। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

धर्म परिवर्तन और झूठे केस में फंसाने की धमकी
खजूरी में सुधाकर रोड निवासी शशि कमल ने विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट की अदालत में तहरीर देकर पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुत्र की ओर से ट्यूशन पढ़ाने के एवज में बकाया फीस मांगने पर आरोपियों ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और इनकार करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश लालपुर-पांडेयपुर पुलिस को दिया है।  

गलत दिशा से आए बाइक सवारों ने युवक को पीटा
लंका थाना क्षेत्र के संकटमोचन मंदिर मोड़ के पास रविवार रात बाइक सवार दो मनबढ़ों ने अभिषेक सोनकर की पिटाई कर दी। इस दौरान उसका वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने दो आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोनारपुरा अवध गर्वी निवासी अभिषेक सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह रात दो बजे लंका से सोनारपुरा जा रहा था। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवक गलत दिशा से तेज रफ्तार में आए। टोकने पर 20 दोस्तों को बुलाकर मेगा शॉप संकट मोचन मोड़ के पास पिटाई की। वाहन में भी तोड़फोड़ की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों से आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।  

बाउंड्री के अंदर बांधी गई सात बकरियों को चाकू से मार डाला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद में हाईवे के दक्षिण पटरी पर पशु पालक की बाउंड्री में बंधी सात बकरियों को चाकू से मार डाला गया। पीड़ित ने सोमवार को थाने में पड़ोसी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। पशुपालक अशफाक अली ने पुलिस को बताया कि वह एक बाउंड्री के अंदर बकरी पालन करता है। सुबह लौटा तो देखा कि सात बकरियां मरी थीं। सभी के शरीर के विभिन्न हिस्से पर धारदार हथियार चाकू से वार के निशान थे। पुलिस को बताया कि पड़ोस में रविवार को वलिमा था, आसपास के लोगों की काफी भीड़ थी। व्यस्तता के कारण रात में बकरियों को देख नहीं पाया था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। पड़ोस के एक व्यक्ति से जमीन का विवाद है। पहले सुलह के लिए धमकी मिल चुकी है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।  

करंट लगने से विवाहिता की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव में रविवार शाम खेत में घास काटने गई विवाहिता की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। डंगहरिया (मिर्जामुराद) गांव निवासी पवन पटेल की पत्नी उर्मिला देवी (36) अपराह्न घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। एक किसान की ओर से फसल को बचाने के लिए खेत में बिछाए गए विद्युत तार के संपर्क में आने से विवाहिता करंट से झुलस गई। काफी देर तक वह खेत में ही पड़ी रही। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन विवाहिता को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। जहां निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विवाहिता की तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पति पवन पटेल मजदूरी (पल्लेदारी) कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।  

आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में मिली अग्रिम जमानत
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत ने कूटरचित आयुष्मान कार्ड बनवाने के आरोपी शाहनवाज खान की अग्रिम जमानत सोमवार को मंजूर कर ली। गिरफ्तारी की दशा में 50 हजार के जमानतदार और बंधपत्र देने पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार बादशाहबाग कॉलोनी, मलदहिया के नसेवन मेड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अस्पताल के जनरल मैनेजर रत्नेश कुमार राय ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। आरोप था कि आरोपी शाहनवाज खान सेवन मेड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (दिल्ली आधारित) में बिलिंग एक्सिक्यूटिव थे। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर अस्पताल में कार्य करने के दौरान मरीजों से आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर धोखाधड़ी की। कूटरचित फर्जी व जाली कार्ड देकर कंपनी को अनुचित नुकसान और लाभ लेने की मंशा से धनराशि ले ली। अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की। 

महिला से 3.10 लाख की ठगी, मारपीट व अश्लील हरकत का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर महिला से 3 लाख 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने तथा पैसा वापस मांगने पर मारपीट और अश्लील हरकत करने के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। भटौली गांव निवासी बसंती देवी ने एसीपी पिंडरा को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव के ही घनश्याम जायसवाल ने जमीन बेचने के नाम पर 24 जुलाई 2025 को उनसे 50 हजार रुपये नकद और 90 हजार रुपये अपने खाते में जमा कराए।

कुछ दिनों बाद उसने जमीन अपने मित्र अभय के नाम सट्टा करने की बात कहते हुए उससे भी 80 हजार रुपये नकद और 90 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ले लिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन दी और न ही पैसा लौटाया। जब उसने रुपये वापस मांगे तो बीते 13 मार्च को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, अश्लील हरकतें कीं और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़
कैंट थाना क्षेत्र के लच्छीपुर कॉलोनी में रविवार रात घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई। पीड़ित ने दो नामजद समेत छह अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई। लच्छीपुर कॉलोनी निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि 5 अप्रैल की रात 11 बजे वह अपने घर के पास खड़ा था। आनंद दीप उर्फ बासु, धर्मेंद्र और पांच-छह अज्ञात उसके मित्र की बहन के बारे में आपत्तिजनक बातें कर गालीगलौज कर रहे थे। विरोध करने पर मारपीट की। दीपक ने पुलिस को बताया कि आनंद दीप उर्फ बासु ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जान बचाने के लिए दीपक अपने घर में भागा, लेकिन आरोपित घर में घुस आए और फिर से मारपीट की। घर का सामान भी तोड़ दिया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तालाब में डूबने से मजदूर की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा गांव में सोमवार सुबह दिलीप कुमार (30) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए दाह संस्कार कर दिया। बहेड़वा गांव निवासी दिलीप कुमार सुबह गांव के ही एक तालाब में स्नान करने गया था, अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और वह तालाब में डूब गया। गांव का एक युवक जब तालाब में नहाने पहुंचा तो उसका शरीर टकराया। शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटे और बाहर निकालकर दिलीप को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाइयो में दूसरे नंबर पर और अविवाहित बताया गया। वह मजदूरी करता था। लोगों ने बताया कि युवक मिर्गी रोग से पीड़ित रहा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। 

बंद घर में चोरी, प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र सीरगोवर्धन में गायत्री नगर कॉलोनी में शिवनाथ के बंद मकान में चोरी हो गई। चोरों ने आभूषण समेत अन्य सामान समेट लिए। शिवनाथ सिंह ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च को पत्नी विंदा देवी के साथ करमा बड़की चेनारी रोहतास बिहार गए थे। शनिवार शाम वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला बंद मिला। जबकि भीतर के गेट का ताला तोड़कर कमरे में घुसे चोरों ने आलमारी और बक्सा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

जबरदस्ती घर में ताला बंद करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज
लंका के एंब्रोसिया अपार्टमेंट में रहने वाले रामभरथ ओझा की शिकायत पर घर के दरवाजे पर जबरदस्ती ताला बंद करने और विरोध करने पर पत्नी सीमा के साथ गालीगलौज, गोली मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित रामभरत ओझा ने लंका पुलिस को बताया कि सीमा डॉक्टर के पास उपचार के लिए गई थीं। घर लौटने पर दरवाजे पर ताला बंद मिला। घर में बंद ताले को खोलने के लिए कहने पर आरोपी शंभू सोनकर ने गालीगलौज की और गोली मारकर जान लेने की धमकी दी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि शंभू सोनकर सहित अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

किशोरी का अपहरण, दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
गांव की महिला ने गांव के ही युवक पर नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोंगलाबीर निवासी राजन राजभर 2 अप्रैल 2026 को बेटी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का सुराग नहीं लगा। पीड़िता ने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोरवा गांव निवासी प्रियांशु पटेल ने बेटी के साथ छोड़खानी की थी। इस संबंध में पूछने पर युवक ने अपने साथी के साथ जान से मारने की धमकी दी। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपी ने एक गिरोह बना रखा है, जो परिवार को डराने-धमकाने का काम कर रहा है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी के बाद पुलिस टीम गठित कर दी गई है। 

पति समेत तीन पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के तीन सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बड़ागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना क्षेत्र के चिलबिला खरगनपुर गांव निवासी पीड़िता तन्नूश्री सिंह ने पुलिस को बताया कि कनियर चौधरी का पुरा गांव निवासी पति जगबीर सिंह, ससुर कृपाशंकर सिंह, सास सीमा देवी दहेज में पांच लाख समेत अन्य की मांग को लेकर प्रताड़ित करती हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

बीडीएस के सिपाही से मारपीट और मोबाइल तोड़ने का आरोपी गिरफ्तार
बम निरोधक दस्ते में तैनात सिपाही रविंद्र सिंह से मारपीट और मोबाइल तोड़ने के आरोपी अभिषेक पांडेय को पुलिस ने सोमवार को हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी आशापुर का रहने वाला है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि रविंद्र सिंह शुक्रवार शाम बच्चों का स्कूल ड्रेस लेने आशापुर गांव में सनबीम स्कूल के सामने गए थे। मनबढ़ तीन युवकों ने शराब के नशे में धुत होकर पुलिस कर्मी को घेर कर अपशब्द कहे। सिपाही से हाथापाई कर मोबाइल तोड़ दिया। मारपीट के आरोपी अभिषेक पांडेय निवासी आशापुर को गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल लपेटू व एक अन्य की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही।  

डेबिट कार्ड बदलकर 63 हजार की ठगी
प्रतापपुर गांव निवासी बबलू राम की डेबिट कार्ड बदलकर 63 हजार की ठगी हो गई। सोमवार को पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित बबलू राम ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम स्थानीय बाजार के एसबीआई के एटीएम से पैसा निकालने गया था, जहां पहले से मौजूद युवक ने बैलेंस चेक कराने के बहाने डेबिट कार्ड बदल दिया। सोमवार को बैंक में जांच कराने पर पता चला कि उनके खाते से 63 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed