सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today CTET exam irregularities sisters-in-law arrested three people die in accidents

Varanasi News Today: सीटीईटी...जेठानी व देवरानी अरेस्ट, हादसों में तीन लोगों की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 10 Feb 2026 05:59 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर और कैंट थाना क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सीटीईटी की परीक्षा देने आई महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today CTET exam irregularities sisters-in-law arrested three people die in accidents
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में थाना सिंधोरा क्षेत्र स्थित सुभाष चन्द्र महाविद्यालय, चकरमा में आयोजित परीक्षा के दौरान कूटचित दस्तावेजों के जरिये दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने वाली जेठानी और असली अभ्यर्थी देवरानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Trending Videos


रविवार आठ फरवरी, प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या 05 में बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान आजमगढ़ निवासी अंजू यादव को पकड़ा गया। अंजू अपनी देवरानी अर्चना यादव की जगह परीक्षा देती पाई गई। पुलिस पूछताछ में अंजू यादव ने स्वीकार किया कि वह अर्चना यादव के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। पुलिस ने अर्चना यादव (27) को उसके घर से गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस जांच और पूछताछ में अंजू ने बताया कि अर्चना ने पढ़ाई में कमजोर होने के कारण अपने स्थान पर परीक्षा दिलाने की साजिश रची थी। आधार कार्ड में फोटो एडिट कर कूटचित दस्तावेज तैयार किए गए थे।

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत, केस 304 ए में बदला
चौबेपुर के बलुआघाट मार्ग पर 24 जनवरी की दोपहर हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान आशीष कुमार बरनवाल (33) के रूप में हुई है, जो कस्बे में हार्डवेयर की दुकान चलाता था। 24 जनवरी को बाइक सवार के धक्के से आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि इस मामले में किशन यादव निवासी बरबसपुर बनकट के खिलाफ पहले से दर्ज प्राथमिकी में अब धारा 304ए (लापरवाही से मौत) जोड़ी जा रही है।

ट्रेन से कटकर हुई मौत में युवक की शिनाख्त
चौबेपुर के कादीपुर रेलवे स्टेशन और सारनाथ रेलवे स्टेशन के बीच स्थित पर्वतपुर गांव के समीप रविवार रात करीब आठ बजे पैसेंजर ट्रेन से कटकर हुई युवक की मौत के बाद पुलिस ने उसकी शिनाख्त आकाश राजभर (22) के रूप में की है। वह भटनी से वाराणसी आ रही गाड़ी संख्या 55135 पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर मृतक की पहचान हो सकी। परिजनों के अनुसार आकाश की शादी तय हो चुकी थी और मार्च में बेनीपुर बारात जानी थी, जिससे परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

निर्माणाधीन मकान का मलबा गिरने से मजदूर की मौत
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल भोजूबीर चौरा माता मंदिर के सामने निर्माण स्थल पर काम के दौरान मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सिकरौल पोखरा चौरा मंदिर के पास बबलू चौहान अपने पुराने मकान को गिराकर नया निर्माण करा रहे थे।

धर्मेन्द्र प्रजापति (38), निवासी शिवरामपुर चोलापुर, यहां पिलर लगाने के लिए गड्ढा खोद रहा था। पास में रखा मलबा अचानक उसी गड्ढे में ढह गया। मलबे में दबकर धर्मेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

शादी से इनकार करने पर युवती को दी तेजाब फेंकने की धमकी
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र की एक महिला ने युवक पर बेटी को लंबे समय से परेशान करने, सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने, शादी का दबाव बनाने और तेजाब फेंकने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गणेश महाल निवासी महिला का आरोप है कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री को कटेसर थाना रामनगर निवासी दीपू सहानी लगातार परेशान कर रहा है। आरोपी ने उनकी बेटी की फोटो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दी है और आए दिन उनके घर के बाहर घूमता रहता है। कभी खिड़की पीटता है तो कभी दरवाजे पर पानी की बोतल रखकर चला जाता है। 

आरोपी उनके रिश्तेदारों को भी संदेश भेजता है और कहता है कि यदि शादी नहीं कराई गई तो बेटी पर तेजाब फेंक देगा या हत्या कर देगा। आरोपी अलग-अलग नंबरों से बेटी को फोन कर धमकाता है। नौ फरवरी को जब बेटी कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी, तो आरोपी ने जगंमबाड़ी के पास उसका मोबाइल छीन लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपी को अदालत ने दी सात साल की सजा
शादी का भरोसा देकर युवती को साथ ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी चौबेपुर निवासी राजू को फास्ट ट्रैक कोर्ट (द्वितीय) के न्यायाधीश सुनील कुमार की अदालत ने दोषी पाते हुए सात साल का कारावास और चार हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। साथ ही अदालत ने जुर्माने की राशि में से 2,500 रुपये पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में देने का आदेश भी दिया।

अभियोजन के अनुसार, पीड़िता की मां ने चौबेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया गया कि उनकी बेटी क्षेत्र के ही एक स्कूल में इंटर की छात्रा थी। 20 फरवरी 2015 को वह परीक्षा देने गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि गांव का ही रहने वाला राजू युवती को जबरन साथ ले गया है। लोकलाज के भय से परिवार ने पहले ज्यादा शोर नहीं किया।

24 फरवरी 2015 को पीड़िता किसी तरह अभियुक्त के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और बताया कि राजू उसे शादी का भरोसा देकर ले गया था तथा किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। विचारण के दौरान कुल पांच गवाहों के बयान दर्ज किए गए। सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

गोवंश तस्करी करने वाले चार गिरफ्तार, नौ पशु बरामद
गोवंशों की तस्करी के चार आरोपियों को पुलिस ने टोडरपुर गांव स्थित बगीचे के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, पिकअप वाहन पर लदे नौ गोवंश को मुक्त कराया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोवंशों को वे बिहार ले जा रहे थे। अभियुक्तों की पहचान बच्चन कुमार गोड़ उर्फ लफडू (निवासी धरसौना), अकबर उर्फ टिल्लू (निवासी पड़री, मिर्जापुर), एहसान नट (निवासी पड़री, मिर्जापुर) और दिनेश राजभर (निवासी टोडरपुर) के रूप में हुई। थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि चारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद पशुओं को सुरक्षित मुक्त कर गौशाला भेज दिया गया है। 

दिवंगत राजेश प्रसाद के परिजन को एडीजी ने 1.15 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता चेक सौंपा
36वीं वाहिनी पीएसी में सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) डॉ. राम कृष्ण स्वर्णकार का आरटीसी का निरीक्षण हुआ। उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मनोज कुमार सोनकर तथा सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के साथ बैठक की और जवानों से संवाद किया। एडीजी ने दिवंगत राजेश प्रसाद के परिजनों को एसबीआई पुलिस सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। इसमें बच्चों की शिक्षा व विवाह के लिए 15 लाख रुपये का अतिरिक्त अनुदान भी शामिल है। 

रोडवेज बस के धक्के से युवक घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उगापुर गांव में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रोहनिया निवासी विकास और जौनपुर निवासी आनंद गौड़ सड़क हादसे का शिकार हो गए। बाइक सवार दोनों युवकों को संधां चौराहे के पास रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आनंद को चोट आई, जबकि विकास बच गया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। 

ढाई लाख रुपये हड़पने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
एक दुकान का लगभग ढाई लाख रुपये का समान हड़पने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। मवइया मंगलम कॉलोनी के राम बिहारी दवेदी ने नई बस्ती में हार्डवेयर की दुकान खोली थी। 2021 में पारिवारिक समस्या को लेकर दुकान बंद कर दी गई।

आरोप है कि जलालपुर, जौनपुर के राजेश विश्वकर्मा ने अपने विश्वास में लेकर दुकान में 2 लाख 90 हजार रुपये का समान ले लिया, जिसमें से 40 हजार रुपये वापस किए। शेष ढाई लाख रुपये देने के लिए 31 जनवरी 2025 को चेक दिया, जो पुराना था। पैसे मांगने पर आरोपी धमकी दे रहा है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर राजेश विश्वकर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

द्वारपूजा के दौरान नोकझोंक के बाद हुई मारपीट में एक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में रविवार को शादी समारोह के दौरान घराती और गांव के लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। कछवा रोड निवासी मोदनवाल की पुत्री की शादी रविवार को थी। बारात गोपीगंज से आई थी। द्वार पूजा के समय किसी बात को लेकर ग्रामीणों से विवाद शुरू हो गया। लड़की पक्ष के अविनाश मोदनवाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए। 

अविनाश मोदनवाल ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार-पांच की संख्या में ग्रामीणों ने बारात में घुसकर अराजकता फैलाई। बीच-बचाव करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मनबढ़ ग्रामीण असलहा लिए हुए थे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शिकायत दर्ज कर आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

साइबर ठगी के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज, कोर्ट ने कहा ये गंभीर अपराध
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर अवैध कॉल सेंटर चला कर आम लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के सरगना, जौनपुर निवासी विजय कुमार उर्फ विक्की की जमानत अर्जी अपर जिला जज (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने सुनवाई के बाद खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि यह एक गंभीर और संगठित अपराध है।

30 दिसंबर 2025 को साइबर क्राइम ब्रांच ने लंका क्षेत्र स्थित गांधी नगर कॉलोनी में अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए फर्जी शेयर ट्रेडिंग के जरिये लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान विजय कुमार उर्फ विक्की सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 

जांच में पता चला कि आरोपी मेटा, गूगल जैसे प्लेटफार्मों पर नामी कंपनियों के नाम से फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों का डेटा हासिल करते थे। फिर, खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर, डिमैट अकाउंट की लॉगिन आईडी और पासवर्ड लेकर अत्यधिक खरीद-बिक्री करते थे, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान होता था। बाद में, इन खातों की रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल ली जाती थी।

युवक व युवती से मारपीट करने वाले तीन से चार अज्ञातों पर प्राथमिकी दर्ज
यूपी कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए कैंट पुलिस ने युवक व युवती से मारपीट करने के आरोपी तीन से चार अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आठ फरवरी को वायरल वीडियो चौकी कचहरी क्षेत्र का पाया गया। जांच में घटनास्थल पत्रकारपुरम कॉलोनी स्थित ए-1 गेट के अंदर था।

वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान जब एक युवती बीच-बचाव के लिए पहुंचती है, तो आरोपित उसके साथ भी हाथापाई करने लगते हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों और पीड़ित पक्ष की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। 

शिवपुर तालाब प्रकरण में एनजीटी ने जारी किया नोटिस
एनजीटी ने शिवपुर तालाब प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार समेत जिलाधिकारी, नगर निगम, वीडीए और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया है। अपीलकर्ता पूर्व सभासद जितेंद्र सेठ ने बताया कि काशी पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक तालाब पर भूमाफियाओं ने साल 2002 में कब्जा कर लिया। इसके खिलाफ जिला मुख्यालय पर 30 जुलाई 2002 को बड़े स्तर पर आंदोलन किया गया।

यह मामला सड़क से लेकर नगर निगम सदन एवं कार्यकारिणी समिति की बैठकों में भी उठाया गया। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद निर्माण रुका। वर्ष 2016 में तत्कालीन मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण के आदेश पर दो-दो जेसीबी से तालाब की खुदाई भी कराई गई, परंतु राजनीतिक हस्तक्षेप से तालाब की खुदाई का कार्य अचानक रुक गया।

एयरपोर्ट से रात 11 बजे के बाद उड़ान बंद
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार से रनवे के उन्नयन का कार्य शुरू हो गया है। इस कार्य के चलते रात 11:30 बजे से सुबह 7:30 बजे तक एयरपोर्ट बंद रहा। इस दौरान किसी भी विमान का संचालन नहीं किया होगा। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे से जुड़े आवश्यक संरचनात्मक एवं तकनीकी कार्य प्रस्तावित हैं। एयरपोर्ट से पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली के लिए सुबह 8:20 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि आखिरी उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की ही वाराणसी से बंगलूरू के लिए रात 11:00 बजे रवाना होगी।

दहेज उत्पीड़न में सास-ससुर पर प्राथमिकी दर्ज
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना दिए जाने के आरोप पर महिला अधिवक्ता ने अपनी सास-ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। हुकुलगंज निवासी अधिवक्ता विनिता विश्वकर्मा ने लालपुर पांडेयपुर पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि साल 2022 में शादी के बाद से ही सास-ससुर समेत अन्य पर दहेज की मांग की जाती रही और विरोध करने पर प्रताड़ना दी जाती रही। इस मामले में पहले पुलिस आयुक्त से शिकायत की गई थी, जिसे महिला प्रकोष्ठ और प्री-लिटिगेशन मेडिएशन के लिए भेजा गया। हालांकि, कई बार नोटिस देने के बावजूद विपक्षी पक्षकार उपस्थित नहीं हुए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

फ्लाईओवर के बीम में घुसा विक्षिप्त, पुलिस व दमकल की टीम ने उतारा
लहरतारा–चौकाघाट फ्लाईओवर पर सोमवार को पिलर संख्या 55 के पास एक विक्षिप्त युवक फ्लाईओवर के बीम में चढ़ गया। वह राहगीरों के साथ गली-गलौज कर रहा था और चिल्ला रहा था। मौके पर पहुंची रोडवेज पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी और बुलवाया। दमकल की टीम ने युवक को नीचे उतारा। इस दौरान कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा।

युवक की पहचान बिहार मुजफ्फरपुर निवासी लुटपुट साहनी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, लुटपुट मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। रोडवेज चौकी प्रभारी की सूचना पर पहुंचे उसकी पत्नी चंचला देवी ने बताया कि इलाज के सिलसिले में वे दोनों वाराणसी आए थे, लेकिन कुछ समय पहले ही वह अचानक लापता हो गए थे।

मातृत्व सुरक्षा दिवस पर 118 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
पीएचसी चिरईगांव और सीएचसी नरपतपुर में सोमवार को मातृत्व सुरक्षा दिवस का आयोजन किया गया। ब्लाॅक की एआरओ कणिका सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों की ओर लाई गई कुल 118 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया। इसके बाद सभी गर्भवती महिलाओं का वजन लिया गया। बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, यूरिन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक जांच कराई गई। 18 गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम प्रसव के अंतर्गत चिह्नित किया गया। 

उन्हें जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा रेफर किया गया। सभी गर्भवती महिलाओं को निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराने के लिए भी रेफर करने के साथ आयरन और कैल्शियम सहित अन्य आवश्यक दवाएं दी गईं। इस अवसर पर पीएचसी प्रभारी डाॅ. मनोज कुमार वर्मा, डाॅ. संतोष कुमार, डॉ. एकता बुंदेला, डाॅ. मानसी गुप्ता आदि मौजूद रहे।

कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में हुई विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता
कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में सोमवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिला स्तरीय क्विज व विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता हुई। दोनों प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक ब्लॉक से पांंच-पांच छात्र यानी 90 प्रतिभागी छात्रों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि एडी बेसिक हेमंत राव रहे। क्विज प्रतियोगिता दो चरणों में हुई। पिंडरा ने 9 अंक प्राप्त कर चोलापुर ने सात अंक पर जीत दर्ज की। 

पिंडरा के विजेताओं को जौनपुर के बीएसए डॉ. गोरख नाथ पटेल, वाराणसी के बीएसए अनुराग श्रीवास्तव और पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने टैब स्मार्टफोन, प्रमाण पत्र, स्टेशनरी, बुक सहित बैग वितरण कर सम्मानित किया। मॉडल प्रतियोगिता के कुल 9 ब्लॉक के 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें 50 अंकों की पूर्णांक/ 5 बिंदुओं के आधार पर अंकों के आधार पर एक से 10 स्थान वाले बच्चों में से 1 से 5 स्थान पाने वाले को टैबलेट व प्रमाण पत्र तथा बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।

काशी विद्यापीठ में 1.34 लाख बच्चे लेंगे कृमि की दवा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मंगलवार को काशी विद्यापीठ विकास खंड के विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर करीब एक लाख 34 हजार बच्चों को कृमिरोधी दवा खिलाई जाएगी। इस बाबत सीएचसी मिसिरपुर में सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रामबली सिंह की अध्यक्षता में आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को आयुवर्ग के अनुसार अलबेंडाजोल की दवा देने की विस्तारपूर्वक विधि बताई गई। जो बच्चे किन्हीं कारणों के चलते दवा लेने से वंचित रह जाएंगे उन्हें 13 फरवरी को आयोजित माॅपअप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी। कार्यक्रम की निगरानी की जिम्मेदारी एएनएम को दी गई है। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र चौहान, बीसीटीएम संगीता आदि थे।

मेधावियों को उचित प्लेटफाॅर्म तक पहुंचाना ही मकसद : डॉ. एनपी सिंह
आदिवासी क्षेत्रों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल कर उन्हें योग्य नागरिक बनाने से ही समाज व देश की तरक्की होगी। मेधावियों को उचित प्लेटफाॅर्म तक पहुंचाना ही मकसद है। ये बातें सोमवार को पूर्व आईएएस व भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह ने अपने गांव बरजी में स्थानीय पत्र प्रतिनिधियों से कहीं। 

उन्होंने कहा कि मैं वर्षो से ऐसे बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना चाहता हूं जो संसाधनों से दूर है। वाराणसी और जौनपुर जिले में भी वनवासी व गरीब तबके से जुड़े मेधावी छात्रों को निशुल्क नीट, इंजीनियरिंग और अन्य कोर्स कराकर रोजगार दिलाने के उद्देश्य से मेरी संस्था तथागत शिक्षण संस्थान लगातार प्रयासरत है।

एनटीएफ, नारकोटिक्स सेल ने विद्यार्थियों को जागरूक किया
18 थानों पर 30 दिवसीय एसपीईएल प्रोग्राम 3.0 के तहत सोमवार को यातायात सभागार में एनटीएफ, नारकोटिक्स सेल द्वारा एनडीपीएस एक्ट व ड्रग तस्करी जैसे अपराध के बारे में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया और जानकारी दी गई। इसके अलावा सोशल मीडिया के लाभ, हानि और प्रभाव पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

एडीसीपी महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्यक्रम 14 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर छात्रों को कानून, आपराधिक प्रक्रिया, यातायात, साइबर क्राइम और मानव तस्करी जैसे विषयों पर 120 घंटे का प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इस दौरान नशे के लत से दूर रहने, नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस को गुप्त रूप से देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों एवं अफवाहों के प्रचार-प्रसार से बचने आदि के बारे में बताया जा रहा है।

मेयर ने सिगरा क्षेत्र में सीएम ग्रिड्स योजना के तहत हो रहे कार्यों की जांची प्रगति
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को सिगरा स्थित फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से काम की रफ्तार और गुणवत्ता पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत सिगरा स्थित तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम, घंटी मिल से सिगरा थाना के पास निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक के 610 मीटर लंबे मार्ग का कायाकल्प किया जा रहा है। शहर की इन प्रमुख सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसमें रोड रिसर्फेसिंग के साथ-साथ अंडरग्राउंड यूटिलिटी डक्ट और स्टॉर्म वाटर ड्रेन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

घंटी मिल से सिगरा थाना और सुंदरपुर मुख्य मार्ग जैसे खंडों पर कार्य 40 से 47 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। मेयर ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करें ताकि जनता को धूल और जाम से जल्द राहत मिल सके।

विद्यापीठ में वंदे मातरम, विकसित भारत की थीम पर क्विज विजेताओं का सम्मान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 106वें स्थापना दिवस से पूर्व सोमवार को सभी विभागों में अलग-अलग कई कार्यक्रम हुए। इतिहास विभाग ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता हुई जो वंदे मातरम, विकसित भारत-2047, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और विद्यापीठ विषय पर आधारित था। इसमें 58 विद्यार्थियों ने हिस्सेदारी की। 

प्रतियोगिता में पहला स्थान पिंकी गुप्ता, दूसरा शिवानी विश्वकर्मा और तीसरा स्थान शाइस्ता नाज और यशस्वी मिश्रा को मिला। प्रो. आनंद शंकर चौधरी, डॉ. रविंद्र कुमार गौतम, एस. एंजेला मौजूद रहीं। अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषा विभाग में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतरत्न शिवप्रसाद गुप्त और डॉ. भगवानदास के व्यक्तित्व, कृतित्व और त्याग को बताया। 

प्रो. सिंह ने शिवप्रसाद गुप्त के विद्या दान को सर्वश्रेष्ठ दान बताया। बापू कक्ष में प्रतियोगिता हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने श्रीमद्भगवदगीता के श्लोकों का वाचन किया। मुख्य वक्ता डॉ. अनुराधा बापुली ने शिक्षा को मानव और राष्ट्र के पूरे विकास की आधारशिला बताया।

गहरी खदान से मजदूरों को बचाने वाले जवान हुए सम्मानित
सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में बीते साल नवंबर में हुए हादसे के दौरान मजदूरों को बचाने वाली राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी के जवानों और अधिकारियों को एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सोमवार को जोनल पुलिस कार्यालय वाराणसी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। एडीजी ने कहा कि विषम और जानलेवा परिस्थितियों में किए गए इस साहसिक कार्य ने अनेक परिवारों को उजड़ने से बचाया है। 15 नवंबर 2025 को बिल्ली मारकुंडी खदान में पहाड़ी धंसने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए थे। इस दौरान उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा और उप सेनानायक नवीन शर्मा उपस्थित रहे।

28 डिग्री के पार रहा काशी का तापमान
जिले में अब ठंड का मौसम अपनी समाप्ति की ओर है। तीखी धूप ने दिन का पारा बढ़ाया ही है, अब रातों की भी गलन कम हो गई है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री ऊपर चढ़कर 28.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा स्थिर रही और नमी 47 प्रतिशत पर आ गई। बाकी दिनों के मुकाबले सोमवार को ठंड कम रही। दिन ही नहीं, अब शाम को भी जैकेट और स्वेटर उतरने लगे हैं। 

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक तापमान बढ़ सकता है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में तीन से चार डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मंगलवार और बुधवार के लिए हल्के कोहरे की संभावना जताई गई है। वहीं उसके बाद 12 फरवरी से मौसम पूरी तरह से साफ होने के संकेत हैं।

परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पूर्व खुलेगा पेपर, एक घंटे पहले पहुंचेंगे स्टैटिक मजिस्ट्रेट
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए 117 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी व वाॅइस रिकॉर्डर की जांच करेंगे। परीक्षा शुरू होने के पहले केंद्रों पर पेपर 15 मिनट पहले खोले जाएंगे।

बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक स्टैटिक मजिस्ट्रेट हर दिन परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। अपनी उपस्थिति में डबल लॉक खुलवाकर निर्धारित प्रश्नपत्रों को निकलवाकर, लॉक को सील करवाएंगे। परीक्षार्थियों को कॉपी के हर पृष्ठ पर अनुक्रमांक व उत्तर पुस्तिका क्रमांक अनिवार्य रूप से लिखना होगा।

पहले और दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षा अब 13 फरवरी तक होंगी
यूपी बोर्ड की ओर से पहले और दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं 24 जनवरी से 01 फरवरी तथा 2 फरवरी से 9 फरवरी तक कराई गईं। कुछ विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं नहीं हो पाईं हैं। यूपी बोर्ड के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि छात्रहित में प्रथम चरण की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं की अंतिम तिथि को बढ़ा कर 04 फरवरी किया गया था। दूसरे चरण में भी कुछ विद्यालयों में परीक्षाएं नहीं हो पाईं। बोर्ड ने इस समय सीम को बढ़ा कर 13 फरवरी तक विस्तारित किया है। परीक्षकों को प्राप्तांक सूची, अनुपस्थिति विवरण नेट पर अपलोड हार्ड कापी को परिषद कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है।

बोर्ड के प्रैक्टिकल के अंतिम दिन 30 छात्र रहे अनुपस्थित, 19 केंद्रों पर हुई परीक्षा
यूपी बोर्ड की दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षाएं सोमवार को अंतिम दिन 19 केंद्रों पर हुईं। इसमें 30 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वाराणसी में दूसरे चरण की बोर्ड प्रायोगिक परीक्षाएं हो रही हैं जो 2 फरवरी से शुरू है। सोमवार को इस परीक्षा का अंतिम दिन है। 
हालांकि कुछ विद्यालयों में अभी परीक्षाएं नहीं हो पाई हैं। 

उन्होंने बताया कि सोमवार को 19 केंद्रों पर हुई प्रायोगिक परीक्षाओं में कुल 1538 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इनमें से 1508 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 30 छात्रों ने परीक्ष छोड़ दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 225 विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जा रही हैं। अब तक 177 विद्यालयों में परीक्षा हो चुकी है।

417 विद्यार्थियों ने छोड़ी मदरसा बोर्ड की परीक्षा
मदरसा बोर्ड की परीक्षा सोमवार को शुरू हो गई। जिले के छह केंद्रों पर दोनों पालियों में 417 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि 1731 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कुल 2148 विद्यार्थी परीक्षा के लिए फॉर्म भरे थे। 14 फरवरी तक परीक्षा होगी। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

जिले में छह केंद्रों पर प्रथम पाली में मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और द्वितीय में आलिया (सीनियर सेकेंडरी) की परीक्षा हुई। दो पालियों में परीक्षा परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिंह प्रताप देव ने बताया कि पहली पाली की परीक्षाएं सुबह आठ से शुरू हुई। इसमें 1549 विद्यार्थियों में से 1215 ही परीक्षा दिए, जबकि 334 ने छोड़ दी। इसमें 77.43 फीसदी ने परीक्षा दी। 
 

द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू हुई। इसमें 599 में 516 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 83 ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा के लिए सेकेंडरी में 890 छात्र और 659 छात्राएं और सीनियर सेकेंडरी में 355 छात्र और 244 छात्राएं पंजीकृत हैं। मदरसा जामिया फारुकिया रेवड़ी तालाब, मदरसा जामिया रहमानिया मदनपुरा, मदरसा हनफिया गौसिया बजरडीहा, मदरसा मजहरूल उलूम पीलीकोठी, मदरसा जामिया अरबिया मतलउल उलूम कमनगढ़ा केंद्र पर परीक्षा हुई।

Varanasi News Today CTET exam irregularities sisters-in-law arrested three people die in accidents
ऑटो में लगी आग। - फोटो : संवाद

कार से टक्कर के बाद ऑटो में लगी आग
भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीसी ज्वेलर्स के बगल में सोमवार देर रात सड़क पर एक कार ने आटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आटो में अचानक आग लग गई। हादसे के समय आटो में सवार व्यक्ति सुरक्षित बच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भेलूपुर थाना पुलिस ने आग की लपटों में घिरे आटो को सड़क किनारे लगवाया और यातायात को नियंत्रित कराया। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और कार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed