Varanasi News Today: तीन बच्चों के पिता ने महिला से शादी रचाने की कोशिश की, किशोरी से अश्लील हरकत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने महिला से शादी करने का प्रयास किया, जबकि वह पहले से विवाह कर चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में अपने मामा की दुकान पर खेल रही आठ वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लोहता थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर एक महिला से शादी करने का प्रयास किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। आरोपी पहले से विवाहित है और तीन बच्चों का पिता भी है।
इसकी जानकारी होने पर महिला और उसके परिजनों ने हंगामा किया तथा मामला थाने पहुंच गया। घमहापुर निवासी सुभाष पटेल की वर्ष 2018 में जौनपुर निवासी 30 वर्षीय अंजू पटेल से पहचान हुई थी। आरोप है कि सुभाष ने युवती को बताया था कि उसकी पत्नी का निधन हो चुका है।
इस आधार पर दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया और परिजनों की सहमति से 12 जून को फूलपुर थाना क्षेत्र के एक मंदिर में शादी की तैयारी की गई। शुक्रवार शाम जब आरोपी की ओर से बरात नहीं पहुंची तो महिला और उसके परिजन उसके घर पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि उसकी पत्नी जीवित है और वह तीन बच्चों का पिता है।
इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। शनिवार को दोनों पक्ष लोहता थाने पहुंचे, जहां महिला पक्ष ने युवक पर धोखाधड़ी कर शादी करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि मामला जौनपुर और फूलपुर थाना क्षेत्र से संबंधित है। दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया गया है।
किशोरी से अश्लील हरकत, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में अपने मामा की दुकान पर खेल रही आठ वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि बच्ची दुकान पर खेल रही थी। इसी दौरान गांव का एक आढ़ती वहां पहुंचा और उसके साथ अश्लील हरकत की। इस बीच मामा वहां पहुंच गया और विरोध किया तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि किशोरी के मामा की तहरीर पर मारपीट, धमकी और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
घर में घुसकर महिला से छेड़खानी
चोलापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने देवर समेत दो लोगों के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। विधवा महिला ने पुलिस को बताया कि 10 जून की रात वह अपनी बच्चियों के साथ घर में सो रही थी। इस दौरान उसका देवर और एक अज्ञात व्यक्ति घर के आंगन में कूद गए। आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
गोदाम से 20 बोरी तंबाकू चोरी
चोलापुर के असेटुआ गांव स्थित एक तंबाकू पैकेजिंग फैक्टरी के गोदाम से 20 बोरी तंबाकू चोरी हो गई। फैक्टरी संचालक की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फैक्टरी में कार्यरत कर्मचारियों की मिलीभगत से चोरी का आरोप लगाया गया है। मुर्दहा के असेटुआ निवासी रवि कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि वह आरके इंटरप्राइजेज फर्म का संचालन करते हैं। वहां सादे तंबाकू की पैकेजिंग का कार्य किया जाता है।
आरोप है कि कंपनी में कार्यरत कर्मचारी रणधीर निवासी परचल, रसूलपुर हरदोई और लवकुश राजभर निवासी सलारपुर ने कंपनी के निकट रहने वाले सुरेंद्र पटेल निवासी अईली, तिवारीपुर, चौबेपुर के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से फैक्टरी से तंबाकू चोरी करना शुरू कर रखा था। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि फैक्टरी संचालक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पर्स छीनकर भाग रहे युवक को पकड़ा
महिला का पर्स छीनकर भाग रहे मोहनसराय निवासी विजय गौड़ को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, रमसीपुर निवासी पूर्णिमा अपने भाई विजय के साथ ससुराल परमानंदपुर जा रही थीं। मोहनसराय में ऑटो पर बैठी थीं। इसी दौरान घात लगाए विजय गौड़ ने उनका पर्स छीन लिया और भागने लगा। पूर्णिमा के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया पर्स बरामद कर लिया। पर्स में 3,300 रुपये नकद, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड रखे थे। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला
कैंट थाना क्षेत्र स्थित पक्की बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी और जानलेवा हमला करने के आरोप में पीड़ित शारिक खान की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, पड़ोस के कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद सभी आरोपी एकजुट होकर घर में घुस गए और शारिक खान, उनके पिता तथा परिवार के अन्य सदस्यों पर लाठी-डंडों व अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
जमीन धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
जमीन धोखाधड़ी और जातिसूचक मामले के आरोपी प्रिंस उपाध्याय को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात रिंग सड़क से गिरफ्तार किया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी परमानंदपुर शिवपुर का निवासी है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ित ने 24 दिसंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बिजली केबल चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
विद्युत केबल चोरी के आरोपी भरत सैनी को बड़ागांव पुलिस ने शनिवार को नयनपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की बोरी में रखा चोरी का कटा हुआ विद्युत एबीसी केबल (34.420 किलोग्राम) तथा तार काटने का एक कटर बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी लोहता थाना क्षेत्र के कनई सराय का निवासी है। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि 18 मई को महदेवपुर से केबल चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विद्युत एबी केबल (95 एमएम) व एबी केबल (50 एमएम) चोरी हुई थी। 11 मई को तिवारीपुर में भी चोरों ने 50 एमएम एबी केबल काटने का प्रयास किया था।
चेन चोरी के मामले में 12 दिन बाद प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान निर्मला देवी की सोने की चेन चोरी होने के मामले में घटना के 12 दिन बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है। मऊ जनपद के मऊरबोझ निवासी संतोष कुमार सिंह अपनी माता निर्मला देवी के साथ एक जून की सुबह मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। मंदिर के मुख्य द्वार पर महिलाओं की काफी भीड़ थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने निर्मला देवी के गले में पहनी लगभग 10 ग्राम वजनी सोने की चेन पार कर दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
किशोरी को बहलाकर ले जाने वाले पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र निवासी एक किशोरी को बहलाकर ले जाने के मामले में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, 10 जून की रात किशोरी अपनी नानी के घर से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि थाना क्षेत्र निवासी रिशू राजभर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। आरोपी के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है।
3.50 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट
कमिश्नरेट पुलिस ने ऑपरेशन दहन अभियान के तहत शनिवार को 3.50 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ नष्ट किए। कुल 698.781 किलोग्राम मादक पदार्थों को रामनगर स्थित श्रीगणेश प्लाईवुड इंडस्ट्री में भस्मक भट्टी के माध्यम से नष्ट किया गया। पुलिस आयुक्त द्वारा गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में यह पूरी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 71 प्राथमिकी से संबंधित बरामद मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। विभिन्न थानों, जैसे रामनगर, आदमपुर और कैंट में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के मामलों से संबंधित बरामदगी इसमें शामिल थी।
पुलिस कमिश्नर से मिले अपना दल (एस) के विधायक
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। उन्होंने रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में जनरल स्टोर संचालक जितेंद्र कुमार पटेल की हत्या के मामले में जानकारी ली। साथ ही कहा कि इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा होना चाहिए। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने पुलिस आयुक्त से कहा कि क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। बीते सोमवार की रात जनरल स्टोर संचालक जितेंद्र कुमार पटेल दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से लगभग 500 मीटर पहले अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
दहेज के बिना ससुराल ले जाने से इन्कार
रोहनिया थाना क्षेत्र के सगहट निवासी रिंकी पटेल ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। रिंकी के अनुसार, उसका विवाह 26 मई 2025 को मिर्जामुराद के चित्रसेनपुर निवासी संजय कुमार पटेल से हुआ था। विवाह में तिलक के दौरान पांच लाख रुपये नकद, बाइक तथा आभूषण दिए गए थे। आरोप है कि शादी के बाद पति, सास, ननद और ननदोई दहेज को लेकर ताने देने लगे। चार दिन ससुराल में रहने के बाद वह मायके आ गई। इसी बीच पति ने एक परिचित के मोबाइल से फोन कर उसे बिना माता-पिता को बताए मामा के घर बुलाया, लेकिन स्वयं नहीं पहुंचा। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में सड़क किनारे अस्वस्थ अवस्था में मिले मानसिक रूप से कमजोर युवक की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा हुआ है। हरहुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजवाया। पुलिस के अनुसार युवक पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा था तथा लोगों से मांगकर भोजन कर जीवनयापन कर रहा था। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
खड़ी बस में बाइक सवार ने मारी टक्कर
जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सड़क किनारे खड़ी बस से टकराने के कारण एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, लल्लापुरा निवासी दिलशाद पुत्र मुस्लिम किसी काम से भदोही गया था। वहां से वापस लौटते समय बड़ौरा बाजार में उसकी इलेक्ट्रिक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।
फेसबुक पर दोस्ती के बाद की शादी, अब दहेज प्रताड़ना में प्राथमिकी
आदमपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद शादी करने वाले युवक और उसके परिजनों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेवई मंडी निवासी युवती के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव बाजार निवासी प्रदीप सैनी से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर प्रदीप उसे सूरत ले गया, जहां दोनों ने विवाह कर लिया। आरोप है कि शादी के बाद प्रदीप ने 43 दिनों तक उसे अपने साथ रखा और फिर दहेज की मांग करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई।
पीड़िता का कहना है कि बाद में प्रदीप उसे अपने घर ले गया और परिजनों को शादी की जानकारी दी। इसके बाद प्रदीप, उसके पिता ओम प्रकाश और भाई गोलू सैनी भी दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया गया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
श्रीजगन्नाथ मंदिर ट्रस्टी आलोक शापूरी का निधन
संकल्प संस्था के संस्थापक अध्यक्ष दीपक शापूरी के छोटे भाई और श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट (अस्सी) के ट्रस्टी आलोक शापूरी (75) का शनिवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने कोतवालपुरा स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। बड़े भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से लंबे समय से जुड़े हुए थे। श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी के रूप में उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन का काम किया। इसी वजह से समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें सम्मानित किया था। उनके निधन से उनके चाहने वालों ने शोक जताया है। संकल्प संस्था परिवार ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
कारोबारी को पत्नी शोक
धनश्री ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिष्ठाता मिथिलेश कुमार बरनवाल की पत्नी रामलली देवी (72) का शनिवार को निधन हो गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी थी। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। छोटे बेटे रोहित बरनवाल ने उन्हें मुखग्नि दी। रामलली के परिवार में पति मिथिलेश कुमार बरनवाल, बड़े बेटे रसाल बरनवाल, राहुल बरनवाल और रोहित बरनवाल हैं। वह मूलरूप से भदोही की रहने वाली थीं।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पोते ने डीएम से इलाज के लिए की 5 लाख की मांग
शहनाई के बादशाह भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पोते नासिर अब्बास ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी वाराणसी को प्रार्थना पत्र सौंपकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। सराय हरहा निवासी 54 वर्षीय नासिर अब्बास 12 मई को अचानक तबीयत बिगड़ने पर एक निजी न्यूरोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने उन्हें सीवीए (ब्रेन इंफार्क्ट) से पीड़ित बताया है। उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टरों ने जल्द ब्रेन सर्जरी कराने की सलाह दी है। नासिर अब्बास ने उपचार पर करीब पांच लाख रुपये का खर्च होंगे। वे आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इतने खर्च का वहन करने में असमर्थ हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल चिकित्सा सहायता या सरकारी राहत कोष से आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उनका इलाज हो सके। नासिर अब्बास अपने दादा उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत को आगे बढ़ाते हुए शहनाई बजाकर अपना खर्च चलाते हैं। ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित होने से उनकी स्थिति खराब हो गई।
53.19 लाख से बने नए नलकूप का शिलान्यास
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को 53.19 लाख रुपये की लागत से पिशाचमोचन क्षेत्र में एक नए नलकूप के रिबोर के काम का शिलान्यास किया। महापौर ने कहा कि इस नलकूप के चालू हो जाने से पिशाचमोचन वार्ड और आसपास के इलाकों में पानी के कम दबाव (लो-प्रेशर) और गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत से स्थानीय निवासियों को हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद मनीष कुमार गुप्ता मौजूद रहे।
योजनाओं की दी जानकारी
काशी विद्यापीठ विकास खंड मुख्यालय पर शनिवार को तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। केंद्र सरकार के 12 साल पूरे पर ग्रामीण विकास योजनाओं और लाभार्थी परक सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वास्थ्य, लघु सिंचाई, श्रम, कृषि, पंचायतीराज स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जानकारी दी गई। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, प्रभारी बीडीओ रामजी सिंह, प्रभारी एडीओ पंचायत योगेंद्र पाल, एडीओ कृषि बालकेश्वर पटेल, खंड तकनीकी प्रबंधक रामनरेश थे।
भाजपा कार्यकताओं ने प्रबुद्धजनों को किया सम्मानित
राजातालाब। पीएम नरेंद्र मोदी के 12 साल के सफल कार्यकाल पर सेवापुरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के प्रबुद्ध, वरिष्ठ जनों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। भाजपा नेता देवेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बिरसिंहपुर, मिल्कीपुर, ढढोरपुर, टड़िया में जाकर लोगों से बात की।
साथ ही कमला पटेल, चंद्रमा पांडेय, रामधनी गौड़, डॉ जगदीश सिंह, राजेश मौर्य को सम्मानित किया। राजातालाब मंडल के अध्यक्ष सुजीत कुमार पाल, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री प्रेम शंकर पाठक, मंत्री पंकज सिंह पटेल, कैलाश विश्वकर्मा, शिव शंकर पटेल, चंद्रभान, नवीन दुबे आदि रहे। उधर, अजय सिंह मुन्ना ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर प्रबुद्धजनों से मुलाकात की। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सेवानिवृत्त शिक्षक दयाशंकर दुबे, चंदन दुबे, सुधाकर दुबे, दीनानाथ पांडेय, गंगा पांडेय, संजय दुबे का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान दीपक सिंह दीपू, अभिषेक दुबे, प्रमोद रहे।
प्राथमिक सेक्टर में अभी काम करने की जरूरत
जिले के प्रभारी और यूपी के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को सर्किट हाउस में प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जिले के योगदान को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी वाराणसी को रोल मॉडल के रूप में देखते हैं इसलिए हमें और काम करने की जरूरत है। अभी प्राथमिक सेक्टर में अभी और काम करना है। फसल से पहले लक्ष्य और फसल के बाद उनका मूल्यांकन अवश्य करें। ब्लॉक से जिले स्तर पर सभी को इस पर काम करने की जरूरत है। अवैध मिट्टी खनन पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने पशुधन विभाग को पॉल्ट्री फॉर्म की संख्या बढ़ाने, हरा चारा का क्षेत्र बढ़ाने, भेड़, बकरी पालन में बढ़ोतरी के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी जिलाधिकारी को दी है। उपनिदेशक कृषि से कहा कि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करें। प्रभारी मंत्री ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की जीडीपी में योगदान को गुणात्मक रूप से बढ़ाने पर जोर दिया।
सीडीओ से प्रति महीने विभागवार बैठक करने को कहा ताकि 2029-30 तक एक ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिल सके। कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जनपद के निर्धारित लक्ष्य को लगभग तीन गुना तक आगे ले जाना होगा। समीक्षा बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने रविंद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई की। बैठक में एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक डॉ सुनील पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, डीएम सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
व्यापारियों का न हो उत्पीड़न : मंत्री
महानगर उद्योग व्यापार समिति (युवा मंच) के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता के नेतृत्व में युवा व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से मंत्री को अवगत कराया।
ज्ञापन में बिक्री कर/जीएसटी सहित विभिन्न विभागों में व्यापारियों की शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई की मांग की गई। इसमें छोटी जानकारियों के लिए बार-बार कार्यालय बुलाने पर रोक लगाने को कहा गया। प्रत्येक विभाग में व्यापारी सहायता एवं शिकायत निवारण प्रकोष्ठ बनाने की मांग की। अनावश्यक नोटिस और उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर नियंत्रण तथा शिकायतों के सरल एवं पारदर्शी निस्तारण पर जोर दिया गया। सुजीत गुप्ता ने युवा व्यापारियों की भूमिका पर जोर दिया, जिसके बाद मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
छोटे उद्योगों के लिए बैंकिंग शुल्क घटाने की मांग
लघु उद्योग भारती संगठन ने शनिवार को चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों के साथ एक बैठक की। इसमें बैंकिंग समस्याओं और शुल्कों में कमी पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि एमएसएमई देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके लिए बैंकिंग सेवाओं को सरल और किफायती बनाना आवश्यक है। उन्होंने छोटे उद्योगों को विशेष श्रेणी में रखने की मांग की। ब्याज दरों में रियायत और बैंकिंग शुल्कों में कमी की बात कही। कोविड-19 महामारी और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों से उद्योगों को नई चुनौतियां मिली हैं। ऐसे समय में उन्हें बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और आसान ऋण व्यवस्था चाहिए। उपस्थित उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।
21 तरह के फूलों से सजी मां मंगला गौरी की अलाैकिक झांकी, 13 घंटे हुए दर्शन
मां मंगला गौरी की शनिवार को सजी अलौकिक झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मां का 21 प्रकार के फूलों और 21 तरह के व्यंजनों से अन्नकूट शृंगार किया गया। 13 घंटे तक भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर के आसपास आकर्षक सजावट की गई थी। लगे भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शिवशक्तिपीठ की ओर से पंचगंगा स्थित मंदिर में सुबह 5 बजे मंगला आरती के बाद दर्शन शुरू हुए। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक मंदिर के पट बंद रहे। पुजारी जितेंद्र पांडेय उर्फ बबलू गुरु के नेतृत्व में मां का विधिवत शृंगार किया गया। देवी को पंचद्रव्य स्नान कराकर नूतन वस्त्र और विभिन्न फूलों से सजाया गया। इसके बाद 21 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
इस दौरान भक्तों को मूंग का हलवा और चने की घुंघरी वितरित की गई। रात करीब 10 बजे शयन आरती तक भक्तों की भीड़ बनी रही। श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल आदि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
डॉ. ज्योति के सुरों से बरसा लोक बहार, किया देव वंदन
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के साप्ताहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम वरुणा संध्या में शनिवार को कैंटोनमेंट स्थित नेहरू पार्क में सुगम एवं उपशास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुति हुई। गायिका डॉ. ज्योति यादव ने अपने सुमधुर स्वरों से श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने पहाड़ी ठुमरी सुनाई। बोल थे- सैंया बिना नहीं चैन...। दादरा के बोल थे- सांवरिया प्यारा री मोरी गुइयां...। सुगम संगीत में भजनों की झड़ी लगा दी। मंगल मूर्ति मारुति नंदन... प्रस्तुत किया। समापन भजन राम को देख कर श्री जनकनंदिनी... से किया। तबले पर अनंग गुप्ता तथा हारमोनियम पर कृपा सिंधु ने संगत की। सोसायटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
हरे कृष्णा ज्वेलर्स की गोल्ड एक्सचेंज स्कीम सफल रही
हरे कृष्णा ज्वेलर्स की विशेष गोल्ड एक्सचेंज स्कीम को ग्राहकों का शानदार रिस्पांस मिला है। इस अभियान में ग्राहकों ने पुराने सोने के बदले नई ज्वेलरी खरीदी। उन्हें नई ज्वेलरी पर 30 फीसदी तक बनवाई शुल्क की छूट का भी लाभ मिला। इस अभियान की मुख्य विशेषता संस्था की पारदर्शी नीति रही। संस्था ने ‘न एक फीसदी कम, न एक फीसदी ज्यादा, आपके पुराने सोने का सबसे सही दाम’ का वादा किया।
ग्राहकों ने हरे कृष्णा ज्वेलर्स की विश्वसनीयता और निष्पक्ष मूल्यांकन प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने उत्कृष्ट ग्राहक सेवा को भी सराहा। हरे कृष्णा ज्वेलर्स के अधिष्ठाता संतोष कुमार अग्रवाल ने ग्राहकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य ग्राहकों को पुराने सोने का सर्वोत्तम मूल्य उपलब्ध कराना है। साथ ही, उन्हें नवीनतम डिजाइन की गुणवत्तापूर्ण ज्वेलरी भी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
पारदर्शी नीति और ग्राहक लाभ: इस स्कीम के तहत ग्राहकों को अपने पुराने सोने का उचित और पारदर्शी मूल्य मिला। उन्हें नई ज्वेलरी खरीदने का अवसर प्राप्त हुआ। साथ ही, नई ज्वेलरी पर 30 फीसदी तक बनवाई शुल्क की विशेष छूट भी दी गई। इस नीति ने ग्राहकों के बीच विश्वास बढ़ाया।
युवा चेतना ने जरूरतमंदों को दिए कूलर
भीषण गर्मी के बीच युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट समेत विभिन्न मोहल्लों में ज़रूरतमंदों के बीच कूलरों का वितरण किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक समाज के गरीब, वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना ही संगठन का मुख्य लक्ष्य है। रोहित कुमार सिंह ने समाज के सबल वर्ग से निर्बल लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज उनके चलते ही पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। इस सेवा कार्यक्रम में शिवपाल यादव, सत्येंद्र सिंह अप्पू, पप्पू यादव और आदित्य चौबे आदि उपस्थित रहे।
100 श्रमिकों को दिए गमछे, कराया जलपान
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा ने शनिवार को चेतगंज स्थित श्रमिक स्थल पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। 100 श्रमिकों को भीषण गर्मी से बचाव के लिए गमछे और जलपान का वितरण हुआ। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने कहा कि पुरुषोत्तम मास दान-पुण्य का मास है। श्रमिकों की सेवा सम्मान करना संस्था के लिए गर्व की बात है। मौके पर निशा त्रिपाठी, अनीता दुबे, अनिल जायसवाल, विशाल कपूर, ब्रह्मानंद पेशवानी, प्रमोद राम त्रिपाठी मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सेवापुरी विकास खंड के ग्राम पंचायत गोसाईपुर में शनिवार को राष्ट्रीय तकनीकी दिवस के समापन अवसर पर मेरा युवा भारत वाराणसी युवा कार्यक्रम हुआ। खेल मंत्रालय की ओर से शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के युवाओं ने साइकिल रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। पर्यावरण प्रेमी मनीष पटेल ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संचालन राजेश विश्वकर्मा ने किया। ग्राम प्रधान संजय यादव, बृजेश, सुजीत सरोज, रविंद्र पटेल, राधेश्याम पटेल उपस्थित रहे।
नाै विभूतियों का सम्मान, पुस्तक का लोकार्पण होगा
श्री भारतधर्म महामंडल का 125वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को मनाया जाएगा। लहुराबीर स्थित महामंडल परिसर में शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण और स्मारिका का विमोचन होगा। इस अवसर पर 9 विशिष्टजनों को सम्मानित किया जाएगा। कमेटी के सचिव प्यारे सिंह ने बताया कि समारोह में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल और डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु व एमएलसी धर्मेंद्र सिंह शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता श्रीमज्जगद्गुरु देवादित्यनंद सरस्वती करेंगे।
निर्धन के धन राम...सिमरन ने दी प्रस्तुति
सुबह-ए-बनारस के अंतर्गत शनिवार को अस्सी घाट पर युवा कलाकार सिमरन गिरि का गायन हुआ। उन्होंने राग नट भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश प्रस्तुत की, जिसके बोल थे- तन धन की कौन बड़ाई...। इसके बाद द्रुत एकताल में निबद्ध बंदिश देखो मनमोहन प्रात...प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन भजन निर्धन के धन राम... से किया। तबले पर राकेश रौशन एवं संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह ने संगत की। कलाकारों को प्रमाणपत्र पं. रमेश तिवारी ने प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रेम नारायण ने किया।
अखंड पाठ से शुरू हुआ शृंगार महोत्सव
वाराणसी। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में काशी किराना व्यापार मंडल की ओर से किराना व्यवसायियों की ओर से शनिवार को अखंड रामायण का पाठ शुरू हुआ। अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्त ने बताया कि गोला दीना नाथ किराना मार्केट में रविवार को 11 बजे से श्री दीनबंधु दीनानाथ बाबा एवं बरवा बाबा का शृंगार होगा। भंडारे में भक्ति प्रसाद ग्रहण करेंगे।
कथक से की देवों की आराधना
काशी वंदन में शनिवार को नमो घाट पर कथक की युगल प्रस्तुति मनभावन रही। समृद्धि तिवारी और तनु गुप्ता ने पारंपरिक कत्थक के साथ भाव नृत्य से देवों की आराधना की। उन्होंने पारंपरिक कत्थक में उठान, तोड़ा और तिहाइयों से सभी को मुग्ध कर दिया। कलाकारों को सम्मानित किया गया। संयोजन और धन्यवाद पंडित अंशुमान महाराज ने किया।
मास शिवरात्रि पर विश्वनाथ मंदिर में रही भीड़
वाराणसी। मास शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर शिव मंदिर में दर्शन पूजन किया। उन्होंने सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना की। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भीड़ रही। दोपहर बाद भक्तों की कतार लगी रही। सन आरती तक भक्तों ने दर्शन किया। वहीं अन्य शिवालियों में भी दर्शन पूजन के लिए भक्त पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक कर दर्शन किया।
छात्रों से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर की चर्चा
आईएमएस बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में हुई कार्यशाला में ड्यूटी के दौरान संवेदनशील संवाद एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने छात्रों के साथ संवाद के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह सुरक्षा कर्मियों को दी। विश्वविद्यालय के वेलबीइंग सर्विसेज सेल की ओर से हुई कार्यशाला में कुलपति ने कहा कि सुरक्षा कर्मी विवि में सुरक्षित, संरक्षित एवं छात्र-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कर्तव्यों के निर्वहन में सदैव सतर्क एवं सजग रहने की आवश्यकता है।
छात्रों के साथ संवाद के दौरान संवेदनशीलता, सहानुभूति और प्रभावी संप्रेषण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाना एक सहयोगी, समावेशी एवं सकारात्मक विश्वविद्यालयी वातावरण के निर्माण के लिए आवश्यक है। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया, छात्र अधिष्ठाता का कार्यभार देख रहे प्रो. फतेह बहादुर सिंह सहित प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।
तकनीकों से आधुनिक कृषि बढ़ाती है किसानों की आय
चोलापुर समुन्नती फाउंडेशन एवं मैरिको इनोवेशन फाउंडेशन के सहयोग से चोलापुर कल्याण फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में शनिवार को सब्जी उत्पादक किसानों के लिए एक विशेष एक्सपोजर विजिट (परिभ्रमण कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चोलापुर विकासखंड के विभिन्न गांवों से लगभग 40 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल तुड़ाई के बाद होने वाले नुकसान (पोस्ट हार्वेस्ट लॉस) को कम करने तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि के प्रति जागरूक करना था।
एनटीपीसी की परीक्षा के लिए रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से 13 से 21 जून तक ट्रेनों का संचालन होगा। इससे दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन नंबर 05149 वाराणसी सिटी-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन वाराणसी सिटी से शाम 7:30 बजे चलकर सारनाथ, औड़िहार, जखनियां होते हुए मऊ रात 9:20 बजे पहुंचेगी। यहां से बेल्थरा रोड, लार रोड, देवरिया होते हुए गोरखपुर रात 2:15 बजे पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 05150 गोरखपुर-वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी 14 जून से 21 जून तक गोरखपुर से भोर में 3:15 बजे चलकर देवरिया, भटनी, मऊ, जखनियां और औड़िहार होते हुए वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर सुबह 9:15 बजे पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार अनारक्षित कोचों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
उधर, उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 04206 लखनऊ-वाराणसी स्पेशल (अयोध्या कैंट मार्ग से) को 13 जून की शाम 7 बजे लखनऊ से चलाया गया है। ट्रेन नंबर 04208 वाराणसी-गया स्पेशल (पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग से) भी शाम 7 बजे चलाई गई। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलने से यात्रियों की राह आसान होगी।
न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठने वाली महिला के खिलाफ दरोगा ने दर्ज कराई प्राथमिकी
कैंट थाने में शिवपुर क्षेत्र निवासी वंदना गुप्ता के खिलाफ न्यायिक कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, वंदना गुप्ता 12 जून को एडीजे-1 की अदालत में पहुंचीं और कथित तौर पर न्यायाधीश की कुर्सी पर जाकर बैठ गईं। न्यायालय कर्मियों द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद वह कुर्सी से नहीं उठीं, जिससे न्यायालय की कार्यवाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न हो गया। आरोप है कि महिला के इस कृत्य से न्यायिक कार्य में बाधा पहुंची तथा सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न हुआ। कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पेपर लीक : पल्लवी पटेल करेंगी प्रदर्शन
पेपर लीक मामले के खिलाफ अपना दल कमेरावादी की नेता और सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल 15 जून को काशी में प्रदर्शन करेंगी। पार्टी के प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने बताया कि विरोध मार्च काशी हिंदू विश्वविद्यालय, लंका के मुख्य द्वार से निकलेगा, जो प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक जाएगा। इसके माध्यम से नीट पेपर लीक समेत लेखपाल भर्ती परीक्षा, यूपीएसआई और पुलिस भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी एवं दक्षता परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों का विरोध किया जाएगा।
आयुष विंग में गया रजिस्ट्रेशन काउंटर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते पुराने अस्पताल भवन को खाली कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में अस्पताल प्रशासन ने पर्ची काउंटर और दवा वितरण काउंटर को आयुष विंग में शिफ्ट कर दिया है। अस्पताल के एमएस डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि शनिवार से आयुष विंग में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पर्ची बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मरीजों की सुविधा के लिए कुल 6 काउंटर बनाए गए हैं। इनमें बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग से विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई है।
बिजली समस्या की 1912 पर करें शिकायत
जिले में बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नया कनेक्शन लेने, स्मार्ट मीटर संबंधी गड़बड़ी, गलत बिजली बिल के साथ ही सोलर संबंधी समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्थानीय स्तर पर भिखारीपुर एमडी कार्यालय में 1912 का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां शिकायत का समाधान कराया जा रहा है।
डीजीपी आज करेंगे कानून और व्यवस्था की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा भी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण शनिवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। डीजीपी रविवार की सुबह पुलिस लाइन में कमिश्नरेट, जोन, रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ ही जिले के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध नियंत्रण, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर बैठक करेंगे। दोपहर में शहर के जनप्रतिनिधियों के साथ चाय पर चर्चा करेंगे। इससे पहले वह मीडिया से भी मुखातिब होंगे।
डीजीपी ने शनिवार की शाम गंगा आरती भी देखी और नमो घाट से क्रूज पर सवार होकर गंगा घाटों को निहारा। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और गंगा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा भी की। डीजीपी के शहर आगमन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस चौकन्ना रही। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। जिस रूट से डीजीपी गए, उस मार्ग को पहले ही संबंधित थाने की फोर्स ने खाली कराया था। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने डीजीपी का स्वागत किया।
शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती
फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी रामलीला मैदान में शनिवार शाम एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती शाम करीब 6 बजे रामलीला मैदान स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान युवती बच्चों को हाथ हिलाते हुए टावर की ओर बढ़ी और देखते ही देखते उस पर चढ़ गई। बच्चों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। टावर 8 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल के भीतर स्थित है और उसका गेट भी बंद था। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति से शिक्षा व्यवस्था में समानता, रिसर्च को मिलेगी नई दिशा
बीएचयू में दीनदयाल उपाध्याय पीठ की ओर से हुए व्याख्यान में वक्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति से जुड़े बिंदुओं पर खुलकर बातचीत की। बतौर मुख्य वक्ता मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवींद्र डी कुलकर्णी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति से शिक्षा व्यवस्था में समानता आएगी। रिसर्च को भी नई दिशा मिलेगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को समानता से आगे बढ़ाकर न्यायपूर्ण अवसर (इक्विटी), बौद्धिक मुक्ति की दिशा में ले जाना है।
मुख्य वक्ता प्रो. कुलकर्णी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन विदेशी या विशुद्ध पूंजीवादी शिक्षा मॉडलों के स्थान पर एक सशक्त भारतीय विकल्प प्रस्तुत करता है, जो उत्कृष्टता और समता के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने 2020 से 2026 के बीच राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत हुए प्रमुख नीतिगत विकासों की विस्तृत चर्चा की। इनमें वर्ष 2022 में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा जारी 3 एवं 4 वर्षीय स्नातक कार्यक्रमों के लिए पाठ्यचर्या रूपरेखा, अनुवादिनी सॉफ्टवेयर के माध्यम से भारतीय भाषाओं का एकीकरण, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स, पीएचडी कार्यक्रम शामिल हैं।
प्रो. कुलकर्णी ने राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क (एनसीआरएफ) को एक एकीकृत मेटा-फ्रेमवर्क बताया। जो विभिन्न स्तरों पर अधिगम, मूल्यांकन को समन्वित करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महाराष्ट्र सरकार एवं मुंबई विवि के प्रयासों की सराहना की।