Varanasi News Today: ज्ञानवापी...चादर चढ़ाने के केस में सुनवाई 30 मार्च को, एक्स-रे के बहाने छेड़छाड़; खबरें
Varanasi News: ज्ञानवापी परिसर में उर्स और अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने के मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। अगली सुनवाई की तारीख 30 मार्च तय की गई है। वहीं, सीएचसी चोलापुर में एक्स-रे कराने के बहाने महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले का आरोपी गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: ज्ञानवापी परिसर में उर्स और अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने के मामले में दायर निगरानी अर्जी पर बृहस्पतिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अदालत में अगली सुनवाई अब 30 मार्च को होगी। बताया गया कि पिछले महीने न्यायाधीश अनिल कुमार शुक्ला के दूसरे जनपद में स्थानांतरण होने के कारण अदालत का पद रिक्त है, जिससे मामले की सुनवाई नहीं हो पाई।
प्रकरण के अनुसार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) फास्ट ट्रैक कोर्ट ने ज्ञानवापी परिसर में उर्स करने और अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने की अनुमति से संबंधित मुख्तार अहमद के वाद में कुछ हिंदू पक्षकारों को तृतीय पक्षकार बनाने का आवेदन स्वीकार कर लिया था। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अहमद ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की है। निगरानीकर्ता की ओर से कहा गया कि ज्ञानवापी परिसर में तीन दृश्य मजार और एक अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने, फातिहा पढ़ने और वार्षिक उर्स का आयोजन पहले से होता रहा है, जो मस्जिद परिसर के अंदर है।
चेक बाउंस के मामले में मिली दो साल की सजा, मूल के साथ छह प्रतिशत ब्याज देने का आदेश
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय समाली मित्तल की अदालत ने चेक बाउंस के एक मामले में बजरंग नगर लोहता निवासी परमेश्वर प्रसाद चौबे को दोषी पाते हुए दो साल की सजा सुनाई। साथ ही अभियुक्त को चेक की मूल धनराशि 10 लाख रुपये के साथ उस पर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से परिवादी को देने का आदेश दिया है।
चिलबिला बड़ागांव निवासी संतोष कुमार मिश्रा ने परिवाद में कहा कि वादी और अभियुक्त रिश्तेदार हैं। पूर्व में एक-दूसरे के सुख-दुख में सहयोग करते रहे हैं। अभियुक्त ने अपनी निजी और आर्थिक आवश्यकताओं के लिए वादी से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। छह महीने में धनराशि वापस करने का आश्वासन दिया था।
विश्वास दिलाने के लिए अभियुक्त ने वादी को 10 लाख रुपये का एक चेक भी दिया था। परिवादी के अनुसार, तीन महीने बाद अभियुक्त ने चेक वापस ले लिया और कहा कि वह महीने बाद पूरी धनराशि लौटा देगा। हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की।
इसके बाद विश्वास दिलाते हुए अभियुक्त ने फिर से 10 लाख का अन्य चेक दिया। जब परिवादी ने चेक को बैंक में डाला तो वह बाउंस हो गया। परिवादी ने कई बार अभियुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया और विधिक नोटिस भी भेजा। लेकिन अभियुक्त की ओर से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके बाद वादी ने न्यायालय में परिवाद दाखिल कर अभियुक्त पर कार्रवाई की मांग की।
एक्स-रे के बहाने छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में एक्स-रे कराने के बहाने महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले का आरोपी शत्रुधन मिश्रा निवासी गोपालगंज बिहार को पुलिस ने सीएचसी परिसर से गिरफ्तार किया। आरोपी अस्पताल में एक्स-रे से संबंधित कार्य करता था। 6 मार्च को पीड़िता ने थाना चोलापुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सीएचसी चोलापुर में एक्स-रे कराने के दौरान आरोपी ने छेड़छाड़ की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धाराएं बढ़ाई गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पैसे के लिए आढ़ती से मारपीट, पांच पर प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी में बुधवार को पैसे के विवाद को लेकर आरोपियों ने आढ़ती आफताब आलम उर्फ चांद की पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गुलजार, राजू, शफीक, परवेज और मोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आफताब ने बताया कि आरोपियों ने उसे अपने आढ़त पर बुलाया और पैसे की मांग करने लगे। उसने दो दिन का समय मांगा तो आरोपी गुस्से में आ गए और मारपीट करने लगे। मारपीट में उसकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग हैं और आए दिन मारपीट करते हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
निजी पार्किंग संचालकों से नगर निगम ने तलब किया ब्योरा
शहर को जाम के जंजाल से मुक्त कराने के लिए नगर निगम पार्किंग प्रबंधन को व्यवस्थित करने में जुटा है। बृहस्पतिवार को स्मार्ट सिटी सभागार में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने की। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालकों को अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया।
निगम ने निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह में पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या, खाली स्पेस और संचालन पर होने वाले खर्च का विस्तृत विवरण मांगा है। नगर आयुक्त ने दो-टूक कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है। दरअसल, पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार आपत्तियां मिल रही थीं। इनके तार्किक निस्तारण के लिए निगम ने डेटा मांगा है ताकि शुल्क का निर्धारण सही ढंग से किया जा सके।
प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को देख निगम ने पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था पर बल दिया है। नगर आयुक्त ने ऑटो और ई-रिक्शा के लिए ऐसे स्थल चिह्नित करने के सुझाव मांगे गए हैं। जहां चालक सिर्फ सवारी उतारेंगे और तुरंत वहां से निकल जाएंगे। इन स्थलों पर ऑटो खड़ा करने की सख्त मनाही होगी। इस नई व्यवस्था पर विचार करने के लिए ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने निगम से 15 दिन का समय मांगा है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी पार्किंग संचालक, सार्वजनिक पार्किंग के ठेकेदार और ऑटो यूनियन के पदाधिकारी शामिल रहे।
अर्दली बाजार से भोजूबीर तक पुलिस ने किया गश्त
शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर एडिशनल सीपी अपराध आलोक प्रियदर्शी ने मय टीम बृहस्पतिवार को थाना कैंट क्षेत्र के अर्दली बाजार से भोजूबीर चौराहा तक पैदल गश्त किया। पुलिस टीम ने मार्ग में लगे अतिक्रमण को हटवाया तथा दुकानदारों और राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। एडिशनल सीपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बनाए रखने, अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई करने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया।
सीएम की मां पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में पुतला फूंका, प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
सीएम योगी की मां के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में बृहस्पतिवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पिंडरा में प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रमईपुर चौराहे पर बिहार निवासी आरोपी अब्दुल्लाह सलीम का पुतला फूंककर नारेबाजी की और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में निर्मल सिंह धीरू, नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, सौरभ सिंह, पंकज प्रजापति, विवेक कुमार सिंह, आनंद चौबे रहे।
चोरी के मामले में एक महीने बाद प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के लालपुर में राजकीय हाईस्कूल में दीवार में सेंध लगाकर चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने सात फरवरी की रात आईसीटी लैब की दीवार तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और अंदर रखा प्रिंटर चोरी कर लिया। विद्यालय प्रशासन की शिकायत पर सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब के निर्देश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। विद्यालय में 27 जनवरी को भी चोरी हुई थी, लेकिन उस समय प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गलत तरीके से वाहनों को खड़ा कराने के मामले में लॉन मालिक पर प्राथमिकी दर्ज
आकाशवाणी तिराहे के पास लॉन के सामने वाहनों को खड़ा करने की वजह से जाम लग गया। पुलिस ने लॉन संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। साथ ही वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 11 मार्च को आकाशवाणी तिराहे के पास टंडन लॉन में शादी समारोह था। लोगों ने बेतरतीब तरीके से अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिया। इसकी वजह से जाम लग गया। जाम छुड़ाने में पुलिस को घंटों लग गए। पहले भी हिदायत दी गई थी।
मुआवजे की मांग व ठेकेदार की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने घेरा थाना
सारनाथ के नई बाजार पतेरवा में छत की ढलाई करते समय शटरिंग टूटने से हुई किशोर की मौत के बाद ठेकेदार की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों व लोगों ने थाने का घेराव किया। आरोप है कि सात दिन बाद भी पुलिस ठेकेदार को गिरफ्तार नहीं कर पाई। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। तीन मार्च को छत की ढलाई के दौरान शटरिंग टूटने से घुरहूपुर के विक्की राजभर (17) की मौत हो गई। पिता दिनेश की तहरीर पर मकान मालिक, ठेकेदार व शटरिंग कर्मी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया गया।
चौखंडी पैक्स कार्यालय का ताला काटकर चोरी का प्रयास
जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी में बहुउद्देशीय प्राथमिक ऋण सहकारी समिति (पैक्स) कार्यालय में बुधवार देर रात चोरों ने ताला काटकर सोलर पैनल की बैटरी चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, बैटरी को चोर अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सके और बृहस्पतिवार सुबह गोदाम के पास खड़ंजे पर मिली। केंद्र प्रभारी रोहित मौर्या जब कार्यालय पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की। कार्यवाहक थाना प्रभारी अजय कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ट्रक में डंपर ने मारी टक्कर, चालक घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के सामने संदहा बभनपुरा रिंगरोड पर खड़े कोयला लदे ट्रक में पीछे से आ रहे एक डंपर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में डंपर चालक चालक गुड्डू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिचालक को मामूली चोटें आई हैं। आजमगढ़ निवासी चालक गुड्डू यादव को झपकी आ गई और उसने ट्रक में टक्कर मार दी। डंपर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस चालक को अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी बीरेंद्र सोनकर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
किशोरी के अपहरण में आरोपी सहयोगी गिरफ्तार
बड़ागांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार दोपहर बसनी से किशोरी के अपहरण में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि किशोरी के अपहरण में सहयोग करने के आरोपी सरफराज निवासी हरहुआ डीह क्षेत्र में है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में बड़ागांव पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किशोरी को बरामद कर मुख्य आरोपी वारिश हाशमी को गिरफ्तार किया था।
कांग्रेस ने की ईडब्ल्यूएस की समयसीमा को तीन साल करने की मांग की
ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र को लेकर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को ज्ञापन सौंपा गया। मांग रखी कि ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र की वैधता की समयसीमा को तीन वर्ष किया जाए। ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र की यह प्रक्रिया तार्किक रूप से सही नहीं है। आय प्रमाण पत्र तीन वर्ष के लिए जारी होता है। उसी आय प्रमाण पत्र के आधार पर ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।
जब आय प्रमाण पत्र जारी होने से तीन वर्ष तक मान्य है, तो उसी आय प्रमाण पत्र के आधार पर जारी ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र खाली वित्तीय वर्ष के लिए ही मान्य क्यों। कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस के पदाधिकारी मुख्यमंत्री आवास के सामने आमरण अनशन पर बैठेंगे। इस दौरान कांग्रेस विधि विभाग के जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार पंडित, आनंद कुमार सिंह एडवोकेट जयप्रकाश पटेल, रितुराज दूबे मौजूद रहे।
शहरों के अत्याधुनिक विकास में रिसर्च-तकनीक से सहयोग देगा आईआईटी बीएचयू
देशभर के शहरों के अत्याधुनिक विकास के लिए आईआईटी बीएचयू और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हडको) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्तक्षार हुए। इसके तहत शहरी निर्माण और सतत शहरी विकास से संबंधित कई तरह के रिसर्च और तकनीकी नॉलेज साझा किए जाएंगे। बृहस्पतिवार को संस्थान में हडको के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार और आईआईटी के डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
अब शहरी स्थानीय निकायों और नगर निगमों के लिए क्षमता निर्माण, नीति अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह सहयोग हडको की अर्बन इन्वेस्ट विंडो पहल के तहत किया गया है। हडको, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है। समझौते के दौरान हडको के संयुक्त महाप्रबंधक संजय कुमार, आईआईटी के डॉ. रबी नारायण मोहंती, डॉ. ईवी एस. किरण कुमार, उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप मौजूद रहे।
शिक्षा मित्र के घर पहुंचे एमएलसी व बीईओ, अध्यापकों से एकत्र धनराशि सौंपी
चौबेपुर क्षेत्र के कौवापुर गांव के निवासी और प्राथमिक विद्यालय के शिक्षा मित्र शेख मोहम्मद असगर की पीलिया से बुधवार को मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर टीएमसी चोलापुर चंदन विश्वकर्मा के नेतृत्व 20 अध्यापकों ने धनराशि एकत्रित कर खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज के साथ घर पहुंच कर परिजनों को सौंप दी। नागेंद्र सरोज ने बताया कि शिक्षा मित्र ने स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देकर 14 फरवरी को ड्यूटी से मुक्त रहने का प्रार्थना पत्र दिया था।
16 फरवरी को एसडीएम ने एसआईआर ड्यूटी से नाम हटा दिया। शिक्षा मित्र की जगह सुपरवाइजर के रूप में जितेंद्र कुमार और रामजनम की ड्यूटी लगा दी गई थी। दुख की घड़ी में बेसिक शिक्षा परिवार के साथ खड़ा है। इस मौके पर योगेंद्र यादव, बसंत यादव, बनारसी यादव, दुर्गेश चौबे रहे। घटना की सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा भी अपने समर्थकों के साथ शिक्षा मित्र के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
नारी सशक्तीकरण पर नाटक, शिव वंदना की प्रस्तुति रही खास
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महिला दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम से महिलाओं ने अपना हुनर दिखाया। नारी सशक्तीकरण पर आधारित नाटक से उन्होंने दर्शकों को अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई। बरेका सिनेमा हाॅल में समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा गौरी श्रीवास्तव ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत में पूजा चौधरी के निर्देशन में खुशी वर्मा ने शिव वंदना की प्रस्तुति दी।
इसके बाद करुणा सिंह ने कविता पाठ, निशा, दीप्ति गुप्ता, नीतू जैसवार ने गीतों से मनमोह लिया। होली नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। राष्ट्र के विकास और समाज के सशक्त निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान डॉ. रचना अग्रवाल, डाॅ. मधुलिका सिंह ने विचार रखे। कार्यक्रम में गुरमीत कौर, श्वेता श्रीवास्तव, ऋतिका सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनुजा खरे आदि मौजूद रहीं।
संस्कारों से ही सभ्य और सुसंस्कृत समाज का निर्माण : संत प्रवणानंद
ओंकालेश्वर मंदिर से आए 30 साधु-संतों का दल बृहस्पतिवार को श्री कच्चा बाबा आश्रम जाल्हूपुर पहुंचा। यहां दर्शन-पूजन के बाद आश्रम के महात्म्य के बारे जानकारी ली। इस दौरान हुए सत्संग में स्वामी प्रणवानंद सरस्वती एवं संत राघवानंद ने जीवन, संस्कार और ईश्वर भक्ति पर विचार रखे। संत राघवानंद महाराज ने कहा कि संस्कारों से ही एक सभ्य और सुसंस्कृत समाज का निर्माण संभव है। किसी भी बच्चे के जीवन में संस्कारों की नींव उसके घर से ही पड़ती है।
माता-पिता ही बच्चों के प्रथम गुरु होते हैं और उनसे ही उन्हें अच्छे संस्कार मिलते हैं। यदि माता-पिता स्वयं धर्म के मार्ग पर चलेंगे और सत्संग में रुचि लेंगे, तो उनकी संतान भी सदाचारी और धर्मपरायण बनेंगे। संतों ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें संसार और परमार्थ के बीच संतुलन बनाकर चलने की शिक्षा देती है। जीवन रूपी नैया को पार लगाने के लिए सत्संग की सरिता में डुबकी लगाना होगा।
काशी विद्यापीठ में रासेयो स्वयंसेवकों ने निकाली जागरूकता रैली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गंगापुर परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना(रासेयो) स्वयंसेवकों ने बृहस्पतिवार को जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान कॉलेज के आसपास के इलाके में लोगों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया। रासेयो के सात दिवसीय शिविर में अलग-अलग प्रतियोगिताओं, कार्यक्रमों में स्वयंसेवक बढ़चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं।
गंगापुर परिसर से निकली रैली गंगापुर बाजार होते हुए आसपास के गांव पहुंची। यहां स्वयंसेवकों ने स्लोगन से लोगों को बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक किया। गंगापुर परिसर प्रभारी डाॅ.मनीष कुमार सिंह ने कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत है। इस दौरान वाद-विवाद, गायन, निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में स्वयंसेवकों ने भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने आरटीई शुल्क प्रतिपूर्ति और टैक्स में छूट की मांग की
चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट स्थित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निजी विद्यालयों के सामने आ रहीं आर्थिक समस्याओं के समाधान की मांग की। एसोसिएशन ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत मिलने वाली शुल्क प्रतिपूर्ति, नगर निगम के विभिन्न टैक्सों में छूट और अभिभावकों को दी जाने वाली सहायता राशि के भुगतान पर प्रशासन का ध्यान खींचा।
एसोसिएशन के अनुसार सत्र 2025-26 के लिए आरटीई के तहत मिलने वाली शुल्क प्रतिपूर्ति कई विद्यालयों को या तो बहुत कम मिली और कुछ को अबतक नहीं मिली। कुछ विद्यालयों का पिछले सत्रों का भुगतान भी लंबित है। एसोसिएशन ने सत्र 2025-26 के लिए अभिभावकों को दी जाने वाली 5000 रुपये की सहयोग राशि के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल, प्रदेश महासचिव नरेंद्र शर्मा, संरक्षक विनोद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष हीरालाल बिंद, जिलाध्यक्ष महिला रुद्राणी हीरालाल बिंद, राम सकल सिंह मौजूद रहे।
काशी की दो बेटियों का इसरो शैक्षिक भ्रमण के लिए चयन
सेवापुरी ब्लाॅक के चित्रसेनपुर गांव के कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा आठवीं की छात्रा शीतांजलि पटेल और कंपोजिट विद्यालय कबीर चौरा की आठवीं की छात्रा श्रद्धा पांडेय का नाम इसरो शैक्षिक भ्रमण के लिए चयनित हुआ। इसकी सूचना मिलने पर गांव में खुशी का माहौल है। ग्राम प्रधान राजकुमारी देवी ने छात्रा शीतांजलि पटेल के घर पहुंच बधाई दी।
श्रद्धा वाराणसी में जिला स्तरीय विज्ञान आविष्कार प्रतियोगिता में पहला और शीतांजलि दूसरा स्थान प्राप्त कर इसरो में शैक्षिक भ्रमण के लिए चयनित हुईं। चित्रसेनपुर कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नदीम फातिमा ने बताया कि इसरो भ्रमण के लिए विद्यालय की छात्रा का नाम आने पर पूरे विद्यालय में हर्ष का माहौल है। शीतांजली पटेल राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में भी सफल हुई हैं।
19 मार्च से ललिता घाट से गूंजेगी गंगा आरती, दो और घाटों पर भी तैयारी
गंगा आरती का दायरा और बढ़ने जा रहा है। हिंदू नव वर्ष के पहले दिन 19 मार्च से ललिता घाट पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गंगा आरती शुरू होगी। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन दो और घाटों पर भी आरती शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। ललिता घाट पर गंगा आरती शुरू कराई जाएगी। यह आरती प्रतिदिन शाम 6:45 बजे शुरू होगी और करीब 45 मिनट तक चलेगी। इसमें सात अर्चक नमो घाट की तर्ज पर विधि-विधान से आरती करेंगे।
दरअसल, मंदिर प्रशासन गंगा आरती के दायरे को और बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। ललिता घाट पर आरती शुरू होने के बाद दो और घाटों पर आरती शुरू कराने की तैयारी है। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने संभावित घाटों की तलाश भी शुरू कर दी है। योजना पूरी होने पर मंदिर न्यास की ओर से चार घाटों पर गंगा आरती आयोजित की जाएगी। इससे पहले पिछले वर्ष आठ अक्तूबर को मंदिर न्यास की ओर से नमो घाट पर मां गंगा की दैनिक आरती शुरू कराई गई थी।
रंग महोत्सव में अबीर-गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियों से खेली होली
विदुषी महिला मंडल की ओर से बृहस्पतिवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में होली उत्सव मना। कार्यक्रम गीत, संगीत, लघु नाटक और हास्य-व्यंग्य की फुहार से सराबोर रहा। विदुषी महिला मंडल की सदस्यों ने अबीर-गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेली और एक दूसरे को होली की बधाई दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में महिलाओं ने लक्ष्मीबाई के जुझारू रण कौशल दिखाया। वाणी अग्रवाल, वर्षा जैन, प्रियंका अग्रवाल, मेनका अग्रवाल, एकता अग्रवाल ने इस कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। चिता भस्म का शृंगार कर मनीषा रानी, विजया वर्मा, पूजा यादव, वंदना यादव ने झूमर नृत्य प्रस्तुत किया। मीना सिंह, गरिमा टकसाली ने काल पन्ना धाय के महत्व को दर्शाया।
संस्थापिका मनीषा अग्रवाल, हिमानी जायसवाल, पूजा आहूजा, शोभा अग्रवाल, श्वेता भंडूला, रश्मि सिंह, श्वेता अग्रवाल, शालिनी मेहता, रूबी जायसवाल, नीलम अरोड़ा ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। संचालन योजिका मीना सिंह व गरिमा टकसाली ने किया। इस दौरान वर्षा जैन, नीलम अरोड़ा, मृदुला यादव, विजया वर्मा, वाणी अग्रवाल मौजूद रहीं। संस्थापिका मनीषा अग्रवाल ने सभी को नवरात्र के लिए पूजन सामग्री की पिटारी भेंट की।
इंटरलाॅकिंग कार्य का महानगर अध्यक्ष ने किया शिलान्यास
कैंट विधानसभा के अंतर्गत सिगरा वार्ड संख्या 53 में इंटरलाॅकिंग कार्य का शिलान्यास बृहस्पतिवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया। यहां 77 मीटर सड़क का निर्माण होना है, जिसकी लागत करीब सात लाख रुपये आएगी। इस दौरान अनिल श्रीवास्तव, सिंधु सोनकर, पुन्नू लाल बिंद, सुधीर जायसवाल, सुमित मौर्य आदि मौजूद रहे।
सर्वे कर खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को कराएं दुरुस्त
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को स्मार्ट सिटी सभागार में बैठक हुई। इसमें आगामी नवरात्रि सहित अन्य त्योहारों के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में मार्ममें प्रकाश व्यवस्था बेहतर और सुचारु बनाए रखने पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि शहर के सभी वार्डों में स्थापित स्ट्रीट लाइटों का तत्काल सर्वे कर खराब और बंद पड़ी लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए ताकि त्योहारों के दौरान शहरवासियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था मिल सके।
आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है। वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं। संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। प्रत्येक वार्ड की प्रकाश व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
दूसरे तल पर शिफ्ट हुआ नगर आयुक्त कार्यालय
नगर निगम के नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसी के दृष्टिगत नगर आयुक्त का कार्यालय पहली मंजिल से दूसरी मंजिल पर शिफ्ट हो गया है। साथ ही बिल्डिंग भी बदल चुकी है। अब मेयर के कार्यालय वाली बिल्डिंग में दूसरी मंजिल पर कार्यालय बना है, जहां फरियादियों की आवाजाही लगी है। नगर निगम के प्रधान कार्यालय में उत्तरी छोर पर संचालित नगर निगम कार्यालय के स्थान पर नया बहुमंजिला भवन बनाया जाएगा।
70,000 वर्ग फीट की भूमि पर सात मंजिला, आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनाया जाएगा। शासन से 98 करोड़ रुपये की धनराशि का आवंटन भी हो गया है। इसी भवन में नगर निगम का सदन कक्ष एवं समस्त विभागों को एक ही भवन में कार्यालय चलाने का स्थान दिया जाएगा। इस कार्यालय के पीछे नगर निगम पुलिस चौकी और डाकघर है। इसके अलावा, यहां पर नगर निगम का रिकाॅर्ड रूम है, जिसे खाली कराया जा रहा है।
लालापुर स्टेडियम ने सिगरा को एक गोल के अंतर से हराया
खेल की ओर से जिलास्तरीय जूनियर बालक फुटबॉल बृहस्पतिवार को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई। इसमें कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल सिगरा और लालपुर फुटबॉल छात्रावास के बीच हुआ। इसमें लालपुर छात्रावास की टीम में सिगरा स्टेडियम की टीम को 2-1 गोलों से हरा दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों का स्कोर एक-एक गोल से बराबरी पर रहा लेकिन फुटबॉल छात्रावास की टीम ने चौथे क्वार्टर में गोल कर मैच जीत लिया। उद्घाटन क्षेत्रीय पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी ने किया। मौके पर जयराम, कनाईचंद तलापात्रा, अवधेश पटेल मौजूद रहे।
269 के लक्ष्य के सामने द क्रिकेट बॉयज 145 पर ऑलआउट
ओम वर्मा की बल्लेबाजी और मार्कंडेय की गेंदबाजी से विवेक सिंह क्लब क्रिकेट सीनियर जिला लीग के फाइनल में पहुंच गई। बाबू तेलंग मेमोरियल जिला सीनियर लीग में सीनियर वर्ग के फाइनल में विवेक सिंह क्रिकेट क्लब ने द क्रिकेट बॉयज को हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विवेक सिंह क्रिकेट क्लब ने 35 ओवरों में 268 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द क्रिकेट बॉयज की टीम 26.2 ओवर में 145 रन पर ऑलआउट हो गई।
आज से 3 दिन नेपाल के लोकतांत्रिक संकट और राजनीति पर चर्चा करेगा बीएचयू
बीएचयू के केएन उडुपा ऑडिटोरियम में शुक्रवार से नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा पर तीन-दिन के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ होगा। बीएचयू के नेपाल अध्ययन केंद्र की ओर से 13 से 15 मार्च तक वहां के राजनैतिक संकट का समाधान खोजा जाएगा। सम्मेलन में भारत और नेपाल के विद्वान, नीति-विशेषज्ञ और शोधार्थी आएंगे। नेपाल के लोकतांत्रिक बदलाव, संवैधानिकता, शासन-क्षमता व जवाबदेही, युवा सहभागिता और दक्षिण एशिया की भू-राजनीति जैसे विषयों पर बात करेंगे। जेएनयू के प्रो. एसडी मुनि और सिक्किम केंद्रीय विवि के पूर्व कुलपति प्रो. महेंद्र पी लामा आएंगे। नेपाल के संयुक्त राष्ट्र में पूर्व स्थायी प्रतिनिधि शंभु राम सिमखड़ा भी होंगे।
कार्यक्रम का विवरण : पहले दिन - पंजीकरण, उद्घाटन सत्र, सांस्कृतिक संध्या और गाला डिनर। दूसरे दिन - राजनीति विज्ञान विभाग, समन्वय भवन में संवैधानिकता, शासन-क्षमता, समावेशन, मानवाधिकार, संघवाद-विकास, राजनीतिक वैधता और गणतंत्र-राजशाही विमर्श, विदेश नीति, भू-राजनीति, कनेक्टिविटी और युवा व राजनीतिक संचार पर अलग-अलग सत्र होंगे। तीसरे दिन - संबोधि सभागार, समता भवन में समापन या दीक्षांत सत्र। पैनल रिपोर्टिंग और समापन वक्तव्य के साथ कार्यक्रम होगा।
पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी एवं व्यापार मेले का समापन, शिल्पकारों के हुनर को मिला बाजार
चांदपुर स्थित औद्योगिक आस्थान प्रशासनिक ब्लॉक कैंपस (डीआईसी) में आयोजित तीन दिवसीय पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेला का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। प्रदर्शनी के अंतिम दिन उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग मोहन शर्मा और विशिष्ट अतिथि लघु उद्योग भारती के प्रांत सचिव सर्वेश श्रीवास्तव ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर शिल्पकारों के कार्यों की सराहना की। मोहन शर्मा ने कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जुड़कर अपने व्यापार को विस्तार देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की प्रबंधक मुक्ता चटर्जी ने कारीगरों को डिजिटल युग के साथ कदम मिलाने की ट्रेनिंग दी। उन्होंने मर्चेंट क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने और इसके जरिए विपणन सहायता प्राप्त करने के फायदों के बारे में विस्तार से बताया।
एमएसएमई सहायक निदेशक राजेश कुमार चौधरी ने विश्वकर्मा समुदाय के लोगों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रदर्शनी के समापन पर मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी कारीगरों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में एमएसएमई विकास कार्यालय के सहायक निदेशक आरके बरनवाल ने सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्मेष के काव्यपाठ में कृष्णकांत सहित 5 को पुरस्कार
बीएचयू के नगर छात्र निकाय की ओर से आयोजित उन्मेष 2026 के दूसरे दिन काव्य-पाठ प्रतियोगिता हुई। इसमें युवा कवियों ने अपने विचारों और रचनात्मकता से परिचय कराया। युवा कवियों की अभिव्यक्ति में पूरा समाज और संस्कृति का एहसास देखने को मिला। निर्णायकों ने सामाजिक विज्ञान संकाय के कृष्ण कांत मिश्रा (एमए) को पहले पुरस्कार के लिए चुना। महिला महाविद्यालय की लावन्या (बीए) को दूसरा और विज्ञान संकाय की अंशिका आनंद सिंह (एमएससी) को तीसरा पुरस्कार दिया गया। कला संकाय की स्वरूपा मिश्रा (एमए) और प्राणेश प्रिय शुक्ल (बीए) को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राजा सुहेलदेव की मूर्ति पर किया माल्यार्पण
सारनाथ में बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपने समर्थकों के साथ राजा सुहेलदेव की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद छप्पन राजभर के भतीजे के देहावसान पर उनके आवास पर कैबिनेट मंत्री ने जाकर शोक संवेदना जताई। छप्पन राजभर के भतीजे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। वहां अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, हरहुआ ब्लाक प्रमुख विनोद उपाध्याय बब्बू, राकेश उपाध्याय, सुभासपा के जिला अध्यक्ष उमेश राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव आदि मौजूद रहे।
दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी में 125 दिव्यांगों को राज्यमंत्री ने दिए सहायक उपकरण
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से आयोजित दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का शुभारंभ राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने किया। उन्होंने यहां 125 दिव्यांगों को सहायक उपकरण जैसे ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, स्मार्ट केन और आईडी किट प्रदान किए। राज्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ा कर 300 से 1000 रुपये और 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये मासिक कर दी गई है।
इसके अलावा, 18 मंडलीय स्तर पर डीडीआरसी की स्थापना की जा रही है। इस अवसर पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, प्रदेश महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा संजय पटेल, प्रदेश मंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा ज्योति सोनी, सदस्य राज्य सलाहकार उत्तम ओझा, राधा रानी सिंह, जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा महानगर शोभनाथ मौर्या, जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा विजय राज यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिव कैलाशों के वासी… प्रस्तुति से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
नमो घाट पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के परेश बाबा ने भरतनाट्यम की मोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने शिव स्तुति के साथ-साथ मां गंगा और नाग स्तुति भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन महादेव को समर्पित प्रसिद्ध भजन शिव कैलाशों के वासी… पर भावनात्मक नृत्य के साथ हुआ, जिसने दर्शकों के हृदय को छू लिया। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन संयोजक अंशुमान महाराज और तरुण कुमार सिंह ने किया।
भारतीय परंपरा में है पूर्वजों और जीव से प्रेम की बातें: पं. रामाश्रय उपाध्याय
राजातालाब के शाहंशाहपुर में चल रही भागवत महापुराण कथा में बृहस्पतिवार को व्यासपीठ से पं. रामसेवक ने कहा कि केवल मानव मात्र की सेवा से ही परमात्मा की प्राप्ति संभव है। मनीषियों ने मनुष्य में प्रेम और करुणा की भावनाओं को उजागर किया और उन्हें जीवन में अपनाने की शिक्षा दी है। पं. रामाश्रय उपाध्याय ने बताया कि भारतीय शास्त्र सद्व्यवहार और सदाचार की ओर इंगित करते हैं। ऋषि परंपरा ने अपने पूर्वजों और जीव मात्र के प्रति प्रेम से रहने की शिक्षा दी है।
अपने पुरखों को तर्पण परंपरा से स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी इसी परंपरा का हिस्सा है। यह सभी विधियाँ पूर्वजों द्वारा अनुसंधान और अध्ययन के बाद वंशजों को सौंपी गई हैं। यजमान अनिल कुमार मिश्रा, अवधेश मिश्रा और किरण मिश्रा ने आरती की। कथा श्रवण में नील रतन मिश्रा, दीनानाथ मिश्रा, कृष्ण कुमार मिश्रा, रंगनाथ मिश्रा, अंबरीश मिश्रा, नीलमणि मिश्रा, मंसाराम मिश्रा, गोपी यादव, हरिप्रसाद सिंह, वाहिद खां, पीयूष गौरव और प्रशांत मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
रोडवेज को होली पर पिछले साल के मुकाबले 37.57 लाख रुपये की अधिक कमाई
इस वर्ष होली के उल्लास के बीच, जब हवाई सफर की कीमतें आसमान छू रही थीं और ट्रेनों में जगह नहीं थी, तब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों ने पूर्वांचल के यात्रियों के लिए लाइफलाइन का काम किया। वाराणसी परिक्षेत्र के 8 डिपो ने पिछले वर्ष की तुलना में 37.57 लाख रुपये की अतिरिक्त आय दर्ज की है। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कुल 370 बसों का संचालन किया गया। इनमें से 137 बसें विशेष रूप से होली के अवसर पर अतिरिक्त चलाई गई थीं, ताकि किसी भी रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। यह विशेष अभियान 28 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च तक जारी रहा।
108 कलशों से आदिनाथ का अभिषेक
जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म और तपकल्याण दिवस बृहस्पतिवार को भगवान सुपार्श्वनाथ की जन्मस्थली स्थित भदैनी दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। सुबह 108 कलशों से भगवान आदिनाथ का जलाभिषेक किया गया और वृहद शांति धारा एवं पूजन संपन्न हुआ। शाम को 48 दीपों से आदिनाथ की आराधना और आरती आयोजित की गई। पूजन समारोह में बीना जैन, लता जैन, शशि जैन, मनो जैन, रजनी जैन, कुमार स्मृति जैन, ललित जैन और सुरेंद्र कुमार जैन सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।