सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Two accused from solver gang arrested Chaukaghat in connection with TGT exam

Varanasi News Today: टीजीटी में सॉल्वर गिरोह के दो आरोपी चौकाघाट से अरेस्ट, दो लोगों की मौत; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 21 Jun 2026 10:40 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: टीजीटी परीक्षा में सॉल्वर गिरोह के दो आरोपियों को वाराणसी पुलिस ने बीती रात चौकाघाट से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही मंडुवाडीह और आदमपुर थाना क्षेत्र में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Two accused from solver gang arrested Chaukaghat in connection with TGT exam
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: टीजीटी परीक्षा में सॉल्वर गिरोह के दो आरोपियों धीरेंद्र कुमार और गिरिजा शंकर को चेतगंज पुलिस ने बीती रात चौकाघाट से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कूटरचित दस्तावेज मिले। 



बलिया के उभाव थाना क्षेत्र के भिंडकुंड निवासी धीरेंद्र कुमार और बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के बारांवा रती पट्टी निवासी गिरिजा शंकर है। अब तक छह आरोपियों काे गिरफ्तार किया जा चुका है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने चार जून को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कॉलेज में टीजीटी के दौरान मूल परीक्षार्थी की जगह अमृतराज और उसके सहयोगी छोटू कुमार परीक्षा दे रहे थे। दोनों को पकड़ा गया थ। पुलिस ने अमृतराज और छोटू कुमार को चार जून को ही गिरफ्तार कर लिया था। 11 जून को नीतीश कुमार और दौलत कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। 
विज्ञापन


विवेचना के दौरान धीरेंद्र कुमार और गिरिजा शंकर का नाम सामने आया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह आसानी से पैसा कमाने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करते थे। प्रतियोगी छात्रों से संपर्क करते थे। छात्रों का चयन कराने के नाम पर नकद या खाते में पैसे लेते थे। इसके बाद सॉल्वर बैठाने का काम नीतीश कुमार और दौलत कुमार करते थे। 

काम न मिलने से था परेशान, दी जान
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा के बैंक कॉलोनी में शनिवार को पावस मिश्रा (38) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि शनिवार शाम 4.15 बजे सूचना मिली कि बैंक कॉलोनी कंदवा में पावस मिश्रा ने फंदा लगा लिया है। पूछताछ में पता चला कि काफी समय से काम न मिलने के कारण वह तनाव में था। पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी।

नमो घाट पर आंध्र प्रदेश के युवक का शव मिला
आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पर शनिवार सुबह आंध्र प्रदेश निवासी चोगलु रवि (40) का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के मारकापुरम स्थित वेमुला कोटा का निवासी था। घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे नमो घाट पर आया था और वहीं सो गया था। शनिवार सुबह लोगों ने उसे अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है।

20 साल पहले हुए खाद्यान्न घोटाले में जौनपुर का आरोपी कोटेदार गिरफ्तार
20 साल पहले जौनपुर में खाद्यान्न घोटाले के आरोपी कोटेदार बखेडू प्रजापति को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) वाराणसी की टीम ने शनिवार को गौरा बादशाहपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी को वाराणसी की भ्रष्टाचार निवारण की अदालत में पेश किया गया, जहां से बखेडू प्रजापति को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। ईओडब्ल्यू वाराणसी सेक्टर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जौनपुर के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के सखैला का निवासी है। 

घोटाला 2004-2005 के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना से जुड़ा है। यह योजना जौनपुर के धर्मापुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में लागू की गई थी। इसके तहत नाली निर्माण, संपर्क मार्ग और मिट्टी भराई जैसे जनहित के कार्य कराए जाने थे। 

इन कार्यों में लगे मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना था। हालांकि, तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारियों और कोटेदार ने मिलकर वित्तीय अनियमितता की। उन्होंने मजदूरों को उनके हक का खाद्यान्न वितरित नहीं किया। 2020 में ईओडब्ल्यू वाराणसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में नामजद आरोपी दीपक वर्मा (38) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से भाग गया था। 4 जून को महिला ने थाना शिवपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दीपक वर्मा उनकी पुत्री को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर पुत्री ने फंदे से लटक कर जान दे दी थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर  पुलिस ने आरोपी को सोनकर बस्ती गली के पास गिरफ्तार किया। आरोपी थाना क्षेत्र का ही निवासी है। 

विवाहिता के यौन उत्पीड़न का आरोप, प्राथमिकी 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता को ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण और धमकी के मामले में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी रितेश पाल ने प्रेम जाल में फंसाया और शारीरिक संबंध बनाए। धोखे से आपत्तिजनक और अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इस बीच अपने पति के साथ गुजरात चली गई तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर गुजरात में शारीरिक शोषण किया। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पॉक्सो एक्ट में 24 घंटे में आरोप पत्र दाखिल
पांच साल की बच्ची से अश्लील हरकत और पॉक्सो के आरोपी रवि सोनकर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को सोनातालाब से गिरफ्तार किया। इस दौरान सारनाथ पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया। गिरफ्तारी के 24 घंटे में न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनातालाब के गजब नगर कालोनी का निवासी है। रवि सोनकर के खिलाफ बच्ची की मां ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। बच्ची के साथ अश्लील हरकतें और गालीगलौज का आरोप है। 

कोर्ट के आदेश पर अपहरण, रंगदारी में प्राथमिकी 
अपहरण, मारपीट, लूट और रंगदारी के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। केशरीपुर निवासी जयप्रकाश पटेल ने विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 23 जनवरी सुबह नौ बजे वह पंडितपुर गांव के पास बाइक से जा रहा था। 

विजय कुमार पटेल, उदय प्रताप सिंह, रिंकू पटेल, वेद प्रकाश, मुन्ना चौहान और गुड्डन सिंह समेत कई लोगों ने घेर लिया और जबरन कार में बैठाकर उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उन्हें संदहा में गुड्डन सिंह के मकान में ले गए, जहां लाठी-डंडों से पीटा। बेहोश होने पर मृत समझकर कार सर्विस सेंटर के पास फेंककर चले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल, गिरफ्तार
वाराणसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने शनिवार को आरोपी प्रीतम पटेल को करधना से हाइडिल जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तलवार भी मिला। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रतापपुर करधना का निवासी है। सोशल मीडिया सेल से मिली सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

बंद मकान से आभूषण और नकदी चोरी
रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद में अभिलाष साहनी के बंद मकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। आभूषण और 65 हजार नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया। शनिवार सुबह पुलिस ने छानबीन की है। पीड़ित ने रामनगर थाने में तहरीर दी है। अभिलाष ने पुलिस को बताया कि परिवार के साथ चौबेपुर थाना क्षेत्र के मल्लापुर गांव में बुआ की बेटी की शादी में गया था। शनिवार सुबह जब घर लौटा तो चोरी की जानकारी हुई। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। 

दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़, आरोपी गिरफ्तार
राजातालाब के कृष्णदत्तपुर, मुंगवार गांव में शनिवार सुबह एक दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में मानसिक रूप से कमजोर आरोपी दिनेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि दिनेश यादव ने रॉड से मंदिर का बंद दरवाजा और ताला तोड़ दिया। वह गर्भगृह में घुस गया और प्रतिमा पर भी रॉड चला दिया। प्रतिमा दो भागों में टूट गई। जब पुजारी ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें भी रॉड लेकर दौड़ाया। दिनेश यादव के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह छह महीने पहले एक सड़क हादसे में घायल हो गया था। घटना के बाद से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। 

छह लाख का वाटर पंप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट में गैरेज से चोरी फायर ब्रिगेड के छह लाख के वाटर पंप को पुलिस ने छह घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से आरोपी अंकित कुमार चौहान निवासी तुलसी निकेतन, हुकुलगंज तक पहुंची। चौकाघाट निवासी प्रशांत विश्वकर्मा ने शनिवार को तहरीर देकर बताया कि गैरेज से चोरी हो गया। डीसीपी गौरव बंशवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

पत्नी को बेचने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी
रोहनिया थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर पत्नी को दर्शन कराने के बहाने ले जाकर बेचने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डेढ़ महीने पहले आरोपी विनोद पत्नी के साथ पीड़ित की पत्नी को कानपुर दर्शन कराने के लिए अपने साथ ले गया। आरोप है कि 15 दिन बाद विनोद लौट आया। जब पीड़ित ने अपनी पत्नी के बारे में पूछताछ की तो आरोपी ने कहा तुम्हारी पत्नी को दो लाख रुपये में बेच दिया है।  

तीन अप्रैल को पत्नी का फोन आया, उसने मदद की गुहार लगाई। एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दो लाख देने पर ही पत्नी को छोड़ने की बात कही। पीड़ित ने 18 अप्रैल को थाने और पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने पत्नी के खुद चले जाने की बात कहकर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने न्यायालय की शरण ली। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

25 करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तिलभांडेश्वर, वर्तमान में खोजवा निवासी सुषमा रतन ने भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ 25 करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में आरोप लगाया कि उनके भाई शैलेंद्र कुमार वर्मा ने माता-पिता के निधन के बाद फर्जी तरीके से खुद को इकलौता वारिस दिखाकर नगर निगम से वारिस प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया। 25 करोड़ के तीन मकान अपने नाम करा लिए। 

पीड़िता का कहना है कि परिवार में दो भाई और एक बहन थे। एक भाई की मृत्यु हो चुकी है, जिनका परिवार भी है। बावजूद आरोपी ने अन्य वैध उत्तराधिकारियों की जानकारी छिपाकर संपत्ति अपने नाम करा ली। कश्मीरीगंज में मकान में वह 25 साल से विद्यालय चला रही थीं। 

आरोप है कि शैलेंद्र कुमार वर्मा अपने पुत्र प्रशांत और अंशुमान वर्मा के साथ पहुंचे और विद्यालय के प्रवेश द्वार को बंद कर दिया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अभिलेखों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

फोल्डिंग नंबर प्लेट लगी स्पोर्ट्स बाइक सीज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ चौराहे पर शुक्रवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फोल्डिंग नंबर प्लेट लगी एक स्पोर्ट्स बाइक को सीज कर दिया। बाइक का नंबर प्लेट इस तरह मॉडिफाई किया गया था कि चलते समय उसे मोड़कर पूरी तरह छिपाया जा सकता था। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों की नजर बाइक पर पड़ी तो उसके पीछे नंबर प्लेट दिखाई नहीं दिया। 

पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जीशान खान निवासी हरहुआ डीह बताया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और नंबर प्लेट में संशोधन करने के आरोप में बाइक सीज कर दी गई। 

सील भवन में निर्माण कराने पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बैजनत्था मंदिर के पास सील भवन में निर्माण कार्य जारी रखने के मामले में भवन स्वामी विक्रम खन्ना के खिलाफ वीडीए के अवर अभियंता रोहित कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में रोहित कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल को निर्माण कार्य बंद कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन बावजूद निर्माण जारी रहा। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

बीयर बार के संचालन में चार गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र मंगरहुआ बाजार में अवैध बीयर बार से आबकारी विभाग और चौबेपुर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर 86 लीटर शराब बरामद किया। पुलिस ने बीते बृहस्पतिवार को मुनारी क्षेत्र में छापा मारा था। 90 कैन बीयर, 48 बोतल अंग्रेजी शराब और 11 सील टूटी अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपी मुनारी निवासी सियाराम यादव (38), अर्जुन सिंह यादव (39), संजय उर्फ शिवमूरत (36) और बिहार के गया निवासी नीतीश कुमार (19) हैं। थाना  प्रभारी  वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा गया है। 

उधारी के रुपये मांगने पर व्यापारी को पीटा
चौक थाना क्षेत्र के भीखाशाह गली में उधार के रुपये मांगने पर मोहम्मद अनवर को आरोपी ने पीट दिया। पीड़ित ने चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भीखाशाह गली निवासी मो. अनवर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने राशिद अंसारी उर्फ छोटे को 65 हजार का कॉस्मेटिक सामान उधार दिया था। आरोप है कि 19 जून को जब वह बकाया रकम मांगने उसके पास पहुंचे तो राशिद अंसारी उर्फ छोटे गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर गला पकड़ लिया और मारपीट की। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

दहेज उत्पीड़न में पति समेत अन्य पर प्राथमिकी 
कबीरचौरा क्षेत्र की निवासी दीपमाला पत्नी शिवम जायसवाल ने पति, सास और देवर पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और स्त्रीधन हड़पने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 2021 में हुई। शादी में नकद, बाइक, आभूषण सहित अन्य सामान दहेज में दिया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि आभूषण भी वापस नहीं किए गए। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

थाना परिसर में आत्महत्या का प्रयास
पत्नी से विवाद के बाद थाने लाए गए एक युवक ने शनिवार शाम मिर्जामुराद थाना परिसर में आत्महत्या का प्रयास कर दिया। आजमगढ़ निवासी सौरभ राय अपनी पत्नी के साथ कछवारोड में किराये के मकान में रहता है। घरेलू विवाद की सूचना पर पुलिस उसे थाने ले आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक थाने में भी तनावग्रस्त था और सिर दीवार व जमीन पर मार रहा था। इसी दौरान उसने एक कूलर के पास बिजली की सप्लाई लाइन के तार को पकड़ लिया। पत्नी रोने-बिलखने लगी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने  जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

आत्महत्या के लिए उकसाने में आरोपी गिरफ्तार
युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी दीपक वर्मा को शिवपुर पुलिस ने शनिवार को सोनकर बस्ती गली के पास से गिरफ्तार किया। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी बाबतपुर रोड भरलाई का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज थी। पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि दीपक वर्मा से परेशान होकर बेटी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। 

आप नेता रमेश पटेल के प्रतिष्ठान पर छापा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर गांव में शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने आम आदमी पार्टी के नेता रमेश पटेल के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर और भवन की दूसरी मंजिल को सीज कर दिया गया। उपजिलाधिकारी सदर नितिन सिंह के नेतृत्व में राजस्व, परिवहन विभाग, वीडीए और अन्य विभागों की टीम सुबह आठ बजे प्रतिष्ठान पर पहुंची। 

रमेश ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और व्यवस्था की खामियों के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिस कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पूरे मामले को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उपजिलाधिकारी सदर नितिन सिंह ने बताया कि रमेश पटेल के खिलाफ अवैध खनन कराने, वाहनों का संचालन परिवहन विभाग के मानकों के विपरीत होने और भवन निर्माण में वाराणसी विकास प्राधिकरण के नियमों के उल्लंघन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों की ओर से भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। एसडीएम के अनुसार, शिकायतों के आधार पर जांच कराई जा रही है। 

मानसिक अस्पताल से आधी रात मरीज भागा
पांडेयपुर के मानसिक चिकित्सालय के फैमिली वार्ड से शुक्रवार-शनिवार देर रात एक मरीज भाग गया। मरीज की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जानकारी के अनुसार, लोहर चौहान (21) निवासी मऊ को 15 जून को फैमिली वार्ड में भर्ती कराया गया था। वह अपने पिता बलिराम चौहान की निगरानी में था। रात में मरीजों की गिनती के बाद वार्ड को बंद कर दिया गया था। 

आशंका है कि लोहर चौहान किसी अन्य मरीज की मदद से अस्पताल की 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग गया। सुबह जब उसके पिता वार्ड पहुंचे तो पुत्र वहां नहीं मिला। सुराग न मिलने पर अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। परिजनों के अनुसार, सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर वे दवा लेकर घर लौट गए। अस्पताल के निदेशक डॉ. चंद्रप्रकाश मल्ल ने बताया कि मरीज की तलाश की जा रही है। मरीज का इलाज परिजनों की निगरानी में चल रहा था।

भारत ने जरदारी की टिप्पणी खारिज की याासिन बोले-पाकिस्तान अपनी चिंता करे
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के वाराणसी की मस्जिद से जुड़े एक्स पोस्ट का शनिवार को अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव सैय्यद मोहम्मद यासिन ने खंडन किया। उन्होंने कहा कि जरदारी अपने देश की मस्जिदों और मुसलमानों की चिंता करें। वहीं, भारत ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की वाराणसी मामले पर की गई जहरीली टिप्पणी को बेतुका और नफरत से प्रेरित बताया है। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान को भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देने या टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। भारत ने इस बयान के पीछे की मंशा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जरदारी की यह टिप्पणी जानबूझकर किया गया राजनीतिक हमला है जो पाकिस्तान की कट्टरता और नफरत की नीतियों से प्रेरित है। 

एक लाख घरों तक पहुंचा पीएनजी
शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क अब एक लाख घरों तक पहुंच गया है। गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से शनिवार को तरना स्थित शांति कुंज अपार्टमेंट में एक समारोह हुआ। इसमें 1,00,000वें घरेलू उपभोक्ता को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सम्मानित किया। 

दोपहर बाद चलीं तेज हवाएं बूंदाबांदी से बदला मौसम
शनिवार की सुबह से ही धूप तीखी रही। गर्मी भी इतनी अधिक रही कि लोग बेचैन हो गए। दोपहर बाद करीब तीन बजे तेज हवाएं चलीं। बूंदाबांदी के साथ मौसम बदल गया। इस दौरान महमूरगंज, बीएचयू कैंपस, लंका, रामनगर सहित कुछ जगहों पर 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। हालांकि, मौसम बहुत देर तक ऐसा नहीं रहा और 15 मिनट बाद ही फिर धूप निकल आई, जिससे लोग गर्मी से फिर बेचैन हो गए।

अपराह्न करीब तीन बजे बादलों की आवाजाही के साथ हवा भी तेज चली, जिससे लोगों ने कुछ देर के लिए राहत महसूस की। इस दौरान बरेका, ककरमत्ता, सुंदरपुर, रोहनिया समेत कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले तीन-चार दिन मौसम ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। दिन में तीखी धूप और अधिक गर्मी रहने की संभावना है। 

ओमान भेई गई 40 टन बिस्किट
काशी से पहली बार ओमान के लिए 40 टन बिस्किट का निर्यात किया गया है। यह खेप करखियांव के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित तिरुपति बालाजी इंडस्ट्रीज प्रा. लि. से भेजी गई है। बिस्किट की यह खेप सड़क मार्ग से कानपुर स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो पहुंचेगी। वहां सीमा शुल्क संबंधी औपचारिकताएं पूरी होंगी। इसके बाद इसे जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट, मुंबई भेजा जाएगा। मुंबई से समुद्री मार्ग के जरिये यह खेप ओमान के लिए रवाना होगी। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अध्यक्ष अभिषेक देव ने कहा कि वाराणसी जैसे भू-आबद्ध क्षेत्र से ओमान के लिए निर्यात होना बड़ी उपलब्धि है। 

चार मकानों पर चला बुलडोजर अबतक 164 मकान तोड़े
दालमंडी में शनिवार को चार मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए। एक दिन पहले ही यहां मकानों को खाली कराने के लिए मुनादी कराई गई थी। इसके बाद शनिवार को वीडीए ने कार्रवाई की।
अब तक कुल 164 मकानों पर हथौड़ा चलाया गया। 

वीडीए की ओर से अवैध निर्माण के चलते दिए गए नोटिस के आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभियान पर लगातार नजर रखी जा सके। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 

एयर इंडिया शुरू करेगा हब एंड स्पोक
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंडिया हब एंड स्पोक व्यवस्था लागू करेगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री 25 जून को इसका उद्घाटन करेंगे। इस नई प्रणाली से वाराणसी एयरपोर्ट देश के बड़े हब एयरपोर्ट से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सुगम बनाएगा। एयर इंडिया के स्टेशन हेड आतिफ इदरीस ने बताया कि इस नई प्रणाली के तहत एयर इंडिया की विशेष उड़ान सेवा शुरू होगी। 

असवारी से राष्ट्रीय राजमार्ग तक लगाए गए लाल निशान
राजातालाब बाजार में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू कर दी है। शनिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने सड़क की नापी कर असवारी से राष्ट्रीय राजमार्ग तक दोनों ओर लाल निशान लगाए और अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को तहसीलदार राजातालाब की ओर से गठित टीम ने शनिवार को सड़क की पैमाइश कर दोनों ओर लाल निशान लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन की टीम में राजस्व निरीक्षक अशोक सोनकर, बालेश्वर पटेल, सुजीत कुमार, आशुतोष कुमार और शुभम सोनकर शामिल रहे। 

गोरख और प्रबल बने भारतीय कुश्ती टीम के कोच
भारतीय कुश्ती संघ ने अंडर-20 एशिया कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के कोच की घोषणा कर दी है। वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि यह प्रतियोगिता 30 जून से 5 जुलाई थाइलैंड के पटाया में खेली जाएगी। वाराणसी जिले के गद्दोपुर हाथी बाजार निवासी कुश्ती कोच गोरखनाथ यादव ग्रीको रोमन टीम का मैनेजर और शिवपुर के गिलट बाजार निवासी प्रबल प्रताप राय फ्रीस्टाइल टीम के मैनेजर नियुक्त हुए हैं।

ताइक्वांडो में यशस्विनी और शिवांश ने जीते स्वर्ण पदक
जिला ताइक्वांडो संघ वाराणसी की ओर से युवा ताइक्वांडो प्रतियोगिता बाबतपुर के सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में खेली गई। इसमें बालिका वर्ग में यशस्विनी और बालक वर्ग में शिवांश ने लगातार तीसरे साल स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में जिले के 117 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि पूमसे वर्ग में यशस्विनी सिंह ने स्वर्ण और नैंसी को रजत और पूर्णिमा सिंह को कांस्य पदक मिला। प्रतियोगिता में सुहानी जायसवाल ने दो कांस्य पदक हासिल किए। 

गेंदबाजी मशीन से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण
श्रीकमलाकर चौबे आदर्श सेवा इंटर कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए गेंदबाजी मशीन लगाई गई है। इसका उद्घाटन शनिवार शाम विद्यालय के प्रबंधक रत्नाकर चौबे और आनंद मोहन गुड्डू ने फीता काटकर किया। आधुनिक गेंदबाजी मशीन लगने के बाद यहां के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।

स्वागत आयोजन सचिव आदर्श क्रिकेट एकेडमी के संचालक कोच राजकुमार ने किया। बताया कि गेंदबाजी मशीन के जरिए बल्लेबाजों को शॉर्ट खेलने का अभ्यास कराया जाएगा। मौके पर वीरेंद्र यादव, राजकुमार यादव, रवि डीडवानिया, सुजीत सेठ मौजूद रहे।

हिमाचल में 17352 फीट ऊंची पहाड़ी पर पहुंचेंगे बीएचयू के पर्वतारोही
बीएचयू के पर्वतारोहण केंद्र से जुड़े विद्यार्थियों का 14 सदस्यीय दल शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्थित माउंट फ्रेंडशिप पीक पर चढ़ाई के लिए रवाना हुआ। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मनाली में 17352 फीट ऊंची पहाड़ी से पर्वतारोही चढ़ाई करेंगे। 

कुलपति ने दल के सदस्यों के साथ संवाद किया। साथ ही विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। छात्र अधिष्ठाता प्रो. आरके सिंह, वित्त विभाग के संयुक्त कुलसचिव (अकाउंट्स) डॉ. संजय कुमार ने टीम को शुभकामनाएं दीं। पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभियान प्रशिक्षक बलराम यादव और शिवनारायण यादव के नेतृत्व में किया जा रहा है। 

अभियान दल में अगुआई कर रहे संदीप कुमार यादव, कुसुम कुमारी, निशांत सिंह, निधि प्रजापति, अनु कुमारी, राजा कुमार, शुभम कुमार उपाध्याय, सुमन उरांव एवं नीतिश गुप्ता, आदित्य यादव, शोभा पासवान और चारू राठौर हैं। 

बिहार पीसीएस में वाराणसी  की दीक्षा का चयन
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की पीसीएस परीक्षा में वाराणसी की दीक्षा सिंह ने पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल की है। उनका चयन सब-रजिस्ट्रार (कोऑपरेटिव) के पद पर हुआ है। दीक्षा सिंह, उत्तर प्रदेश पुलिस में काशी विश्वनाथ मंदिर में वर्तमान में तैनात अनिल कुमार सिंह की पुत्री हैं। परिजनों ने इस सफलता का श्रेय दीक्षा की मेहनत, परिवार के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। 

शोध पद्धति पर 10 दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला शुरू
बीएचयू में सामाजिक विज्ञान संकाय की ओर से सामाजिक विज्ञानों में शोध पद्धति विषयक दस दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला शनिवार से शुरू हो गई। कार्यशाला में 150 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हैं। केंद्र समन्वयक प्रो. जेबी कुमरैया ने बताया कि इसमें शोध संस्कृति के सुदृढ़ीकरण और अकादमिक उत्कृष्टता पर सबसे ज्यादा बल दिया गया है। 

काशी विद्यापीठ में कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
काशी विद्यापीठ के हर प्रसाद गुप्त इनक्यूबेशन फाउंडेशन और एमराल्डगियर्स इनिशिएटिव फाउंडेशन ग्लोबल के बीच एमओयू हुआ है। इससे नवाचार, उद्यमिता के साथ कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। विवि के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि यह समझौता युवाओं, शोधार्थियों, स्टार्टअप्स को नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान एचपीजीआईएफ के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ, (ईजीआईएफ ग्लोबल) के अध्यक्ष केशव प्रसाद दुबे, प्रबंध निदेशक डॉ. विवेक , डॉ. ज्योति त्रिपाठी, डॉ. राम आधार चौधरी, श्रीमती ममता यादव माैजूद रहीं। 

185 मीटर सड़क का हुआ शिलान्यास
रमरेपुर वार्ड की वैष्णोपुरी कॉलोनी में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने शनिवार को नारियल फोड़कर और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। यह सड़क लगभग 185 मीटर लंबी होगी और इसकी स्वीकृत लागत 9.58 लाख रुपये है। परियोजना के तहत कॉलोनी के द्वितीय मार्ग पर सड़क का निर्माण होगा। 

कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सड़क, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, पार्षद संजय जायसवाल मौजूद रहे। 

अशोका इंस्टीट्यूट में डेटा प्राइवेसी, जोखिम कॅरिअर अवसरों की मिली जानकारी
अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में डिजिटल युग में विद्यार्थियों को डेटा सुरक्षा और करियर की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया गया। डेटा प्राइवेसी इन प्रैक्टिस: रिस्क, रेगुलेशन एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज विषय पर हुई कार्यशाला में इससे जुड़े जोखिम की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। 

सुरक्षा एवं डेटा प्राइवेसी विशेषज्ञ (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) लीजा बोरा ने कहा कि वर्तमान समय में डेटा किसी भी व्यक्ति, संस्था और देश के लिए एक महत्वपूर्ण संपत्ति बन चुका है। डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ डेटा चोरी, साइबर हमलों और गोपनीयता से जुड़े जोखिम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में डेटा प्राइवेसी और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। 

डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने कहा कि कोई भी ऑनलाइन सेवा जो फ्री हो या अकल्पनीय रूप से सस्ती हो तो वो ट्रैप हो सकता हैं। ऐसे लुभावने ऑफर से सावधान रहना चाहिए और हर प्लेटफार्म पर अपना विवरण साझा नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में डीन (सीएसई) डॉ. एलएस मौर्य, संदीप कुमार सिंह, पंकज श्रीवास्तव, रवींद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।

57.98 लाख की छह परियोजनाओं का शिलान्यास
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शनिवार के 57.98 लाख रुपये की लागत से छह विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं विधायक निधि और मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत बनेंगी। इनमें इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी सड़क और उद्यान की चहारदीवारी जैसे कार्य शामिल हैं। विधायक ने कहा कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। मौके पर संतोष द्विवेदी, डॉ. अनुपम गुप्ता, सृजन श्रीवास्तव, लल्लन सोनकर मौजूद रहे। 

अपना दल एस की समीक्षा बैठक आज
अपना दल एस के वाराणसी जिला इकाई के संगठन की समीक्षा बैठक रविवार की सुबह 11:30 बजे सर्किट हाउस में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद व वाराणसी के प्रभारी नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल समीक्षा करेंगे। इसमें वाराणसी में रहने वाले सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, जोनल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ स्तर के अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। 

सफाई अभियान में 8750 किलो अतिरिक्त कूड़े का हुआ उठान
नगर निगम की ओर से शनिवार को चलाए गए वृहद स्वच्छता अभियान के तहत हाईटेक निगरानी के बीच सामान्य दिनों से इतर 8750 किलो अतिरिक्त कूड़े का उठान किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के नेतृत्व में शुरू महाअभियान के तहत टीमों ने वार्डों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक पार्कों, धार्मिक स्थलों, खाली पड़े प्लॉटों, जीवीपी और नाला-नालियों सहित कुल 88 स्थानों पर अभियान चलाया।

सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को चमका दिया गया। सुबह से ही 940 विशेष सफाई कर्मचारियों की भारी-भरकम फौज उतारी गई थी, वहीं कचरा उठान और सिल्ट की सफाई के लिए 128 छोटे-बड़े वाहनों को फील्ड में दौड़ाया। मुख्य सफाई निरीक्षकों ने कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई, ताकि अभियान को गति मिली। इस दौरान 14 खाली प्लॉट, 22 जीवीपी पॉइंट, दो धार्मिक स्थल,10 नाली, 10 पार्क, एक बाजार, 10 सड़क और 19 सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई।

शहर से रोज निकलता है 1300 टन कूड़ा : शहर में रोज औसत 1200 से 1300 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन शनिवार को विशेष अभियान का असर यह रहा कि रूटीन कचरे के अलावा भारी मात्रा में अतिरिक्त कचरा उठाया गया। कर्मदेश्वर महादेव, चौक थाने से काशी विश्वनाथ मंदिर सड़क, रेवड़ी तालाब, सुहेलदेव पार्क, रंगोली गार्डन, शिवपुर सब्जी मंडी, कपिलधारा, आशापुर चौराहा, नाटी इमली भारत मिलाप स्थल, विश्वेश्वरगंज, आई-पी सिगरा, भारत माता मंदिर, शास्त्री पार्क और संकट मोचन पार्क को पूरी तरह साफ किया गया। 

एक बूथ पर 20 यूथ के लक्ष्य से ही सपा बनेगी मजबूत : वीरेंद्र सिंह
समाजवादी पार्टी की ओर से संगठन को मजबूत करने के लिए शनिवार को अजगरा विधानसभा में जोन और सेक्टर की बैठक हुई। मुख्य अतिथि चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अजगरा विधानसभा के नेता कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी को जिताकर भेजा है। आगे भी संगठन एकजुट रहकर विधानसभा में भी जीत दिलाएगा।

एक बूथ पर 20 यूथ का लक्ष्य ही पार्टी को मजबूत बनाएगा। विशिष्ट अतिथि एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा  कि विधानसभा के साथ स्नातक चुनाव के लिए भी कार्यकर्ता कमर कस कर तैयार रहें। यह सरकार की नीति से आम जन अपने को ठगा महसूस कर रहा है। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि 2027 चुनाव अखिलेश यादव जी को मुखमंत्री बनाने का चुनाव है। 

उत्तर प्रदेश को भाजपा सरकार के चंगुल से मुक्त कराने के लिए संकल्पित होने का चुनाव है। बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर ने कहा दलित पिछड़े एकजुट होकर यह चुनाव लड़ेंगे। पीडीए को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। संचालन विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने किया। बैठक में वरुण सिंह, संजय यादव, सतीश यादव, योगेंद्र आर्या, अनिल पटेल, बेचन मौर्या, सुनील मौजूद रहे। 

राजातालाब तहसील : समाधान दिवस  में 350 मामले आए, 16 का निस्तारण
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को तहसील राजातालाब में संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयबद्ध और न्यायोचित समाधान के निर्देश दिए। राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद्य और रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों से 350 मामले मिले।

16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में समाधान के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग को सत्यापन करने और निष्पक्ष कार्रवाई का निर्देश दिया। अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अक्षम्य होगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

कहा कि शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हर व्यक्ति की समस्या का पारदर्शी, न्यायोचित और समयबद्ध समाधान है। पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में प्राथमिक स्तर पर ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाए, ताकि लोगों को भटकना न पड़े। इस मौके पर एडीसीपी वरुणा लिपि नाग्यायच, एसडीएम शांतनु कुमार, तहसीलदार शालिनी सिंह मौजूद रहे। 

शिक्षण संस्थानों में शोध को बढ़ावा देना होगा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) की भुवनेश्वर में हुई राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों में शोध, नवाचार, पेटेंट को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। शनिवार को काशी विद्यापीठ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में काशी प्रांत के प्रांतमंत्री शिवम सिंह ने बताया कि बैठक में शैक्षिक सुधार, महिला सुरक्षा, शहरी माओवाद और वैश्विक परिदृश्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चार प्रस्ताव पारित किए गए हैं। 

प्रांतमंत्री ने बताया कि शैक्षिक सुधारों को परिणामकारी बनाने के लिए धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक से लेकर राष्ट्रीय परिदृश्य, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका तथा समसामयिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। 

वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, आपातकाल निषेध के 50 वर्ष, गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष और संत रविदास के 650वें प्राकट्योत्सव जैसे विशेष दिवसों पर देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान महानगर मंत्री शिवम तिवारी,प्रांत खेलो भारत संयोजक शैलेंद्र यादव रहे। 

मनरेगा के 12.5 करोड़ रुपये लंबित, विकास कार्य ठप, प्रधान संघ ने मनरेगा निदेशक को भेजा ज्ञापन
जिले में मनरेगा के तहत लगभग 12.5 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है। इससे 694 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जिला प्रधान संघ वाराणसी ने मनरेगा निदेशक, भारत सरकार को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, सामग्री मद के 12 करोड़ रुपये और कुशल श्रमिकों के 50 लाख रुपये का भुगतान रुका हुआ है। भुगतान न होने से आपूर्तिकर्ता और श्रमिक ग्राम प्रधानों पर दबाव बना रहे हैं। इससे प्रधानों को आर्थिक और मानसिक परेशानी हो रही है। रोजगार सेवकों को भी लगभग एक वर्ष से मानदेय नहीं मिला है। वे मार्च माह से हड़ताल पर हैं, जिससे मनरेगा के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। 

खाद्य विभाग के नए नियमों का व्यापारियों ने किया स्वागत
खाद्य विभाग के नए नियमों का वाराणसी खाद्य व्यापार मंडल ने स्वागत किया है। मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार को सिगरा स्थित एक लॉन में बैठक कर नए नियमों के प्रति आभार जताया। संगठन के अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि लंबे समय से विभिन्न क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि कुछ असामाजिक तत्व खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी या सुपरवाइजर बताकर छोटे-बड़े दुकानदारों को डराते-धमकाते थे और पैसे ऐंठते थे। अब ऐसे लाेगों पर लगाम लगेगी। बैठक में रवि धन्नानी, संदीप बरनवाल, गौरव राठी, भैरू सिंह, कमल लखमानी, राजेश केशरी, अनिल सोनकर, राजन जायसवाल उपस्थित रहे। 

धीरज बने सपा मजदूर सभा के प्रदेश सचिव
समाजवादी मजदूर सभा का प्रदेश सचिव ठठरा निवासी धीरज मौर्या रिंकू को बनाया गया है। इस आशय का पत्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष धनीलाल श्रमिक की ओर से जारी किया गया है। पत्र के अनुसार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल  की संस्तुति पर धीरज को जिम्मेदारी दी गई है। इस अवसर पर उर्जेश कुमार गुप्ता, सोनु, गणेश प्रजापति, रतन राजभर, समीर अली बधाई दी। 

पंजाब एंड सिंध बैंक ने गंजारी ग्रामसभा में लगाया शिविर
पंजाब एंड सिंध बैंक की राजातालाब शाखा ने गंजारी ग्रामसभा में खाता खोलने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया। इस दौरान बैंक अधिकारी रंजीत कुमार सुमन और प्रबंधक रीशू कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों के खाते खोले। उन्होंने ग्रामीणों को बैंक से जुड़ने पर मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा बताई गई किसी भी बाधा को बैंक अधिकारियों ने तत्काल दूर किया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं का समाधान पाकर संतुष्टि व्यक्त की। बैंक ने बताया कि यह देश के सबसे पुराने सरकारी बैंकों में से एक है। आगामी 24 जून को बैंक के 119 वर्ष पूरे हो जाएंगे।

नए कलेवर में लक्ष्मी हॉस्पिटल का शुभारंभ आयुष्मान योजना में इलाज की व्यवस्था
लक्ष्मी हॉस्पिटल का शुक्रवार को नए कलेवर में शुभारंभ किया गया। अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक राय ने बताया कि हॉस्पिटल का उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह अस्पताल 25 साल से अधिक समय से चिकित्सा क्षेत्र में सेवा दे रहा है। 

डॉ. राय के मार्गदर्शन में इसे अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इसमें विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा भी शामिल है। अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और अनुभवी डॉक्टरों की टीम भी है। विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की देखभाल के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

डॉ. राय ने कहा कि अस्पताल का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि यहां आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में चौबीसों घंटे आपातकालीन सेवा के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम तैनात है। 

जटिल सर्जरी के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध हैं। सटीक बीमारी का पता लगाने के लिए उन्नत निदान केंद्र में आधुनिक प्रयोगशाला और एक्सरे जैसी जांच सुविधाएं हैं। गंभीर मरीजों और नवजात शिशुओं के लिए विशेष गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू और एनआईसीयू) भी बनाए गए हैं।

ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिला मंच
दीनदयाल हस्तकला संकुल, बड़ा लालपुर में जिला स्तरीय सरस मेले का समापन शनिवार को हुआ। यह मेला राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत लगाया गया था। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) पवन कुमार सिंह ने मेले का समापन किया। मेले में उत्कृष्ट स्टॉल सजावट के लिए बनारसी साड़ी के स्टॉल को सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट बिक्री के लिए आर्टिफिशियल ज्वेलरी के स्टॉल को पुरस्कार मिला। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) ने बताया कि विभाग ऐसे मेलों का आयोजन समय-समय पर करता रहता है। 

खाद्य तेल और ईंधन संरक्षण पर सामूहिक भोज
गुलाबबाग स्थित महानगर कार्यालय में शनिवार को एक सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य खाद्य तेल और ईंधन के संरक्षण के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस आयोजन में फाइबर और प्रोटीन युक्त भोजन परोसा गया। इसमें बाटी, चोखा, खीर जैसे व्यंजन थे। महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने मोटे अनाज, दालों और हरी सब्जियों से बने कम तेल वाले व्यंजनों का सेवन किया। 

धाम में भगवान कार्तिकेय का विशेष पूजन-अर्चन
श्रीकुमार षष्ठी (स्कंद षष्ठी) के पावन अवसर पर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित भगवान कार्तिकेय के विग्रह का विशेष पूजन-अर्चन वैदिक रीति-रिवाजों और शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिकेय से सुख, समृद्धि और राष्ट्र के कल्याण की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार स्कंद षष्ठी भगवान कार्तिकेय की आराधना का विशेष पर्व है। 

वर्धन हॉस्पिटल में पहली सफल ओपन हार्ट सर्जरी
वर्धन हॉस्पिटल, बड़ा लालपुर ने पूर्वांचल में पहली सफल ओपन हार्ट सर्जरी की है। यह उपलब्धि अस्पताल की स्थापना के डेढ़ वर्ष के भीतर हासिल हुई है। हॉस्पिटल ने 18 जून 2026 को कार्डियो थोरैसिक वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग की शुरुआत की। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक राज सिंह के नेतृत्व में सर्जनों की टीम ने दो मरीजों की सफल सर्जरी की। 

संजय गिरि (49) और प्रमोद यादव (45) नामक दोनों मरीज अब स्वस्थ हैं। इस सर्जरी से हृदय संबंधी जटिल उपचार के लिए पूर्वांचल के मरीजों को अब लखनऊ या अन्य महानगरों की यात्रा से राहत मिलेगी। 

अस्पताल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रबंधन का मानना है कि सीटीवीएस विभाग क्षेत्र के हजारों हृदय रोगियों के लिए सहायक होगा। यह सर्जरी पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्धन हॉस्पिटल ने घर के पास दिल का इलाज के अपने संकल्प को साकार किया है। डॉ. विवेक राज सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में यह ऑपरेशन संपन्न हुआ।

हेरिटेज हॉस्पिटल के शिविर में कटे होंठ-तालू के 55 बच्चों का पंजीकरण, निशुल्क ऑपरेशन 
हेरिटेज हॉस्पिटल, लंका में कटे होंठ व तालू के बच्चों के लिए निशुल्क ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जिलों से आए लगभग 55 बच्चों का पंजीकरण हुआ। इन बच्चों को निर्धारित तारीखों पर भर्ती कर उनका ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन स्माइल ट्रेन इंडिया की निदेशक ऋतु शर्मा और सहयोगी दानदाताओं ने किया। 

स्माइल ट्रेन और हेरिटेज हॉस्पिटल्स ने वर्ष 2006 में यह निशुल्क सेवा शुरू की थी। तब से हेरिटेज हॉस्पिटल में यह सुविधा लगातार मिल रही है। स्माइल ट्रेन के प्रोजेक्ट निदेशक डॉ. संजीव शर्मा ने अपनी टीम के साथ पंजीकरण कार्य संभाला। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्माइल ट्रेन के सहयोग से मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। 

उनकी टीम ऑपरेशन से पहले और बाद की सभी चिकित्सकीय जरूरतें पूरी करती है। ऋतु शर्मा ने बताया कि स्माइल ट्रेन लगभग तीन दशक से यह निशुल्क सेवा दे रही है। यह सेवा दुनिया के 95 देशों के करीब 1000 अस्पतालों में उपलब्ध है।

काशी की विरासत के चित्रों को कैनवास पर उकेरा
नागरी नाटक मंडली न्यास और अभ्युदय संस्था की ओर से तीन दिवसीय चित्रकला कार्यशाला ‘’मुखड़ा-3’’ का शुभारंभ नागरी नाटक मंडली में हुआ। 110 कलाकारों ने काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों के चित्र उकेरकर उनके स्मरण को प्रदर्शित किया। कार्यशाला का उद्घाटन बीएचयू की पूर्व प्रो. मृदुला सिन्हा, नागरी नाटक मंडली के अध्यक्ष डॉ. संजय मेहता और सचिव डॉ. अजित सैगल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 

जगद्गुरु निग्रहाचार्य का हुआ अभिनंदन
श्रीकाशीविद्वद्धर्म परिषद की ओर से शनिवार को पराड़कर भवन में जगद्गुरु निग्रहाचार्य स्वामी श्रीभागवतानंद गुरु का अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने समाज को सनातन वैदिक धर्म और संस्कृति से जोड़ने तथा समाज को दिग्भ्रमित करने वाले तथाकथित विद्वानों को सही मार्ग पर लाने पर जोर दिया। जगद्गुरु निग्रहाचार्य ने कहा कि धर्म धंधा नहीं, बल्कि धारण करने का विषय है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed