सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Woman defrauded of 13 lakh name of trading Astrologer and student their own lives

Varanasi News Today: ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 13 लाख की ठगी, ज्योतिषी और छात्र ने दी जान; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 01 May 2026 09:59 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के एक ज्योतिषी ने आत्महत्या कर ली। वह मानसिक तनाव में रहते थे। वहीं, ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर महिला को मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने 13 लाख की ठगी कर ली। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Woman defrauded of 13 lakh name of trading Astrologer and student their own lives
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी इलाके में रवि राज उपाध्याय (48) ने बुधवार देर रात फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। रवि राज ज्योतिषी और पंचांग देखते थे। परिजनों के अनुसार वह पिछले दो साल से मानसिक तनाव में थे। 

Trending Videos


घटना की जानकारी सुबह तीन बजे हुई। पत्नी रिंकी की नींद खुली और उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर देखा। वहां रवि राज फंदे से लटके मिले। पत्नी ने तुरंत देवर शशिराज को सूचना दी। परिजन उन्हें उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, रवि राज का परिवार के लोगों से जमीन के संबंध में विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से दो साल से परेशान थे। पत्नी रिंकी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आत्महत्या से पहले रवि राज ने मंगलवार और बुधवार को कई परिचितों को फोन कर हालचाल भी पूछा था। वह मूलरूप से सोनभद्र के घोरावल के निवासी थे। उनके दादा-पिता लंबे समय से भदैनी में रह रहे थे। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। 

टैंक में डूबने से नौणी विवि के छात्र की मौत
सोलन में डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की डेयरी के पास स्थित पानी के टैंक में डूबने से बीएससी ऑनर्स बागवानी के छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान 23 वर्षीय मंजीत जसवाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी के आदमपुर का रहने वाला था। विवि के स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। हादसा वीरवार दोपहर बाद करीब 3:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मंजीत डेयरी के समीप टैंक पर चढ़ गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह टैंक में गिर गया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। 

ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 13 लाख की ठगी
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर महिला को मोटे मुनाफा का लालच देकर साइबर ठगों ने 13.10 लाख की ठगी कर ली। महिला ने थाने में  प्राथमिकी दर्ज कराई। शारदा विहार कॉलोनी, मीरापुर बसही निवासी पीड़िता स्वाति सिंह ने तहरीर में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच दिया।

पीड़िता ने अलग-अलग तारीखों में चार किश्तों में 13 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। 20 अप्रैल को जब जमा राशि निकालने की कोशिश की तो संबंधित कंपनी ने नए-नए नियमों का हवाला देते हुए भुगतान से इन्कार कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

बकाया दिलाने के नाम 91,997 की साइबर ठगी
राजातालाब क्षेत्र के मिल्कीचक निवासी विपिन कुमार ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठग ने मजदूरी का बकाया भुगतान दिलाने के नाम पर लिंक भेजकर उनके खाते से 91,997 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। विपिन कुमार पेंटिंग का काम करता है। तहरीर में बताया कि एक स्थान पर उनकी मजदूरी के 12 हजार रुपये बकाया थे। 29 अप्रैल को मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। 

फोन करने वाले ने कहा कि बकाया राशि फोन पे से भेज दी जाएगी। कुछ देर बाद उनके व्हाट्सएप पर 12 हजार रुपये भेजने का स्क्रीन शॉट भी आया। पीड़ित ने जब अपना बैंक खाता चेक किया तो पैसा नहीं पहुंचा था। इस पर उन्होंने दोबारा उसी नंबर पर संपर्क किया। आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजते हुए कहा कि उस पर क्लिक कर रकम ले लें। जैसे ही विपिन ने लिंक पर क्लिक किया उनके खाते से चार बार में कुल 91,997 रुपये कट गए। 

पीड़ित ने बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जहां रकम निकालने की पुष्टि हुई। उन्होंने राजातालाब थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

करंट से नीलगाय, भैंस मरी
चिरईगांव के जाल्हुपुर में आंधी-बारिश के दौरान टूटा बिजली का तार चकरोड पर गिर गया। शाम से रात तक बिजली ठप रही, फिर आपूर्ति शुरू होते ही तार में करंट दौड़ने से एक नीलगाय मर गई। अगले दिन दोपहर में फिर सप्लाई चालू होने पर जमीन पर पड़े उसी तार की चपेट में आकर फेकू यादव की भैंस भी मर गई। ग्रामीणों के शोर पर बिजली कटवाई गई। ग्रामीणों ने विभाग व ठेकेदार की लापरवाही बताई, जबकि अधिकारियों ने आंधी से नुकसान और सूचना में देरी को कारण बताया। तहसीलदार शैलेंद्र सिंह ने राजस्व टीम भेजकर रिपोर्ट तलब की। 

ट्रक पोल से टकराया 
जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना बाजार में बृहस्पतिवार सुबह 9.30 बजे एक ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगा विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूध का पैकेट लेकर आया ट्रक बैक करते समय अनियंत्रित होकर पोल से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।  ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत उपकेंद्र गंगापुर को सूचना दी। आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।

कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा मनोरथपुर गांव में बाउंड्री वॉल के निर्माण को लेकर विवाद में कोर्ट के आदेश पर पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। पंकज कुमार सिंह के अनुसार 26 नवंबर 2025 को निर्माण के दौरान पटीदार अवधेश नारायण सिंह और उनके पुत्र बृजेश सिंह ने काम रुकवाया और लाठी से हमला कर दिया। घर में घुसकर मारपीट का भी आरोप है। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि एसीजेएम के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नाबालिग से छेड़खानी, कमरे में खींचने का आरोप
आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में पीड़िता ने बताया कि युवक कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था और अश्लील इशारे करता था। बृहस्पतिवार को वह छत पर गई तो युवक ने फिर हरकत दोहराई। विरोध करते हुए जब वह युवक के घर शिकायत करने पहुंची तो युवक उसे जबरन कमरे में खींच ले गया। गलत काम की कोशिश की। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

मंदिर में चढ़ावा के बहाने 13 लाख के आभूषण ठगे
चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगतुआ अमौली गांव में 13 लाख के आभूषण की ठगी हुई। भगतुआ अमौली गांव निवासी प्यारे लाल तिवारी को दो ठगों ने मंदिर में चढ़ावा की बात कहकर भरोसे में लिया और आभूषण लेकर चलते बने। प्यारेलाल तिवारी ने तहरीर में बताया कि दोनों युवक घर पहुंचे और पांच हजार देते हुए घर के सामने शंकर जी के मंदिर में चढ़ाने को कहा। 

बातचीत के दौरान विश्वास में लेकर कहा कि वे अपने सोने के आभूषण और ब्रेसलेट उतारकर रुपये के साथ भगवान को स्पर्श कराकर चढ़ा दें। जैसे ही तिवारी मंदिर में पूजा करने लगे, उसी दौरान ठग मौके का फायदा उठाकर आभूषण लेकर फरार हो गए। ठगे गए आभूषणों की कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। 

खेत में गई बकरी, दो पक्षों में मारपीट 
मिर्जामुराद के करधना गांव में बृहस्पतिवार शाम सब्जी के खेत में बकरी चराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। अशोक पासवान के खेत में गुलाम अख्तर अंसारी की बकरी घुस गई। विरोध करने पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना में बिंदु पासवान की पत्नी सुलेमा देवी और गुलाम अख्तर अंसारी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है। 

मंदिर से मुखौटा चोरी
मंडुवाडीह क्षेत्र के घुघुलपुर जलालीपट्टी में चौरा माता मंदिर से बृहस्पतिवार को मुखौटा चोरी हो गया। एक महिला जब शादी का चढ़ावा लेकर मंदिर पहुंची तब घटना का पता चला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तुरंत बीएलडब्ल्यू पुलिस चौकी को खबर दी। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

मकान में छिपाकर रखी थी शराब, 2 तस्कर गिरफ्तार
किराये के मकान में बिना लाइसेंस अंग्रेजी शराब का भंडारण कर बिहार भेजने की तैयारी कर रहे दो तस्करों गौरव साहनी (22) और अरविंद साहनी (35) को गिरफ्तार किया। दोनों बेगूसराय बिहार के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, टकटकपुर अनौला के अर्दली बाजार में एक किराये के मकान में छापा मारा गया। 608 बोतल ऑफिसर चॉइस (180 एमएल) और 134 बोतल 8 पीएम (180 एमएल) अंग्रेजी शराब मिली। जिसकी कीमत 96,460 रुपये है। इसके अलावा 30 हजार रुपये भी जब्त किए गए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। 

गाड़ी के विवाद में दो दोस्तों को हॉकी से पीटा
शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर में पान की दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने और हटाने के लिए विवाद में एक युवक और उसके दोस्त पर हमलावरों ने हॉकी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर में पीड़ित मुकेश चौहान निवासी ऐढ़े ने बताया कि वह अपने काम से दोस्त मोहित चौहान के साथ सुद्धिपुर आया था। पान की दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी कहासुनी निखिल यादव से हुई। निखिल ने साथियों के साथ मिलकर मुकेश और उनके दोस्त मोहित पर हॉकी से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

कर्मचारियों से मारपीट, 1. 50 लाख रुपये की लूट
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर में बुधवार देर रात शराब की दुकान के कर्मचारियों के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया। शराब के पैसे मांगने पर आरोपियों ने सेल्समैन और हेल्पर को दौड़ा कर पीटा। आरोप है कि 1.50 लाख रुपये भी आरोपियों ने लूट लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर प्राथमिकी दर्ज की और हमलावरों की तलाश की जा रही है। कोरान सराय बक्सर बिहार निवासी विकास कुमार गुप्ता भोजूबीर के वाइन शॉप में हेल्पर हैं। बताया कि देर रात दो युवक शराब खरीदने आए और गालीगलौज कर जबरन शराब देने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर पिता-पुत्र को पीटा 
चौबेपुर के बर्थरा कलां गांव में शादी के दौरान छेड़खानी का विरोध करना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। बुधवार रात मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रकाश मिश्रा की बहन पर गांव के युवक राहुल पांडेय ने अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर राहुल, लोटू उर्फ रमेश, रितेश और आनंद ने प्रकाश की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए पिता को भी पीटा। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

81 लाख हड़पने, फिरौती मांगने का आरोपी गिरफ्तार
चितईपुर थाना क्षेत्र में 81 लाख रुपये हड़पने, अपहरण की धमकी और फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी मुज्जम्मील उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अधिवक्ता रविशंकर पटेल ने शिकायत की थी कि एक गिरोह ने उन्हें झांसा देकर 81 लाख रुपये हड़प लिए और बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए हर महीने एक लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। जांच के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। 

पुलिस ने मुज्जम्मील को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन संतोषजनक जवाब न देने, धमकी भरे लहजे में बात करने और पुलिस को गुमराह करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मुज्जम्मील, प्रकरण में मुख्य आरोपी आरिफ अहमद उर्फ मोनू निवासी चुनार, मिर्जापुर का साथ ही है। दोनों एक ही गांव के हैं। 

बीएचयू के वैज्ञानिकों ने बाजरा-डेयरी उत्पाद से बनाया सुपर पावर वाला लड्डू
बीएचयू के दुग्ध वैज्ञानिक प्रो. डीसी राय सहित उनकी टीम ने बाजरा और डेयरी उत्पाद के पोषक तत्वों से एक फंग्शनल सुपर फूड लड्डू के रूप में तैयार किया है। इस लड्डू में कैल्शियम और फॉस्फोरस की भरपूर मात्रा पाई गई। यह कमरे के तापमान पर 90 दिनों तक स्थिर रह सकता है। यह रिसर्च अंतरराष्ट्रीय पत्रिका फूड बायोमैक्रोमॉलेक्यूल्स में प्रकाशित हुआ है। 

वर्तमान में बीआरएबीयू बिहार के कुलपति प्रो. राय ने बताया कि रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं के पोषण के लिए यह सुपर फूड काफी बेहतर है। वहीं, डेयरी और बाजरे के इस्तेमाल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था काफी मजबूत होगी। हमने पारंपरिक खाद्य ज्ञान को वैज्ञानिक तरीके से जोड़ा है। यह मॉडल ग्रामीण उत्पादकों और डेयरी सहकारिताओं को स्थानीय कच्चे माल से शेल्फ-स्टेबल हाई वैल्यू प्रोडक्ट बनाने का मौका देगा। शोध टीम में क्वांटम यूनिवर्सिटी और अचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि अयोध्या की प्रो. मृदुला पांडे, प्रो. साधना और अन्य प्रोफेसर रहे। 

प्रोफेसर्स की बैठक, कहा- एसआईआर  में जिनके नाम कटे वो भी तो महिला
बीएचयू में बृहस्पतिवार को महिला आरक्षण बिल-सशक्तीकरण की पहल या राजनीतिक रणनीति विषय पर अकादमिक विमर्श हुआ। मुख्य अतिथि विधि संकाय के प्रो. अखिलेंद्र पांडेय ने कोड और एक्ट को लेकर बात की। हिंदू कोड का उदाहरण लेकर राजेंद्र प्रसाद और आंबेडकर के डिबेट को समझाया। उन्होंने मोतीलाल नेहरू की रिपोर्ट का जिक्र किया जिसमें फंडामेंटल राइट की बात उठनी शुरू हुई। 

सुप्रीम कोर्ट में सिर्फ एक महिला जज हैं, जबकि लोअर कोर्ट में लगभग 35 फीसदी भागीदारी है। प्रोफेसर राजीव मंडल ने कहा कि महिलाओं को मजबूती चाहिए, भीख नहीं। जागृति राही ने एसआईआर  में जिनके नाम कटे वो भी तो महिला हैं। उन महिलाओं का क्या होगा। सवाल उठाया कि राज्यसभा में आरक्षण क्यों नहीं दिया जा रहा। कार्यक्रम के कन्वेनर प्रो. अवधेश सिंह और को-कन्वेनर कुसुम वर्मा रहीं।  संचालन डॉ. शार्दूल चौबे ने किया। 

विश्व शांति के लिए गाैतम बुद्ध के उपदेशों को करें आत्मसात
सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि के श्रमण विद्या संकाय एवं धर्म संस्कृति संगम की ओर से भगवान बुद्ध की जयंती पर बृहस्पतिवार को “धर्म-संस्कृति समन्वय में भगवान बुद्ध का योगदान” विषय पर संगोष्ठी हुई। विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भगवान बुद्ध का दर्शन भारतीय ज्ञान परंपरा की उस धारा का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें समन्वय, करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग की चेतना निहित है। 

उन्होंने कहा कि बुद्ध का चिंतन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, नैतिक अनुशासन और मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना का सशक्त आधार है। वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में बुद्ध का मध्यम मार्ग मानवता को संतुलन, शांति और सह-अस्तित्व की दिशा प्रदान करता है। 

यदि विश्व को दीर्घकाल तक शांति और स्थिरता के साथ चलाना है तो मनुष्य को अपने अंतःकरण की वाणी का अनुसरण करते हुए गौतम बुद्ध के करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग के उपदेशों को अपनाना होगा। मुख्य वक्ता भदंत डॉ. के सुमेध महाथेरो (वरिष्ठ बौद्ध भिक्षु एवं विहाराधिपति, जंबूद्वीप श्रीलंकन बौद्ध मंदिर सारनाथ) ने कहा कि करुणा, मैत्री और प्रज्ञा ये तीनों तत्व मानव जीवन को संतुलित और सार्थक बनाते हैं। इस माैके पर सभी ने बुद्ध के विचारों को याद किया। 

प्राचीन विज्ञान, दर्शन, गणित, खगोल ही भारतीय ज्ञान परंपरा की धरोहर
डीएवी पीजी कॉलेज के इतिहास विभाग के छात्र फोरम विरासत की ओर से बृहस्पतिवार को परिचर्चा हुई। भारतीय ज्ञान परंपरा के अलग अलग मुद्दों पर वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर के रूप में प्राचीन विज्ञान, दर्शन, गणित, खगोल, चिकित्सा विज्ञान, आयुर्वेद को गिनाया।

डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि प्राचीन वेद भारतीय ज्ञान परंपरा का स्रोत रहे हैं। उसी आधार पर भारतीय ज्ञान परंपरा सदियों से मानव सभ्यता को आकार देती आई है। विरासत फोरम के संयोजक डॉ. शोभनाथ पाठक ने कहा कि भारत का पारंपरिक ज्ञान, स्वदेशी या स्थानीय समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं में निहित ज्ञान प्रणालियों को बताता है। कार्यक्रम में डॉ. शिवनारायण और डॉ. लक्ष्मीकांत सिंह ने अपनी-अपनी बातें रखीं। छात्रों में स्नातकोत्तर से प्रिंस पांडेय, सोनू निषाद, आशुतोष मिश्र, रिया गंगवार, मोनिका राय ने विचार रखें। 

बेसिक शिक्षा की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागीय एजेंडा के बिंदुओं पर समीक्षा की गई। बृहस्पतिवार को जिला बेसिक अधिकारी के कार्यालय में बीएसए के साथ बैठक में नीतियों के क्रियान्वयन पर मंथन हुआ। इसकी प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक न मिलने पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक ने सभी अधिकारियों को जल्द ही शासन की मंशा के अनुरूप शत फीसदी पूरा कराए जाने का निर्देश दिया है। वहीं सभी नीतियों का क्रियान्वयन नियम से कराने का निर्देश भी दिया। बैठक में जिला बेसिक अधिकारी सहित खंड शिक्षा अधिकारी, सेवापुरी, चिरईगांव, अराजी लाइंस, हरहुआ, पिंडरा ने भाग लिया। 

धान और मोटे अनाज के बीज के लिए करें ऑनलाइन बुकिंग
दलहन, तिलहन और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के कृषि विभाग की ओर से बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू है। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने बताया कि किसानों का चयन ई-लाॅटरी से होगा। उर्द 367, मूंग 175, अरहर 1432, तिल 400, ज्वार 80, बाजरा 400, कोदो 200, सांवा 200 एवम् मडुवा/रागी 200 पैकेट बीज मिनीकिट निशुल्क दिए जाएंगे। इसके आलावा सामान्य वितरण वितरण योजना के तहत धान, उर्द, मूंग, अरहर, तिल, ढैंचा का बीज 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। बीजों का वितरण पीओएस मशीन से होगा।

संकर बीज धान, मक्का, ज्वार, बाजरा भी राजकीय कृषि बीज भण्डारों से 50 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा। ऑनलाइन बुकिंग कृषि विभाग के पोर्टल  पर हो रहा है। 10 मई के बाद ई-लाॅटरी निकाला जाएगा। बताया कि अगर किसी में लक्ष्य से कम बुकिंग होगा, तो लक्ष्य के बराबर करने के लिए दोबारा आवेदन मांगकर ई-लॉटरी निकाली जाएगी। 

वहीं, अमित जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य और तकनीकी सहायक कृष्ण कुमार ने हरहुआ ब्लाॅक के भोपापुर, सरिया एवं मधेपुर में किसानों के साथ चौपाल लगाकर बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया। 

आम को नुकसान, जायद की फसलों के लिए फायदेमंद बारिश
आंधी-बारिश से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिली है। मगर, आम, फूल की फसल को नुकसान हुआ है। जबकि बारिश जायद की बोआई और सब्जियों के लिए फायदेमंद है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि बारिश से जायद की फसल मूंग, उरद, हराचारा, सनई और ढैंचा की बोआई शुरू हो जाएगी।

गेहूं की कटाई के बाद किसान खेतों की जोताई कर सकते हैं। कृषि विशेषज्ञ देवमणि त्रिपाठी ने बताया कि किसान खरीफ मौसम की फसल उर्द व मूंग की बोआई कर सकते हैं। सब्जी की फसलों में कीड़े का प्रकोप बढ़ सकता है। किसान मौसम साफ होने पर कीटनाशी दवाओं के साथ ही फफूंदनाशी दवाओं का भी हल्का छिड़काव कर सकते हैं। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि आंधी से 15 फीसदी आम गिरा है। जबकि बारिश के साथ पत्थर पड़ने से आम खराब होने हो सकता है।

पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, हो रही तलाश
लंका थाना क्षेत्र के मलहिया में विश्वसुंदरी पुल से देवा राजभर (18) ने खुदकुशी के लिए गंगा में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ ने खोजबीन शुरू की। युवक का पता नहीं चला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवा ने पुल पर अपनी बाइक खड़ी कर उस पर मोबाइल रखा और फिर गंगा में कूद गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देवा नागेपुर, राजातालाब का निवासी है। वह रिक्शा चालक दीना राजभर का छोटा बेटा है और राजगीर है। परिजनों के अनुसार, वह सुबह घर से खाना खाने के बाद काम पर जाने की बात कहकर निकला था। 

पूर्वोत्तर रेलवे के 9 कर्मचारी सेवानिवृत्त, 4 को मिला प्रमोशन
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में बृहस्पतिवार को को 9 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गए। इनको सभी भुगतान आदि मौके पर ही दिया गया। इन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद खाली 4 पदों के सापेक्ष पात्र कर्मचारियों का प्रमोशन किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रेमचंद सभागार कक्ष में कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक की मौजूदगी में कर्मचारियों को उनके समापक धनराशि का भुगतान किया गया। वीरेंद्र और दयाशंकर माैजूद रहे।

आयुष्मान नोडल और बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का वेतन रोका
सीडीओ प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में आयुष्मान कार्ड एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को फटकार लगाई। आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बड़ागांव का लगातार दूसरे महीने का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा आयुष्मान नोडल डॉ. आरके सिंह वेतन रोकने के निर्देश दिए। 

सीडीओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी की पांचवीं रैंकिंग पर स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाने को कहा। 

टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत स्क्रीनिंग बढ़ाने को कहा। टीबी नोटिफिकेशन रेट, फोर एएनसी (चार प्रसव पूर्व जांच) में वृद्धि और आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिह्नित बच्चों के शत प्रतिशत उपचार कराने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद ने सभी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया।

9 मई तक निरस्त रहेगी गोरखपुर एक्सप्रेस
गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 5-6 पर उपरिगामी पुल के निर्माण कार्य के कारण यातायात और पावर ब्लॉक लिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि वाराणसी सिटी से गोरखपुर चलने वाली 15132 गोरखपुर एक्सप्रेस 8 मई तक और गोरखपुर से वाराणसी सिटी चलने वाली 15131 गोरखपुर एक्सप्रेस 9 मई तक निरस्त रहेगी। 

इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 6 मई को चलने वाली 11081 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर के स्थान पर भटनी तक चलेगी। बनारस से 9 मई तक चलने वाली 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन तक चलेगी। अहमदाबाद से 1, 2, 3, 5, 6, 7 और 8 मई को चलने वाली ट्रेन संख्या 19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट स्टेशन तक जाएगी। 

काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के कोच में उठा धुआं, हादसा बचा
वाराणसी से दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के एस थ्री कोच में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। ट्रेन मां बाराही देवी स्टेशन से चलकर दुर्गागंज विद्युत केंद्र के समीप पहुंची थी। इसी दौरा ट्रेन के पहियों के पास और कोच से धुआं उठता देख एक यात्री ने ईमेल के जरिये सूचना रेलवे कंट्रोल को दी।

दूसरे यात्री ने आननफानन ट्रेन को दुर्गागंज विद्युत उपकेंद्र के पास चेन पुलिंग कर रोक दिया। ट्रेन के लोको पायलट और गार्ड ने एस थ्री कोच के पास पहुंचकर धुएं वाले स्थान का जायजा लिया। चालक ने घटना की सूचना कंट्रोल को दी। सूचना कंट्रोल ने मां बेल्हा देवी जंक्शन के एसएस को सूचित किया। धुएं का असर कम हाेने पर दुर्गागंज से शाम 5.41 बजे ट्रेन को मां बेल्हा देवी जंक्शन के लिए रवाना किया। 

बीएचयू में आज बंद रहेगी ओपीडी
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बंद रहेगी। ओपीडी में मरीजों को दिए जाने वाले पर्चे के पहले पेज पर भी अवकाश की सूची में इसका उल्लेख है। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं सामान्य दिनों की तरह चलती रहेंगी। 

स्मार्ट काशी एप से कुत्तों का रजिस्ट्रेशन
नगर निगम पशुपालकों की सुविधा के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। ऐसे में अब स्मार्ट काशी एप के माध्यम से घर बैठे ही अपने पालतू जानवरों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। पशु कल्याण एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि पालतू जानवरों का पंजीकरण कराने के लिए पशुपालकों को ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस नियम का मुख्य उद्देश्य पशुओं की सुरक्षा और शहर में पालतू जानवरों का सटीक डेटा रखना है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण न कराने की स्थिति में पशुपालकों पर 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। 

एमबीए में दाखिले के लिए 30 जून तक पंजीकरण
काशी विद्यापीठ में एमबीए में दाखिले की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण 30 जून तक करना होगा। ऐसे अभ्यर्थी जिनके पास सीयूईटी (पीजी)-2025 स्कोर-कार्ड है उन्हें प्रवेश के लिए अगले चरण में अपना पंजीकरण पूरा करना जरूरी होगा। विवि में संस्थान के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल का कहना है कि पंजीकरण के लिए विवि की वेबसाइट के माध्यम से एडमिशन काउंसिलिंग फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करना होगा। इस पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून है। उन्होने कहा कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरने से पहले पात्रता की जांच कर लेनी चाहिए। प्रबंध अध्ययन संस्थान के तहत चलने वाले एमबीए कोर्स में 132 सीट हैं। काउंसलिंग शुल्क रु. 1500 (नॉन रिफंडेबल) ऑनलाइन मोड से जमा किया जाना है। 

उद्योग जगत के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था करें मजबूत
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर बृहस्पतिवार को ओपन सेशन किया गया। सावित्रीबाई फुले सभागार में सुगम शिक्षा, कोर्स स्ट्रक्चर्स और शिक्षण पद्धति के साथ ही मूल्यांकन प्रणाली और स्नातक स्तर पर शोध के पक्ष रखे गए। इंटर्नशिप और शोध प्रबंध से संबंधित अवसरों और क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर विमर्श हुआ। कोर्स मैनेजमेंट, समय-सारणी दबाव, क्रेडिट ट्रांसफर की स्पष्टता और कई मुद्दों का समाधान मांगा गया।

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सतत प्रयासों और उद्योग जगत के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के समाधान लगातार विकसित होते रहेंगे। आईयूसीटीई के पूर्व निदेशक प्रो. बीके त्रिपाठी ने कहा कि बीएचयू के पास इस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई जरूरी शैक्षणिक और आधारभूत संरचनात्मक क्षमता उपलब्ध हैं। 

बोर्ड परीक्षा में फेल होने पर भी बचा सकते हैं साल, एनआईओएस देगा मौका
प्रयागराज। यूपी अथवा अन्य किसी राज्य बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में फेल होने वाले विद्यार्थियों का साल बचाने के लिए एनआईओएस प्रभावी विकल्प उपलब्ध करा रहा है। बोर्ड परीक्षा में फेल विद्यार्थी उसी साल पढ़ाई को आगे बढ़ा सकते हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) स्ट्रीम-2 के तहत पहली मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर रहा है।

एनआईओएस के चेयरमैन प्रो. अखिलेश मिश्र ने बताया कि उनका उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को दूसरा अवसर देना है ताकि एक परीक्षा में असफलता के कारण वह साल व्यर्थ न गंवा दे। स्ट्रीम-2 के तहत प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा एनआईओएस इसी साल अक्तूबर या नवंबर में करा लेगा। परिणाम भी दिसंबर तक आ जाएगा। नोएडा, प्रयागराज समेत देश भर में फैले एनआईओएस के क्षेत्रीय कार्यालयों औक सेंटर से पूरी जानकारी ली जा सकती है।

इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए एनआईओएस ऑन डिमांड परीक्षा सिस्टम भी लेकर आया है। इसके द्वारा बोर्ड परीक्षा में फेल विद्यार्थी मूल बोर्ड के दो विषयों के नंबर ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट से जोड़ सकते हैं और केवल तीन विषयों की परीक्षा देकर पास हो सकते हैं। प्रो. अखिलेश का कहना है कि एनआईओएस ने आवेदन करने के डेढ़ माह के अंदर परीक्षा कराने का ऐसा सिस्टम तैयार किया है जो हर पढ़ने वाले बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर देता है। 

शंकराचार्य ने किया गोप्रहरियों को पुरस्कृत
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने बृहस्पतिवार को केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में गौप्रहरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्हें स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस प्रतियोगिता में कक्षा तीन से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। 

शंकराचार्य ने कहा कि सनातन धर्म में गोमाता को एक पशु के रूप में नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति और सृष्टि की पोषिका व आधारशिला के रूप में देखा गया है। वैदिक परंपरा से लेकर आधुनिक समय तक गोमाता भारतीय समाज, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही हैं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन में भी गोमाता का विशेष महत्व रहा है।

उन्होंने कहा कि गोमाता की महिमा केवल धार्मिक ग्रंथों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण सम्पूर्ण मानवता और सृष्टि के कल्याण से जुड़ा है। अगर देखा जाए तो भारत की आजादी के आंदोलन का सूत्रपात भी गोमाता के संरक्षण और उनके प्रति सम्मान की भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि आजादी के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। 

हर हर महादेव... के साथ शिवलिंग स्थापित, भजनों से किया गुणगान
नगर निगम वार्ड नंबर 3 फुलवरिया के भिटारी स्थित हथियान वीर बाबा मंदिर में पांच दिवसीय वार्षिक शृंगार महोत्सव बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ। कलशयात्रा निकालने के साथ ही पांच दिन तक चले अनुष्ठान में पंडित गोविंद द्विवेदी के नेतृत्व में ब्राह्मणों ने विधि विधान से बाबा का पूजन कराया। 

गाजे-बाजे के साथ शिवलिंग को लेकर कॉलोनी में भ्रमण कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और हर हर महादेव के जयघोष के बीच शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कराया गया। हथियान वीर बाबा मंदिर समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय समारोह के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को रंग बिरंगे फूलों, झालर से मंदिर को सजाया गया। 

देर शाम एक से बढ़कर एक भजनों से लोगों ने बाबा का गुणगान किया। इस दौरान मंदिर समिति से मुकेश सिंह बारी, अमरनाथ प्रसाद, मुकेश चौरसिया, हरेंद्र प्रसाद, मुन्ना निगम, संतोष कुमार, उमाशंकर, सोनू सिंह आदि की देखरेख में हुए कार्यक्रम में काॅलोनीवासियों में बाबा का प्रसाद वितरित किया गया। 

आज माता शीतला का जलाभिषेक, चंदन शृंगार
बैशाख पूर्णिमा पर शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में जलाभिषेक होगा। महंत पं. शिव प्रसाद पांडेय ने बताया कि बैशाख पूर्णिमा के दिन भक्त मंदिर के गर्भगृह में माता का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन करेंगे। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक अभिषेक होगा। इसके बाद माता का चंदन शृंगार किया जाएगा।

25 बच्चियों ने मेहंदी प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
नव सृजन फाउंडेशन की ओर से बृहस्पतिवार को बागबरियारपुर में मेहंदी प्रतियोगिता हुई। संस्था की अध्यक्ष प्रीति जायसवाल के नेतृत्व में बच्चियों ने हुनर का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रथम स्थान पर कुमारी प्रियंका, द्वितीय पर अंजलि अग्रहरि और तृतीय स्थान पर आस्था गुप्ता रहीं। विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। बाकी को भी प्रमाणपत्र दिया गया। प्रीति ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की ओर महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संस्था उनके हुनर से निखार कर पहचान दिलाने का प्रयास कर रही है। 

बीएचयू में 18 मंत्रों की व्याख्या की
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के वेद विभाग में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के संस्कृत और प्राच्य अध्ययन संस्थान के आचार्य कृष्णमोहन पांडेय ने उपनिषदों की व्याख्या की। ईशावास्योपनिषद् के सभी 18 मंत्रों की संक्षिप्त व्याख्या की। सभी उपनिषदों का सार-तत्व समाहित किया। विशिष्ट व्याख्यान सत्र की अध्यक्षता वेद विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुनील कात्यायन ने किया। स्वागत वेद विभाग के पूर्व अध्यक्ष और वैदिक विज्ञान केंद्र के संस्थापक समन्वयक प्रो. उपेंद्र कुमारी त्रिपाठी ने किया। 

पांच शिक्षकों और सात छात्राओं का हुआ सम्मान
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से संस्कार गतिविधि के अंतर्गत गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम तुलसीपुर महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन विद्यालय में हुआ। पांच शिक्षकों को अंगवस्त्रम् और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जबकि सात छात्राओं को उनके उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रशंसा पत्र दिया गया। प्रधानाध्यापिका डॉ. आनंद प्रभा सिंह ने कार्यक्रम की सराहना की। 

संयोजन ममता नागर और रीता जायसवाल ने किया। संचालन अनीता दुबे और धन्यवाद ज्ञापन अनिल जायसवाल ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ सदस्य ब्रह्मानंद पेशवानी, प्रमोद राम त्रिपाठी, राजीव श्रीवास्तव, रीता जायसवाल, ममता नागर, निशा त्रिपाठी, अनिता दुबे, पूनम जायसवाल आदि रहीं।

काम पर विजय प्राप्त करना ही रासलीला है
डॉ. संजय कृष्ण सलिल ने कहा कि काम पर विजय प्राप्त करना ही रासलीला है। यह कोई साधारण जीव नहीं कर सकता है। गोविंद सोलह हजार एक सौ आठ गोपियों के साथ रहकर भी पूर्ण ब्रह्म हैं। इस रासलीला को कौन-कौन श्रवण कर रहा है। राजा परीक्षित को एक दिन के बाद मरना है। वह भी प्रभु की इस रासलीला का आनंद ले रहे हैं। रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल स्मृति भवन दाऊजी उपवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन बृहस्पतिवार को उन्होंने संदीपनी आश्रम में कृष्ण सुदामा शिक्षा पर प्रकाश डाला। कथा श्रवण करने समाजसेवी अशोक गुप्ता, विकास भावसिंघका, अजय विज, संदीप कुमार, चरणजीत आदि पहुंचे थे। 

दिल्ली बीर बाबा मंदिर का हुआ शृंगार
मिर्जामुराद के कल्लीपुर गांव स्थित प्राचीन दिल्ली बीर बाबा मंदिर में शृंगार हुआ। भक्तों ने बाबा के दरबार में विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। भक्तों ने भजन कीर्तन से बाबा की महिमा का गान किया। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शृंगार में संयोजन समिति के सदस्य विनोद पटेल, लक्ष्मी शंकर पांडेय, रामनारायण पटेल, कमलेश यादव, लालचंद विश्वकर्मा शामिल रहे।

पीएनबी के प्रबंध निदेशक ने मंदिर परिसर में नई शाखा का उद्घाटन किया
देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने बृहस्पतिवार को वाराणसी अंचल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीएसआर गतिविधि के अंतर्गत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के सरस्वती द्वार (गेट संख्या 02) का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 सीटों वाली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट मंदिर के अधिकारी को भेंट की। 

इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित पीएनबी की नवनिर्मित शाखा का शुभारंभ किया। अंचल कार्यालय वाराणसी में आयोजित ग्राहक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने ग्राहकों से संवाद कर उनके सुझाव एवं फीडबैक लिए और बैंक के विजन के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया। इस अवसर पर अंचल प्रबंधक दीपक सिंह ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में हरविंदर सिंह रंधावा, रमेंद्र नारायण ओम, प्रभाष चंद्र लाल, संजीव पुरकाएत, राजेश कुमार एवं उपेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

जो लोकगीत गाती हूं उसमें संस्कृत का हाथ है, इसने ही दी भारत को देखने की दृष्टि : मालिनी अवस्थी
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में बृहस्पतिवार को लोक गायिका मालिनी अवस्थी की 27 अध्यायों वाली नई पुस्तक चंदन किवाड़ का लोकार्पण हुआ। भारत अध्ययन साहित्य संवाद के अंतर्गत पुस्तक चर्चा में मालिनी अवस्थी ने कहा कि भारत अध्ययन केंद्र उनके लिए एक परिवार है। इस पुस्तक को उन्होंने यात्राओं के दौरान लिखा है। लोकगीतों की कथाओं के मनोविज्ञान और समाजशास्त्र पर काम होना बाकी है। उन्होंने कहा कि जो लोकगीत वह गाती हैं, उसके पीछे संस्कृत का हाथ है। संस्कृत नहीं होता तो उन्हें भारत को देखने की मुकम्मल दृष्टि नहीं मिलती।

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि मालिनी अवस्थी ने संगीत और गायन के साथ-साथ 27 अध्यायों की पुस्तक भी लिखी। पुस्तकों की यह खूबी होती है कि पढ़ने वाला अपने दर्पण से समझता है और लिखने वाला अपने दर्पण से। यह पुस्तक आत्मकथात्मक लगती है क्योंकि उन्होंने जिन भी गीतों और प्रसंग को चुना है, उनका मालिनी अवस्थी के जीवन से जुड़ाव है। 

2017 से 2022 तक चेयर प्रोफेसर रहीं
हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ने कहा कि चंदन का किवाड़ लोक का किवाड़ है जो चंदन की सुगंध लिए सजल कंठ स्त्रियों के भीतर विश्वास को जिंदा रखता है। इस दौरान प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विभाग की आचार्य प्रो. अर्चना वर्मा, समन्वयक प्रो. शरदिंदु तिवारी और संचालक डॉ. अमित कुमार पांडेय मौजूद रहे। मालिनी अवस्थी 2017 से 2022 तक भारत अध्ययन केंद्र की संस्थापक सदस्य और चेयर प्रोफेसर भी रही हैं।

फोटोग्राफी कला में रघु राय थे कुशल जौहरी, अनुसरण करना होगा
महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और छायाकारों ने जाने माने फोटोग्राफर रघु राय और प्रदीप पांडेय रवि को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य वक्ता आर गणेशन ने कहा कि रघु राय फोटोग्राफी की दुनिया के कुशल जौहरी थे। उनकी कला का अनुसरण करना होगा। रघु राय हमेशा कहते थे कि अच्छी लिखावट के लिए जरूरी नहीं कि कलम महंगी और सुंदर हो। बस दृष्टि सही होनी चाहिए। 

हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि फोटोग्राफी के लिए दृष्टि की आवश्यकता होती है। इसी दृष्टि और जुनून ने रघु राय को बुलंदी तक पहुंचाया। फोटोग्राफर कृष्ण देव ने कहा कि फोटोग्राफी एक एप्लाइड आर्ट है। रघु राय ने ब्लैक एंड व्हाइट माध्यम से समाज को बहुत सहजता के साथ चित्रित किया जो सरल और प्रभावशाली हैं। 

आनंद बरनवाल ने कहा कि फोटोग्राफर अपने विषय से भावनात्मक रूप से जुड़ा होता है। किसी भी तस्वीर को कैद करने के लिए उससे जुड़ना और उसके साथ रूबरू होना आवश्यक है। उदाती दादा ने कहा कि फोटोग्राफी का विषय समय और विचार के साथ बदलता रहता है। रघु राय ने आजादी की लड़ाई और उसके बाद के दौर को भी अपने लेंस में प्रभावशाली ढंग से कैद किया। इस दौरान दीनदयाल फोटो आर्ट सोसाइटी के अध्यक्ष विनय रावल ने रघु राय के चित्रों का एक स्लाइड शो भी प्रस्तुत किया।

आज शंकराचार्य करेंगे जगन्नाथ मंदिर में जीर्णोद्धार का शिलान्यास
कांची कामकोटि पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी शंकर विजयेंद्र सरस्वती शुक्रवार को काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के बाद जगन्नाथ धाम का शिलान्यास करेंगे। अस्सी स्थित जगन्नाथ मंदिर में अनुष्ठान होंगे। इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए शंकराचार्य बृहस्पतिवार को दोपहर बाद काशी पहुंचे। उन्होंने बाबा कालभैरव और अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। 

शंकराचार्य के एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अनुयायियों ने वैदिक विधि से स्वागत किया। कालभैरव और अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन अर्चन करने के बाद हनुमान घाट स्थित कांची कामकोटि पीठ पहुंचने पर ट्रस्ट श्री जगन्नाथ के ट्रस्टी एवं सदस्यों ने उनका स्वागत किया। स्वागत सुब्रह्मण्यम मणि, सिद्धार्थ सिंह, शैलेश त्रिपाठी, अनिल केडिया, हरीश वालिया, उत्कर्ष श्रीवास्तव, ज्ञानेश्वर जायसवाल, डॉ. शिशिर मालवीय, विनय राय आदि ने किया। ट्रस्ट श्री जगन्नाथ के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शंकराचार्य शिलापूजन सुबह नौ बजे करेंगे। इसके बाद शंकराचार्य श्रद्धालुओं और भक्तजनों को आशीर्वाद देंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed