Varanasi News: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में शीर्ष तीन छात्र सेवापुरी ब्लॉक से
Varanasi News: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में टाॅप करने वाले छात्र-छात्राओं को लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहाैल है। परिवार के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं। तीन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।
विस्तार
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में विकास खंड सेवापुरी के तीन बच्चों ने टॉप 3 में स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा में पहला स्थान आदित्य कुमार, दूसरा स्थान वर्तिका मौर्या और तीसरा स्थान अनुज कुमार ने हासिल किया। इस छात्रवृत्ति के लिए जिले के 269 छात्रों का चयन किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि पहला स्थान प्राप्त करने वाले आदित्य कुमार सेवापुरी विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय सिरिहिरा के छात्र हैं। आदित्य ने 180 अंक में 155 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, इसी विकास खंड के युगल बिहारी इंटर काॅलेज की वर्तिका मौर्या ने 154 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान पाया।
सेवापुरी विकास खंड के ही कंपोजिट विद्यालय देहली विनायक के अनुज कुमार ने 153 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। बीएसए ने सेवापुरी विकास खंड के शिक्षाधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव को शुभाकामना दी।
सहायक अध्यापक अजय कुमार जो वाराणसी के प्रतियोगी परीक्षा के जनपद नोडल हैं, उन्होंने बच्चों के व्हाट्सएप ग्रुप और अपने यूट्यूब चैनल के जरिये बच्चों को सभी जरूरी मदद उपलब्ध कराई। परीक्षा में सफल छात्र को कक्षा 9 से 12 तक 12000 रुपये प्रति वर्ष की दर से कुल 48000 रुपये भारत सरकार द्वारा दिया जाएगा। सफलता प्राप्त करने वाले बच्चों को किसी सरकारी या सहायता प्राप्त विद्यालय में एडमिशन लेना होगा।
छात्रवृत्ति परीक्षा में पिंडरा ब्लॉक ने मारी बाजी
राष्ट्रीय आय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में पिंडरा ब्लॉक से 24 से अधिक छात्र छात्राओं ने बाजी मारी। कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी के स्टेट अवार्डी शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यालय से लगभग 12 बच्चों ने राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में प्रतिभाग किया था। इसमें स्नेहा पटेल ने 20 वीं, शालू पटेल 30वीं, अंशु पटेल 41वीं व नीतू सरोज ने 54वीं रैंक हासिल की। कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर से साक्षी पटेल ने 126वीं, वैभवी सिंह ने 114वीं और दिव्यांशु ने 101वीं रैंक हासिल की।
