सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Sports news Ritambhara Third Consecutive Win in Carrom League Singles

Sports: कैरम लीग के एकल में रितंभरा की लगातार तीसरी जीत, भरत एकादश ने जीता मैच समेत खेल की खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Mon, 01 Jun 2026 03:03 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: इंग्लिशिया लाइन स्थित चंद्रा त्रिपाठी कक्ष में पांचवीं रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग खेली जा रही है। आठवें दिन एकल कैरम लीग में रितंभरा ने लगातार तीसरी जीत हासिल की। 

Varanasi Sports news Ritambhara Third Consecutive Win in Carrom League Singles
कैरम लीग के एकल में रितंभरा की लगातार तीसरी जीत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

जिला कैरम एसोसिएशन की ओर से इंग्लिशिया लाइन स्थित चंद्रा त्रिपाठी कक्ष में पांचवीं रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग खेली जा रही है। आठवें दिन महिला एवं पुरुष वर्ग के सिंगल्स के पांच और डबल्स का एक मैच सहित कुल छह मैच खेले गए। इसमें एकल कैरम लीग में रितंभरा ने लगातार तीसरी, जबकि रिषिता केशरी ने लगातार दूसरी और हरियाली सिंह ने दो मैचों में पहली जीत हासिल की।

Trending Videos


पुरुष एकल लीग में अश्विनी चक्रवाल की लगातार दूसरी और हर्षित केशरी की दो मैचों में पहली जीत मिली। महिला एकल लीग में अनुभवी सीनियर नेशनल खिलाड़ी रितंभरा ने प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी सौम्या यादव से अपना अंतिम लीग मैच खेलते हुए 25-14, 21-12 और 21-17 से लगातार शानदार तीसरी जीत दर्ज की। अपने दूसरे लीग मैच में युवा खिलाड़ी रिषिता केशरी ने प्रतिभाशाली जूनियर खिलाड़ी आर्या यादव को तीन संघर्षपूर्ण सेटों में 25-9, 13-19 और 17-10 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सीनियर खिलाड़ी हरियाली सिंह ने अपना दूसरा लीग मैच खेलते हुए सब-जूनियर खिलाड़ी काव्या सेठ को दो सीधे सेटों में 23-8, 25-8 से हराकर पहली जीत दर्ज की।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुरुष वर्ग की एकल लीग में अनुभवी सीनियर खिलाड़ी अश्विनी चक्रवाल ने उभरते युवा खिलाड़ी हर्षित केशरी को दो सीधे सेटों में 25-9, 25-10 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, हर्षित केशरी ने अपना दूसरा लीग मैच खेलते हुए अनुभवी वरिष्ठ खिलाड़ी श्री प्रसाद सोनी को तीन संघर्षपूर्ण सेटों में 19-18, 7-25 और 22-10 से पराजित कर पहली जीत दर्ज की। 

पुरुष युगल के अंतिम लीग मैच में विनोद यादव और अभिषेक विश्वकर्मा की अनुभवी जोड़ी ने कड़े संघर्ष में प्रियांशु यादव और अश्वनी मौर्य की युवा जोड़ी को 12-25, 25-10 और 21-20 से हराकर पुरुष युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक की भूमिका रमेश कुमार वर्मा ने निभाई। संचालन आयोजन सचिव अश्विनी चक्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वैभव नारायण सिंह ने दिया। इस मौके पर हर्षित केशरी, प्रसाद सोनी, जागृति सोनी, गौरव गुप्ता, जमुनाधर, काव्या सेठ आदि मौजूद रहे।

भरत एकादश ने जीता गुजराती प्रीमियर लीग का उद्घाटन मैच
श्रीवल्लभ युवक परिषद की ओर से गुजराती प्रीमियर क्रिकेट लीग का आयोजन 31 मई से 7 जून तक डीएवी मैदान में किया जा रहा है। रविवार को खेले गए उद्घाटन मुकाबले में भरत एकादश ने अजय एकादश को 38 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भरत एकादश ने 10 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। जवाब में अजय एकादश की पूरी टीम 87 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरे मैच में वल्लभ एकादश ने नवीन एकादश को 23 रन से पराजित किया। इस अवसर पर आयोजन सचिव रोशन गुजराती, लोकेश गुप्ता, वृंदावनदास गुजराती, बलदेवदास गुजराती सहित अन्य पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।  

बड़ा लालपुर स्टेडियम के उप क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी बने क्रीड़ाधिकारी
डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में उप क्रीड़ाधिकारी पद पर तैनात डॉ. मंजूर आलम अंसारी का प्रमोशन हो गया है। उन्हें अंबेडकर नगर का क्रीड़ाधिकारी बनाया गया है। डॉ. मंजूर आलम अंसारी एथलेटिक्स के नामी कोच भी हैं। उनके चार वर्ष के कार्यकाल में उनके कई प्रशिक्षुओं ने देश-विदेश में पदक जीते हैं। इसके अलावा इसी क्रीड़ा संकुल में तैनात उप क्रीड़ाधिकारी अकरम महमूद का तबादला इसी पद पर लखनऊ कर दिया गया है। अकरम महमूद हॉकी कोच हैं। उनकी अगुवाई में वाराणसी की टीम ने नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वाराणसी में खेली जाने वाली ऑल इंडिया पद्मश्री मोहम्मद शाहिद प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।  

वाराणसी क्लब ने 17-16 के स्कोर से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
रितिका के रनिंग शॉट की रणनीति ने वाराणसी क्लब को सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया। रविवार को द्वितीय रानी लक्ष्मीबाई बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी क्लब ने कांटे के संघर्ष में बनारस हीरोज को 17-16 गोल से हरा दिया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों के बीच शुरू से संघर्ष देखने को मिला। वाराणसी क्लब की रितिका ने रनिंग शॉट के जरिये कई गोल किए, वहीं बनारस हीरोज की आकृति और दिव्या ने स्पिन शॉट से जवाब दिया। हाफ टाइम तक स्कोर 10-10 से बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के लेफ्ट विंग पर हमले की रणनीति अपनाई। वाराणसी क्लब की तरफ से नंदनी और अंशिका ने स्ट्राइक किया, तो बनारस हीरोज की तरफ से श्रेया ने शानदार डिफेंस किया। अंतिम मिनटों में वाराणसी क्लब की रितिका ने दो गोल कर 17-16 के अंतर से अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।



वाराणसी क्लब की तरफ से रितिका ने सात तथा नंदनी और अंशिका ने पांच-पांच गोल किए। बनारस हीरोज की तरफ से आकृति ने छह तथा दिव्या और श्रेया ने पांच-पांच गोल किए। सोमवार को यूथ क्लब और यूनिटी क्लब के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में छह टीमों के 72 खिलाड़ी खेल रहे हैं। टीमों को दो पूल में बांटा गया है। यह प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। तीन जून को प्रतियोगिता का फाइनल होगा। 
विज्ञापन

बंगाल प्रीमियर लीग में खेलेंगे सुंदरपुर के विवेक सिंह
सुंदरपुर निवासी क्रिकेट खिलाड़ी विवेक सिंह का चयन बंगाल प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण के लिए मेदिनीपुर विजार्ड्स टीम में हुआ है। यह उपलब्धि उन्हें कोलकाता के कस्टम क्लब की ओर से खेलते हुए हासिल हुई है। विवेक लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज हैं। उन्हें मेदिनीपुर विजार्ड्स की टीम ने एक लाख रुपये में खरीदा है। नौकरी के साथ-साथ वे कोलकाता में रहकर क्लब क्रिकेट में भी सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। मूल रूप से वे वाराणसी के सुंदरपुर निवासी हैं। विवेक की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उनके कोच मोहम्मद फैसल ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि यह विवेक की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।  

गंगापुर के हॉकी खिलाड़ियों को मिला किट
गंगापुर एकेडमी के ग्रीष्मकालीन हॉकी शिविर के खिलाड़ियों को खेल किट वितरित किया गया। लोकबंधु राजनारायण विधि महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अभिषेक सिंह ने खिलाड़ियों को किट प्रदान करते हुए खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल में अनुशासन और समर्पण ही खिलाड़ी को सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय कुमार सेठ ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर अवधेश लाल, रोहित मोदनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 
 
एसपीएल ने एवरेस्ट सुपर को हराया
संत कवर राम सिंधी युवा समिति की ओर से आयोजित सिंधी प्रीमियर क्रिकेट लीग का दूसरा मैच रविवार को सिगरा स्टेडियम में खेला गया। रविवार को खेले गए मुकाबले में एसपीएल ने एवरेस्ट सुपर नेपाल को 62 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपीएल की टीम ने 10 ओवर में आठ विकेट पर 139 रन बनाए। जवाब में एवरेस्ट सुपर नेपाल की टीम 10 ओवर में 75 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस अवसर पर रतन राजवानी, दिलीप आहूजा, जय लालवानी, दीपक वासवानी, हिमांशु और सुमित सहित अन्य लोग मौजूद रहे। 

प्रादेशिक तैराकी में काशी के दो तैराकों ने जीते पदक
लखनऊ में खेली जा रही प्रादेशिक सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में वाराणसी के दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन सत्यम साहनी ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, गौरव सेनगुप्ता ने 200 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला सचिव शंभू प्रसाद, कनाई चंद्र तलापात्र सहित अन्य खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।  

इसे भी पढ़ें; गर्व के पल: हांगकांग में काशी के लाल का धमाल, ऑटो चालक के बेटे अभय ने कांस्य पदक जीत रचा इतिहास

हरियाणा में वाराणसी की हैंडबॉल टीम को तीसरा स्थान
हरियाणा के पानीपत स्थित उग्राखेड़ी में आयोजित ग्रामीण हैंडबॉल प्रतियोगिता में श्यामा हैंडबॉल अकादमी की टीम ने कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर श्यामा हैंडबॉल अकादमी के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और नियमित प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अकादमी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अकादमी की ट्रस्टी उपमा पांडेय तथा यूपी हैंडबॉल संघ के कार्यकारी अमित पांडेय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और समर्थकों को बधाई दी।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed