सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today case of cough syrup case and Fraudulent Bank Transaction

Varanasi Top News: मारपीट, धोखाधड़ी और चोरी समेत वाराणसी की प्रमुख खबरें, पढ़ें- सिर्फ एक क्लिक में

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 08 Apr 2026 12:00 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में धोखाधड़ी, चोरी और मारपीट समेत कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें फर्जी बैंक ट्रांजेक्शन दिखाकर जमीन के बैनामे का आरोप और प्रसव कराने वाली रिटायर्ड एएनएम और आशा कार्यकर्ता पर प्राथमिकी दर्ज होने की कार्रवाई समेत कई खबरें चर्चा में रहीं। 

Varanasi Top News Today case of cough syrup case and Fraudulent Bank Transaction
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

त्रिपुरा जेल में बंद सौरभ का बयान दर्ज करने जाएगी पुलिस

Trending Videos

कफ सिरप मामले में त्रिपुरा जेल में बंद सौरभ त्यागी का बयान दर्ज करने के लिए 8 अप्रैल 2026 को रोहनिया पुलिस त्रिपुरा रवाना होगी। बयान दर्ज करने के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सौरभ त्यागी का बयान दर्ज किया जाएगा। सौरभ गाजियाबाद का रहने वाला है और कोडीन युक्त कफ सिरप के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ मुख्य आरोपी है। दिसंबर 2025 में त्रिपुरा के जिरानिया रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ी खेप पकड़ी गई थी, जिसमें वह मुख्य संदिग्ध था।  

फर्जी बैंक ट्रांजेक्शन दिखाकर जमीन के बैनामे का आरोप
जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में पीड़ित कादीपुर कलां निवासी नगीना सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि आरोपियों ने बिना भुगतान किए ही फर्जी बैंक ट्रांजेक्शन दिखाकर जमीन का बैनामा करा लिया। तहरीर में नगीना सिंह ने बताया कि 2021 में रविशंकर मिश्रा और अश्वनी मिश्रा ने कोटवां में जमीन खरीदने की इच्छा जताई। बातचीत के दौरान 15 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपितों ने भरोसा दिलाया कि पूरी रकम बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस भरोसे में पीड़ित पक्ष ने अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों का विवरण भी उपलब्ध करा दिया। 13 अप्रैल को दोनों आरोपी रजिस्ट्री से जुड़े लोगों और गवाहों के साथ पहुंचे और भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने की बात कहकर जमीन का बैनामा करा लिया। बाद में जब पीड़ित पक्ष ने अपने खातों की जांच की तो किसी भी प्रकार की धनराशि प्राप्त नहीं हुई। पीड़ित के अनुसार, छानबीन में यह भी सामने आया कि पहले से हुए करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन को ही कागजों में दर्शाकर शेष भुगतान दिखा दिया गया। उनका आरोप है कि सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर जमीन हड़प ली गई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; Varanasi News: गंगा पुल रिंग रोड-3 पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, छोटे वाहन ही गुजरेंगे; वजह जान लें
 
प्रसव कराने वाली रिटायर्ड एएनएम और आशा कार्यकर्ता पर दर्ज होगी प्राथमिकी
नियमों के खिलाफ प्रसव कराने वाली रिटायर्ड एएनएम और आशा कार्यकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी। पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बराईं की आशा कार्यकर्ता रेखा राजभर की बर्खास्तगी के लिए नियोक्ता ग्राम पंचायत को पत्र लिखकर पदमुक्त करने की संस्तुति की है। डिलीवरी डेथ के ब्लॉक ऑडिट टीम की रिपोर्ट में दोनों की मिलीभगत से बिना किसी संसाधन प्रसव उपरांत प्रसूता की मौत की पुष्टि हुई है। डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मेडिकल हेल्थ की टीम ने मृत प्रसूता चांदनी पत्नी अशोक राजभर के परिजनों से मुलाकात कर परिस्थितियों की जानकारी ली। गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवार से अनुचित लाभ का पुख्ता प्रमाण मिला है। रिटायर्ड एएनएम अनीता पाल पूर्व में मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र बराई से ही अवकाश ग्रहण किया है। वहां उसकी पहले भी इस प्रकार की शिकायत रही है। प्रसव कराने वाले जगह की जांच में टूटे फूटे बेड पर गंदगी मिली और मात्र एक कैंची ही रही। एनएचएम के मानकों के विपरीत आचरण किया गया। इस प्रकार अनुचित लाभ के चक्कर में संस्थागत प्रसव नहीं कराने पर आशा कार्यकर्ता की बर्खास्तगी की जाएगी। बिना किसी संसाधन के मानकों के विपरीत लापरवाही से प्रसव कराने में दोषी पाई गई रिटायर्ड एएनएम अनीता पाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए सीएमओ से संस्तुति की गई है। 

रैगिंग के नाम पर छात्र से मारपीट, नकदी भी छीनी
रैगिंग के नाम पर एक छात्र के साथ मारपीट और जबरन वसूली के मामले में पीड़ित के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। टड़िया चकबीही निवासी मनीष कुमार पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र उत्सव पांडेय मीरापुर बसई के एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करता है। आरोप है कि 6 अप्रैल की शाम 5 बजे वह कोचिंग से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में टकटकपुर निवासी अनमोल सिंह ने कुछ साथियों के साथ मिलकर मारा पीटा। पिता के अनुसार, युवक क्षेत्र में जूनियर छात्रों को रोककर पैसे मांगते हैं। आरोप है कि अनमोल सिंह और साथियों ने उत्सव को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया, जिससे छात्र घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास से 800 रुपये भी छीन लिए। जाते-जाते आरोपियों ने छात्र को धमकी दी कि अगर वह नियमित रूप से पैसे नहीं देगा तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें; कफ सिरप: भगोड़े शुभम के मददगारों की पर एसआईटी की नजर, तीन साल में हुई रजिस्ट्री के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

बीएचयू में पुलिसकर्मी के खिलाफ एसीपी को दिया ज्ञापन
बीएचयू के लंका गेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार और सीर चौकी के पुलिसकर्मी के खिलाफ मामले को लेकर छात्रों ने भेलूपुर एसीपी को ज्ञापन दिया। बताया कि 7 अप्रैल को बीएचयू के छात्रों, समुदाय और नागरिक समाज का प्रदर्शन हो रहा था। मुख्य द्वार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए एक मुख्य स्थान रहा है, लेकिन विरोध प्रदर्शन पर पुलिस प्रशासन ने रोक लगा दी। प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि लंका गेट पर लोकतांत्रिक प्रदर्शन के अधिकार की बहाली हो। भारतीय संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है, जिसकी रक्षा की जानी चाहिए। छात्रों ने कहा कि एसीपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।  
 
सोने की चेन लूटने के मामले में आरोपित को मिली जमानत
दक्षिण भारतीय तीर्थयात्री महिला की सोने की चेन लूटने के मामले में आरोपित विकास पटेल को सुनवाई के बाद कोर्ट से जमानत मिल गई। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने उसे 40 हजार रुपये की जमानत व बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा निवासी पी. वेंकटलक्ष्मी ने लक्सा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 11 अगस्त 2025 की सुबह दर्शन के लिए जाते समय दो बाइक सवारों ने उनके गले से 64 ग्राम सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद भभुआ (बिहार) निवासी विकास पटेल को गिरफ्तार कर उसके पास से 14,500 रुपये बरामद किए थे।  

दहेज हत्या के मामले में आरोपी दो जेठ गिरफ्तार
शिवपुर के लोढ़ान में महादेवपुरम कॉलोनी निवासी काजल राय की दहेज हत्या में वांछित दोनों जेठ विवेक कुमार सिंह व अभिषेक कुमार को शिवपुर पुलिस ने मंगलवार को नागा बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। 27 फरवरी को फंदे से लटक काजल राय ने जान दे दी थी। परिजनों ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पिछले दिनों पति नितेश कुमार सिंह को भी जेल भेजा गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी मूल निवासी आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के अंडिका के हैं। बैंक ऑफ इंडिया मलदहिया शाखा में मैनेजर पति नितेश कुमार सिंह की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। घर की महिलाओं पर भी प्राथमिकी दर्ज है। 

इसे भी पढ़ें; यूपी पुलिस का एक्शन: चार बांग्लादेशियों को किया गिरफ्तार, क्रशर प्लांट में पांच साल से कर रहे थे काम

धारावाहिक बनाने वाले पति पर दर्ज कराई प्राथमिकी
विवाहिता ने पति के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और घर से निकालने समेत धमकी के मामले में मंगलवार को लक्सा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पति दिलीप सोनकर, मुंबई के गोरे गांव महात्मा ज्योतिबा फुले नगर का निवासी है। कमला श्री फिल्म प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से आरोपी पति दिलीप सोनकर धारावाहिक बनाता है। लक्सा थाना क्षेत्र के श्रीनगर कॉलोनी निवासी पीड़िता रेखा सोनकर ने पुलिस को बताया कि 50 लाख की मांग को लेकर पति दिलीप आए दिन प्रताड़ित करता है। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

इसे भी पढ़ें; UP Crime: शादी से कम नहीं होती जुर्म की गंभीरता, कोर्ट ने दुष्कर्म के दोषी को सुनाई 20 साल की सजा

हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
लंका थाना क्षेत्र के बालाजी नगर कॉलोनी निवासी त्रिभुवन सिंह की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 28 मार्च की सुबह त्रिभुवन सिंह बाइक से कहीं जा रहे थे। मालवीय भवन के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटी श्वेता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि चालक की पहचान की जा रही है।  

चालान का ऐप डाउनलोड कराकर 8.36 लाख रुपये की साइबर ठगी
चालान एप डाउनलोड कराकर 8.36 लाख की साइबर ठगी की गई। पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। रमना निवासी राहुल कुमार पटेल ने पुलिस को तहरीर में बतया कि उनके मोबाइल पर 11 मार्च को चालान से जुड़ा ऐप भेजा गया। ऐप डाउनलोड करते ही आधे घंटे में खाते से 8,36,500 रुपये निकल गए। मोबाइल पर आए लिंक को चालान संबंधी समझकर उन्होंने ऐप डाउनलोड कर लिया। ऐप इंस्टॉल करने के कुछ ही देर बाद मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का मैसेज आने लगा। तब उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर साइबर सेल की मदद ली जा रही है। 

घर में घुसकर सुपरवाइजर की पिटाई, प्राथमिकी दर्ज
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव विंदा मोड़ में किराए के मकान में रह रहे एक कंपनी के सुपरवाइजर के कमरे में घुसकर सोमवार रात मनबढ़ युवकों ने मारपीट की। पुलिस को तहरीर में बलिया निवासी अभिजीत सिंह ने बताया कि वह एग्रो पार्क करखियाव के कंपनी में सुपरवाइजर है। सोमवार दोपहर वाहन नंबर लगाने को लेकर उनका पिंडरा निवासी विनोद यादव से विवाद हो गया था। रंजिश में रात साढ़े नौ बजे तीन युवक बाइक से उनके किराए के मकान पर पहुंचे और कमरे में घुसकर लात-घूंसों से पिटाई कर दी। साथ ही विनोद यादव की गाड़ी को दोबारा टोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

एटीएम बदलकर छात्र से 29 हजार की ठगी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड के बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर जालसाजों ने बीएससी के एक छात्र का एटीएम कार्ड बदलकर 29 हजार रुपये निकाल लिए। भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के दूरासी गांव निवासी शुभम राज शनिवार को पिता प्रदीप के साथ एटीएम से पैसे निकालने आया था। कार्ड लगाने के बाद पैसा नहीं निकला तो कुछ लोगों ने मदद के बहाने कार्ड बदल लिया। छात्र बिना पैसा निकाले घर लौट गया। रविवार को मोबाइल पर खाते से 29 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। सोमवार को बैंक पहुंचकर जांच कराने पर पता चला कि कई बार में रकम निकाली गई और एटीएम कार्ड भी बदल दिया गया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सीसी फुटेज के आधार पर जालसाज की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन पूजा के नाम पर ठगी, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामले में भदोही के औराई थाना क्षेत्र निवासी विनय तिवारी के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि आरोपी ने गूगल पर विज्ञापन देकर खुद को कामाख्या मंदिर का पुजारी बताया और भीलवाड़ा निवासी एक व्यक्ति से ग्रह-नक्षत्र शांत कराने के नाम पर ऑनलाइन पूजा कराने का झांसा देकर पैसे ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम सेल ने जांच कर कार्रवाई की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।  

महिला से अभद्रता व मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में महिला अधिवक्ता के साथ अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। न्यू कॉलोनी ककरमत्ता निवासी महिला अधिवक्ता अनिता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2024 में जलालीपट्टी निवासी विकास चतुर्वेदी को चार माह के लिए 1,71,500 रुपये ऑनलाइन उधार दिए थे, लेकिन तय समय पर रुपये वापस नहीं किए गए। 2025 में बीएलडब्ल्यू चौकी पर हुई पंचायत में गोकुल नगर कॉलोनी कंचनपुर निवासी सुभाष सिंह ने मध्यस्थता कर जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि कुछ दिन पहले बीएलडब्ल्यू चौकी पर फिर से पंचायत हुई। चौकी से बाहर निकलते ही विकास चतुर्वेदी और सुभाष सिंह ने अभद्रता करते हुए धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  
 
शराब बिक्री पर महिलाओं का चक्काजाम
गोसाईपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के भोपापुर और हरदासपुर सरैया गांव की महिलाओं ने मंगलवार को रिहायशी बस्ती के बीच देसी शराब की दुकान के विरोध में बाबतपुर–चौबेपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम से आवागमन ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने समाधान निकालने का भरोसा देकर महिलाओं को शांत कराया। महिलाओं का आरोप था कि दुकान पर 24 घंटे अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। साथ ही निर्धारित मूल्य से अधिक दाम भी वसूले जा रहे हैं। महिलाओं का कहना था कि खुलेआम शराब बिक्री से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। कई पुरुष दिनभर नशे में रहते हैं, जिससे घरों में विवाद, मारपीट और अशांति की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाकर जाम समाप्त कराया। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

महिला दर्शनार्थी का 36 ग्राम सोने का मंगलसूत्र चोरी
काल भैरव मंदिर में दर्शन के दौरान महिला शांथी का 36 ग्राम का मंगलसूत्र चोरी हो गया। पीड़िता ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। तमिलनाडु के नीलगिरी ऊंटी धनवास गांव निवासी गुरुसेकरन की पत्नी शांति ई. पांच अप्रैल को काल भैरव मंदिर में दर्शन के लिए कतारबद्ध थी। पुलिस को बताया कि दोपहर लगभग 12.40 बजे सोने का मंगलसूत्र गुम हो गया। शुरू में लगा कि कहीं गिर गया है। मंदिर और आसपास के सीसी कैमरे की फुटेज की जांच में पता चला कि किसी ने निकाल लिया है। कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसी कैमरे से जांच कराई जा रही है।  
 
गंगा में उतराया मिला युवक का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त
नगर क्षेत्र के धोबीघाट पर मंगलवार सुबह 35 साल के युवक का शव गंगा में उतराया मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखकर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को गंगा से बाहर निकलवाया। दो घंटे तक आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें कोई सिम कार्ड नहीं था। पास में एक बैग भी मिला, लेकिन उसमें भी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने मोबाइल की जांच के लिए उसे साइबर सेल भेज दिया है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शव को सुरक्षित रखवा दिया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed