वाराणसी में युवक की हत्या: पुरानी रंजिश में बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला, दो आरोपी पुलिस की हिरासत में
Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने दो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विस्तार
वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र के धौरहरा मिश्ररान गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
उगापुर गांव के समीप नहर के पास स्थित धौरहरा गांव निवासी संजय मिश्रा (पुत्र संत कुमार मिश्रा) शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से दवा लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि शिवा सिंह, ठल्लू सिंह समेत दो अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से संजय मिश्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर संजय के भाई राजीव मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें थाने लेकर गए। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया।
पुरानी रंजिश के कारण की गई हत्या
दीनदयाल अस्पताल में इलाज के दौरान रात लगभग 10:40 बजे संजय मिश्रा ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया यह हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई है। गांव के एक राजभर परिवार को पानी देने को लेकर विवाद चल रहा था। विपक्ष के लोग संजय के परिवार को उक्त व्यक्ति को सबमर्सिबल से पानी देने से मना करते थे, लेकिन मृतक का परिवार पानी देता रहा। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ मारपीट भी हुई थी, जिसे कैथी चौकी पर समझौते के जरिए सुलझा लिया गया था।
इसे भी पढ़ें; Varanasi Top News: मारपीट, धोखाधड़ी और चोरी समेत वाराणसी की प्रमुख खबरें, पढ़ें- सिर्फ एक क्लिक में
मृतक के दो बेटे 19 वर्षीय समर मिश्रा और 14 वर्षीय जीत मिश्रा हैं। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर एसीपी सारनाथ, फॉरेंसिक जांच की भी पहुंची। घटना के संबंध में मृतक के भाई राजीव मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने शिवा सिंह, ठल्लू सिंह निवासी धौरहरा मिश्ररान सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस दो आरोपीयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।