वाराणसी की टॉप खबरें: चार साल बाद मिला कोरोना का मरीज, सैन्यकर्मी की पत्नी मौत; दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट
Varanasi News: वाराणसी जिले में चार साल बाद एक कोरोना संक्रमित मिला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। उधर, सैन्यकर्मी की पत्नी की मौत के मामले में भाई ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले में करीब चार साल बाद एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमित के घर जाकर परिजनों को बचाव की जानकारी देगी। विभाग के मुताबिक, आशापुर निवासी कोरोना संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। सांस लेने में परेशानी के बाद उसने बीएचयू में जांच कराई थी, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आईएमएस बीएचयू में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की लैब के पूर्व प्रभारी प्रो. गोपाल नाथ का कहना है कि सांस फूलने, तेज बुखार के साथ ही कई मामलों में अब भी डॉक्टर कोरोना जांच की सलाह दे रहे हैं।
सैन्यकर्मी की पत्नी की मौत, भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी
रामनगर थाना क्षेत्र की विवाहिता तनुजा सिंह की मौत के मामले में भाई मनु सिंह ने सैन्यकर्मी पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। भाई ने तनुजा को प्रताड़ित करने व मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस को बताया कि 2017 में बिहार के भोजपुर बिशंभरपुर निवासी बहन तनुजा सिंह की शादी रामनगर के रामपुर निवासी आर्मी में हवलदार बठिंडा में तैनात सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ अनु से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि पति के किसी अन्य महिला से संबंध थे जिसका विरोध करने पर बहन के साथ मारपीट की जाती थी। चोट लगने पर बठिंडा के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया गया था इसलिए पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट, अस्पताल के अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं। तीन साल के बेटे की सुरक्षा भी की जाए। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पति समेत ससुराल के पांच सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कचहरी में दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट, एक का सिर फटा
जमीन विवाद को लेकर सोमवार को कचहरी में अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हो गई। एक अधिवक्ता का सिर फट गया। लहूलुहान अधिवक्ता को जिला अस्पताल ले जाया गया। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
जमीन विवाद में चाचा ने भतीजे को पीटा, वीडियो वायरल
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के पहाड़ी घुघूलपुर में जमीन के विवाद को लेकर चाचा ने भतीजे की पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि चाचा वीरेंद्र पटेल व साजन उर्फ नीरज ने जमीन के विवाद को लेकर पिटाई की। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है।
जंसा पुलिस की मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं से अभद्रता करने के दो आरोपियों अवधेश कुमार और अजीत कुमार को हाथी बरनी इंटर कॉलेज के पास से सोमवार को गिरफ्तार किया। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि दोनों पचवार के निवासी है।
छात्राओं से अभद्रता के तीन आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीम ने विद्यालयों के पास छात्राओं से अभद्रता करने वाले तीन आरोपियों ऋषिकेश सिंह, पवन राजभर और जयसिंह को कालिका धाम इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि ऋषिकेश सिंह गणपतिपुर कोटिया, पवन राजभर लोहराडीह और जयसिंह दलापलिपुर कुटिया सकलपुर कपसेठी के निवासी हैं। तीनों के खिलाफ कपसेठी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
दुष्कर्म के आरोपी ने दी दोबारा धमकी, मामला दर्ज
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की संजय नगर कॉलोनी निवासी युवती ने दुष्कर्म के मामले के आरोपी राजू बंगाली पर दोबारा जान से मारने की धमकी देने के मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले से दर्ज मामले में जेल जा चुका है। छह जुलाई की सुबह 11 बजे हैप्पी मॉडल स्कूल के पास एक मेडिकल स्टोर के सामने आरोपी दो अन्य लोगों के साथ पहुंचा और गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। युवती का दावा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। आरोपी ने उसके भाई के साथ भी अभद्रता की और स्नैपचैट के माध्यम से भी गालीगलौज व जान से मारने की धमकी दी। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिगरा थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी निवासी 17 साल की किशोरी लापता हो गई है। परिजनों ने सोमवार शाम सिगरा पुलिस से गुहार लगाई। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अल्फा लाइब्रेरी इंग्लिश लाइन पर किशोरी पढ़ाई करती थी। वह 13 जुलाई की शाम 4 बजे लाइब्रेरी से अपने परिजनों से नाराज होकर चली गई। उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पुलिस की टीम उसकी खोजबीन में जुटी हुई है।
एलजीबीटी ऐप्स से ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
एलजीबीटी ऐप्स पोलो और ग्राइंडर के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने के आरोपी आदर्श चौबे को बड़ागांव पुलिस ने सोमवार को सातोमहुआ अहरक के पास से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन साइ-वज्र अभियान के तहत की गई है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी परसादपुर बड़ागांव का निवासी है। पीड़ित मिथिलेश रघुवंशी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि ग्राइंडर ऐप के जरिये उनसे 85,000 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। पूछताछ में आदर्श चौबे ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ऐप्स का इस्तेमाल करता था। वे समलैंगिक प्रवृत्ति के लोगों को निशाना बनाते थे। बातचीत कर मिलने के लिए बुलाते थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन लेकर बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे। आदर्श ने स्वीकार किया कि वे कई महीनों से वारदात को अंजाम दे रहा था। उसके साथ जुड़कर इस तरह के कृत्य करने वाले अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
फर्जी साइबर शिकायत दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
फर्जी साइबर की शिकायत के मामले में सोमवार को मंडुवाडीह के पहाड़ी निवासी अखिलेश कुमार सिंह ने रोहनिया पुलिस से मुलाकात की। अखिलेश सिंह ने पुलिस को बताया कि कोई साइबर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। रिंकू सिंह उनके मित्र हैं और उनके बीच पैसों का लेन-देन होता रहता है। अखिलेश सिंह ने मांग की है कि जिस व्यक्ति ने उनके नाम से यह फर्जी शिकायत दर्ज कराई है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने अखिलेश सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अखिलेश सिंह को पुलिसकर्मियों ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर से 1930 पर कॉल कर शिकायत की गई थी। कहा गया था कि रिंकू सिंह ने एक लिंक भेजा था। उस लिंक को खोलने पर उनके खाते से पैसे कट गए। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
फोटोग्राफर से 38 हजारकी धोखाधड़ी, साइबर ठगी का संदेह
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के राधा कटरा, हुकुलगंज निवासी फोटोग्राफर उदय जायसवाल ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित उदय ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने स्टॉल लगाने के लिए तत्काल रुपयों की जरूरत बताई थी। बैंक खाते में 38 हजार रुपये ट्रांसफर किए। कुछ दिनों बाद बैंक खाता अचानक ब्लॉक हो गया। बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन में किया गया है। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्रिकेट विवाद में मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
सरैया गांव में क्रिकेट खेलने के विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है। एक पक्ष की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी कई लोगों के खिलाफ मारपीट और अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सूरज कुमार गौतम ने पुलिस को बताया कि 9 जुलाई की रात आठ बजे तेरही से लौटते समय निखिल यादव, विकास, आयुष कुमार, रितेश और शुभम ने उन्हें रोक लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और विरोध करने पर लाठी से पीटा। दूसरे पक्ष की ओर से संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र विकास कुमार और आयुष कुमार के साथ उसी दिन रात आठ बजे तेरही के भोजन के दौरान कहासुनी हुई। इसके बाद सूरज कुमार, नीरज कुमार, सोनू, अजय, आर्यमान, मनीष कुमार, सूरज कुमार, आशीष कुमार और आनंद कुमार सहित कई लोगों ने पुत्रों की पिटाई की। बीच-बचाव करने आए पंकज कुमार, शुभम और रितेश के साथ भी मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
दशाश्वमेध घाट पर मिली बच्ची को दुर्गाकुंड बाल गृह भेजा
दशाश्वमेध घाट पर मिली सात साल की बच्ची को दशाश्वमेध पुलिस ने सोमवार को राजकीय बाल गृह (शिशु), दुर्गाकुंड में दाखिल कराया। बच्ची अपने माता-पिता का पता नहीं बता पा रही है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने बताया कि दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी और एंटी रोमियो टीम प्रभारी खुशबू सिंह की टीम ने बच्ची को बरामद किया। बच्ची ने अपना नाम तम्मो बताया, लेकिन परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी।
बीमार और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी मंतोष चक्रवर्ती से 54 लाख रुपये की डिजिटल धोखाधड़ी हुई है। केयरटेकर अभिषेक पाल और 25 साल पुराने सहयोगी शंभू प्रसाद सिंह पर ठगी का आरोप है। आरोपियों ने बुजुर्ग की बीमारी और लाचारी का फायदा उठाकर उनके बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से यह राशि निकाल ली। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह धोखाधड़ी 14 अक्तूबर 2025 से 13 जून 2026 के बीच हुई।
मंतोष चक्रवर्ती ने पुलिस को बताया कि वह अविवाहित हैं और गंभीर बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं। अक्तूबर 2025 में स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें महमूरगंज के अरुणोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनकी देखभाल के लिए एक एजेंसी के माध्यम से भदोही के खेतालपुर दिहावा निवासी अभिषेक पाल को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी अभिषेक सेवा में लगा रहा। इस धोखाधड़ी में केयरटेकर अभिषेक पाल के साथ शंभू प्रसाद सिंह भी शामिल हो गया। शंभू प्रसाद सिंह 25 साल से घर पर रह रहा था। दोनों आरोपियों ने मेरा मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। बैंक ऑफ बड़ौदा और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खातों से लगातार अलग-अलग दिनों में 54 लाख रुपये ट्रांसफर किए। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान ने बताया कि जांच की जा रही है।
बीमा बोनस के नाम पर बुजुर्ग से 11.72 लाख रुपये की साइबर ठगी
बुजुर्ग से बीमा पर भारी बोनस का झांसा देकर 11.72 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव निवासी पीड़ित श्यामलाल पाल ने पुलिस को बताया कि 2021 में पीएनबी बैंक से एक पीएनबी मेट-लाइफ बीमा पॉलिसी ली थी। मार्च 2026 में इस पॉलिसी पर एक लोन लिया। लोन लेने के कुछ ही दिनों बाद 12 अप्रैल को अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले जालसाज ने बताया कि उनकी बीमा पॉलिसी पर एक बड़ा बोनस आया है। अधिक पैसों का लालच देकर ठग ने अपने जाल में फंसा लिया। विभिन्न बैंक खातों में कुल 11 लाख 72 हजार 190 रुपये जमा करा लिए गए। ठग ने ये सारे पैसे जनसेवा केंद्रों पर जाकर नकद जमा करवाकर हस्तांतरित करवाए। साइबर अपराधियों ने अपनी पहचान और सबूत मिटाने के लिए मेरे मोबाइल से लेनदेन और बैंक से जुड़े सभी संदेश भी हटवा दिए। जब ठगी का अहसास हुआ तो केंद्र सरकार के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
खाते से 95 हजार की साइबर ठगी, प्राथमिकी दर्ज
बैंक खाते से अजय कुमार के 95 हजार रुपये अचानक कट गए। पीड़ित ने सोमवार को चेतगंज थाने में साइबर ठगी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई। सरायगोवर्धन निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि इंडियन बैंक, काशी विद्यापीठ शाखा में खाता है। 29 मई 2026 को उन्हें एक संदेश मिला, जिसमें बताया गया कि उनके खाते से 95 हजार रुपये कट गए हैं। पैसे कटने की जानकारी मिलते ही वे तुरंत बैंक शाखा पहुंचे। बैंक प्रबंधन ने यह कहकर मदद से इन्कार कर दिया कि आपका रुपया किसी ऐप पर कट गया है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दो दुकान समेत मकान से नकदी और आभूषण चोरी
चेतगंज थाना क्षेत्र के जगतगंज में 8 जुलाई को राजेश प्रसाद के मकान समेत दो दुकानों से नकदी व आभूषण समेट लिया गया। पीड़ित की तहरीर पर सोमवार को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़ित दुकानदार दीपक पांडेय ने बताया कि चोरों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया। सीसीटीवी दुकान से करीब 55000 रुपये नकदी चुराए। चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप, वामदलों का धरना
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), सीपीआई, सीपीआई (माले) लिबरेशन और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक सहित विभिन्न वामपंथी दलों ने सोमवार को शास्त्री घाट पर एक दिवसीय संयुक्त धरना-प्रदर्शन किया। अनिल कुमार सिंह और संजय भट्टाचार्य के नेतृत्व में दलों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने आरोप लगाया कि देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और ट्रेड यूनियन अधिकारों को सुनियोजित तरीके से कुचला जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रशासन विपक्षी दलों को शांतिपूर्ण धरने की अनुमति नहीं दे रहा है। जो पूरी तरह असंवैधानिक है। वामदलों ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग को रोकने, दलितों, आदिवासियों व अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करने और किसानों की जमीन के जबरन अधिग्रहण पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
ऑटो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही कला के पास सोमवार शाम ऑटो की टक्कर से बाइक सवार कुलदीप पटेल (24) की मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुलदीप के शव को संरक्षण में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक दिन पहले ही सूरत से कुलदीप घर लौटा था। छेड़ापुर निवासी कुलदीप पटेल बाइक से गांव लौट रहा था। बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर बरही कला के पास एक हल्के मोड़ पर पहुंचा था कि सामने से आ रहे ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। कुलदीप ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल कुलदीप और ऑटो में सवार लोगों को बसनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कुलदीप पटेल को मृत घोषित कर दिया। ऑटो में सवार घायलों की गंभीर स्थिति को देख दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
आजाद सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने चौक थाने में दर्ज सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट के मामले में अब तक की प्रगति रिपोर्ट के लिए सोमवार को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में अर्जी दी है। कोर्ट ने चौक पुलिस से आख्या तलब कर सुनवाई की अगली तिथि 24 जुलाई नियत कर दी।
पूर्व आईपीएस ने अर्जी में आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें आरोपी बनाया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद छह महीने बीत चुके हैं, फिर भी जांच को उकानूनी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचाया गया है। आवेदक की जानकारी के अनुसार, जांच पूरी होने पर कोई उचित पुलिस रिपोर्ट सक्षम न्यायालय के सामने प्रस्तुत नहीं की गई है, जबकि मामला दर्ज होने के 10 दिनों में ही आवेदक की न्यायिक हिरासत मांगी गई थी। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हुए कब तक की कार्यवाहियों के बाबत प्रगति रिपोर्ट तलब करने की कोर्ट से अपील की है।
बड़ी पियरी निवासी हिंदू युवा वाहिनी के नेता अम्बरीष सिंह भोला ने चौक थाने में बीते नौ दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन पर आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के झूठे आरोप लगाए गए। साथ ही बहुचर्चित कफ सिरप मामले में बिना किसी साक्ष्य के सोशल मीडिया पर भ्रामक व गलत खबर प्रचारित की। उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर आघात पहुंचा। पुलिस ने अमिताभ ठाकुर और पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर व एक अन्य के खिलाफ चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी। अमिताभ ठाकुर को देवरिया में गिरफ्तार किया गया था।
सूरत से आया था घर, शोक में डूबा परिवार
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुलदीप पटेल की शादी एक साल पहले ही हुई थी। वह अपने पिता ओमप्रकाश के साथ सूरत में काम करता था। घटना से एक दिन पहले ही घर लौटा था। कुलदीप अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। गांव में उनकी मौत की खबर पहुंचते ही परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया। फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
तहसील में अधिवक्ता दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। अधिवक्ता बार के अध्यक्ष के साथ उप जिलाधिकारी राजातालाब की ओर से असंसदीय भाषा बोलने और दुर्व्यवहार का आरोप है। अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग की है। सोमवार को मनीष कुमार सिंह के प्रस्ताव पर बैठक हुई। कनिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने अध्यक्षता की। अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। महामंत्री वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि उप जिलाधिकारी शांतनु कुमार सिनसिनवार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है। राजेश कुमार सिंह, दिनेश कुमार शर्मा, सर्वजीत भारद्वाज ने धरने का समर्थन किया। प्रस्ताव का समर्थन पिंडरा बार एसोसिएशन ने भी किया। पिंडरा बार एसोसिएशन भी पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया। प्रीत राज, शिवपूजन सिंह, जवाहरलाल वर्मा, पानधारी यादव और सुधीर कुमार सिंह सहित 25 अधिवक्ताओं ने समर्थन किया।
रक्षा मंत्रालय की जमीन की बिक्री मामले में आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
अपर सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या-4) ने रक्षा मंत्रालय की संपत्ति को करोड़ों रुपये में बेचने की आरोपी मीरा अरोड़ा की जमानत अर्जी सोमवार को खारिज कर दी। चौखंभा निवासी कारोबारी आनंद कृष्ण अग्रवाल के साथ आरोपी राजकुमार वाजपेयी ने धोखाधड़ी की। मलदहिया के नील कॉटेज कॉलोनी का एक भवन दिखाया और उसकी मालिक के रूप में मीरा अरोड़ा और रचना अरोड़ा से परिचय कराया। दोनों पक्षों के बीच भवन का सौदा 3.20 करोड़ रुपये में तय हुआ। जून 2025 में शिकायतकर्ता और उनकी पत्नी सपना अग्रवाल ने चेक व आरटीजीएस के माध्यम से मीरा अरोड़ा और रचना अरोड़ा के खातों में भेज दिए। बाद में जब बैनामा कराने के लिए स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो आरोपियों ने टालमटोल की। जांच में पता चला कि संबंधित भवन रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के नाम दर्ज है और उसका निजी तौर पर क्रय-विक्रय संभव नहीं है। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी की गई और रुपये वापस मांगने पर शिकायतकर्ता को धमकियां भी दीं।
साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट धारक पर प्राथमिकी दर्ज
सीवाई वज्र अभियान के तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल अकाउंट धारक आकिब खान के खिलाफ चौक थाने में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि साइबर मुख्यालय लखनऊ की जांच में जानकारी आई। जांच में पता चला कि आकिब खान के बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराध से जुड़े लेन-देन के लिए किया गया था। आकिब खान फाटक शेख सलीम, नई सड़क, थाना चौक का निवासी है। एनसीआरपी पोर्टल पर की गई जांच के दौरान खाते में कई साइबर ठगी से रकम के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बैंक खाते का दुरुपयोग करने के मामले में सोमवार को थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। साइबर जांच में खाते में 1.50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं। धरसौना निवासी रमेश राजभर ने पुलिस को बताया कि उसका मित्र धनंजय कुमार खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग करने वाला बताता था। धनंजय ने रमेश को अधिक लाभ का भरोसा दिलाकर सिगरा में एक बैंक में उसके नाम से खाता खुलवाया। कुछ समय बाद चोलापुर थाने की साइबर टीम ने रमेश को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस ने रमेश को बताया कि उसके बैंक खाते के संबंध में साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज है। जांच में पता चला कि खाते में 50-50 हजार के तीन संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन हुए हैं। 1.50 लाख रुपये की राशि साइबर ठगी से संबंधित थी। रमेश राजभर का आरोप है कि उसे लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी। धनंजय कुमार ने विश्वास में लेकर बैंक खाते, डेबिट कार्ड, पासबुक और खाते के संचालन संबंधी सभी दस्तावेज अपने पास रख लिए थे। रमेश का आरोप है कि धनंजय ने इन्हीं दस्तावेज का दुरुपयोग कर खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए किया। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि बैंक खाते के लेनदेन, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कूरियर पता सुधारने के नाम पर महिला से 38 हजार रुपये की ठगी
साइबर ठगों ने कूरियर डिलीवरी के नाम पर महिला के बैंक खाते से 38,099 रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने भेलूपुर थाने के साइबर प्रभारी को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। भदैनी की रेनू त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उन्हें अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को डीटीडीसी नोएडा का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि उनके कूरियर का पता गलत है। जालसाज ने पता सही करने के बहाने एक कस्टमर सपोर्ट एप डाउनलोड करवाया। सत्यापन के नाम पर उनसे गूगल पे से 5 रुपये का ऑनलाइन भुगतान भी करवा लिया। ऐप डाउनलोड करने के सात दिन बाद 27 जून को आईसीआईसीआई बैंक खाते से दो बार में 38,099 रुपये निकाल लिए गए। पैसे कटने का संदेश आते ही केंद्र सरकार के साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह और साइबर सेल से कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण सामग्री साझा करने के आरोप में युवक पर प्राथमिकी दर्ज
इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि 12 जुलाई को थाने के उपनिरीक्षक राहुल यादव को साइबर सेल बुलाया गया था। नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (एनसीएमईसी) की साइबर टिपलाइन से मिली शिकायत से डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई गई। वीडियो के परीक्षण में दो ऐसे वीडियो मिले, जिनमें 13 से 14 वर्ष आयु की विदेशी मूल की किशोरियों से संबंधित बाल यौन शोषण की आपत्तिजनक सामग्री थी। प्रारंभिक तकनीकी जांच में सामने आया कि यह खाता अर्जुन गौतम उर्फ विकास, निवासी जगदीशपुर की ओर से संचालित किया गया। साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
महिला ने अपने जीजा शोभानाथ पांडेय उर्फ सोनू पर धोखे से होटल में ले जाकर यौन उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर शिवपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके जीजा ने उसे जरूरी काम का बहाना बनाकर 7 जुलाई को तरना के एक होटल में बंधक बना लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने होटल स्टाफ अजय से मदद मांगी, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कमरे में उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। किसी तरह आरोपी के फोन से उस पर हमला किया और वहां से भाग निकली। 12 जुलाई को दोबारा मारपीट की। मां बीचबचाव करने आईं तो उन्हें भी पीटा। पीड़िता ने बताया कि शोभानाथ पांडेय ने एक महीने पहले उसकी दीदी की पुरानी जमीन को अवैध तरीके से बेच दिया था। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन के रास्ते पर धोखाधड़ी, प्राथमिकी दर्ज
बंगलूरु निवासी बेबी अजयन ने औढ़े अड़गड़ानंद नगर कॉलोनी में अपनी जमीन के रास्ते को अवैध रूप से बेचने और धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। बेबी ने पुलिस को बताया कि मार्च 2014 में जमीन कैलाश शंकर दुबे और कॉलोनाइजर संजय श्रीवास्तव से खरीदी थी। आरोपियों ने दक्षिण दिशा का 25 फीट चौड़ा रास्ता अवैध रूप से किसी और को बेच दिया। मुख्य रास्ते को भी घटाकर 18 फीट कर दिया गया है, जिससे बेबी को 34 फीट चौड़ाई की जमीन का नुकसान हुआ है।
बंगलूरू रहने के दौरान कॉलोनाइजर संजय श्रीवास्तव ने फोन पर स्वीकार किया कि किसान ने जमीन बेच दी है और अब रास्ता खत्म हो चुका है। मौके पर पहुंचीं तो विक्रेता के पुत्र विनोद दुबे और वकील मनोज राय से संपर्क किया। विनोद ने कहा कि संजय श्रीवास्तव पर उनके पैसे बकाया थे, जो नहीं मिल रहे थे, इसलिए उन्होंने पूरी जमीन और रास्ते बेच दिया है। यह भी कहा कि अब वहां कोई रास्ता नहीं है। पति दक्षिण भारतीय हैं और बंगलूरू में कार्यरत हैं। स्थानीय न होने के कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की ओर से जमीन को औने-पौने दामों में बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। ताकि वे बिचौलिया बनकर अवैध सौदे में कमीशन कमा सकें।
महिला उन्नति संस्था की बनारस इकाई ने सोमवार को महिलाओं और बच्चियों से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग की। संस्था ने जिलाधिकारी कार्यालय जाकर राष्ट्रीय महिला आयोग (भारत) के नाम पर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। देश में बढ़ते महिला अपराधों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने सरकार से इन अपराधों पर अंकुश लगाते हुए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में वर्षा, सरस्वती, सौम्या, शिल्पी आदि शामिल रहीं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दिव्यांग घायल, ट्राॅमा सेंटर में भर्ती
छावनी क्षेत्र में सड़क पार करने के दौरान दिव्यांग राजेंद्र सोनकर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल राजेंद्र को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। कैंट पुलिस ने भाई प्रदीप सोनकर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज की है। छावनी क्षेत्र के बंगला नंबर-43 निवासी प्रदीप सोनकर ने बताया कि चचेरे भाई राजेंद्र सोनकर रविवार सुबह 8.40 बजे सेंट मेरी स्कूल मार्ग पर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई। राजेंद्र अभी भी बेहोश हैं। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और चालक की पहचान का प्रयास कर रही है।
चाकूबाजी मामले में पुलिस पर साजिश के आरोपों को कोर्ट ने किया खारिज
चाकूबाजी के आरोपी को बचाने के लिए भेलूपुर पुलिस पर साजिश रचने, फर्जी बरामदगी दिखाने और अहम साक्ष्य छिपाने के लगाए गए आरोप अदालत की कसौटी पर टिक नहीं सके। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मनीष कुमार की अदालत ने आरोपी पंकज मौर्या की बहन पूजा मौर्या की ओर से दायर प्रार्थना-पत्र खारिज कर कहा कि सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल साक्ष्य और विवेचना में पुलिस पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं होती। अदालत ने यह भी माना कि आवेदिका अपने भाई को बचाने के उद्देश्य से भ्रामक और असत्य तथ्य प्रस्तुत कर न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास कर रही थी।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा में सात जनवरी 2026 की रात चारपहिया वाहन खड़ा करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ मटरू और पंकज मौर्या के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पंकज ने राहुल पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, पुलिस ने घायल को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में पूजा मौर्या ने याचिका दाखिल कर पुलिस अधिकारियों पर विपक्षियों से मिलीभगत, थाने में मारपीट, फर्जी बरामदगी और काशी इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की सीसीटीवी फुटेज छिपाने का आरोप लगाया।
उसका दावा था कि राहुल शराब के नशे में गिरकर घायल हुआ था। कोर्ट ने सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और विवेचना रिपोर्ट का परीक्षण किया। अदालत ने पाया कि घायल के शरीर पर 2.5 सेंटीमीटर का गहरा घाव धारदार हथियार के वार से हुआ था। साथ ही सीसीटीवी फुटेज से भी आवेदिका के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई।