Varanasi News Today: छात्र ने की खुदकुशी, डॉ. आंबेडकर की फोटो कूड़े में फेंकने की अफवाह समेत अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में बीकॉम के एक छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में मिला। उधर, डॉ. आंबेडकर की फोटो कूड़े में फेंकने की अफवाह पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य घनश्याम भारती व शिक्षक सुधीर सिंह को एक कमरे में साढ़े तीन घंटे तक बंधक बना दिया गया। संक्षिप्त में पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें...
विस्तार
राहेनिया थाना क्षेत्र के खुशीपुर गांव में किराये का कमरा लेकर रह रहे बीकॉम के छात्र ने फंदे से लटक कर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सोनभद्र के दुद्धी थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र सिंह का पुत्र अश्वित सिंह (19) एसएमएस कॉलेज खुशीपुर में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। खुशीपुर गांव में गुड्डन श्रीवास्तव के मकान में किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। बुधवार शाम काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालकिन पूनम श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया। साथ ही परिजनों को सूचना दी। चाचा अनुपम सिंह ने बताया कि अश्वित नौ फरवरी को शाहंशापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। आत्महत्या की वजह समझ में नहीं आ रही। एसीपी संजीव शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
डॉ. आंबेडकर की फोटो कूड़े में फेंकने की अफवाह, 3.30 घंटे बंधक बनाया
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पचराव में बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की फोटो कूड़ेदान में फेंकने की अफवाह फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों, बसपा कार्यकर्ताओं, भीम आर्मी और अंबेडकर के अनुयायियों ने विद्यालय पहुंचकर कार्यवाहक प्रधानाचार्य घनश्याम भारती व शिक्षक सुधीर सिंह को एक कमरे में साढ़े तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। मौके पर पहुंचे विदुष सक्सेना व थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार के समझाने पर लोग शांत हुए। विद्यालय में इन दिनों रंगाई-पुताई का कार्य चल रहा है।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: प्रधान के फर्जी लेटर पैड से खुलवाते थे म्यूल खाते, एक्सेस कंट्रोल में लेकर खाली कर देते थे अकाउंट
कार्यालय में लगी डॉ. अंबेडकर, महात्मा गांधी सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरें सुरक्षित रूप से लैब रूम में रख दी गई थीं। काम पूरा होने के बाद सभी फोटो फिर से कार्यालय में लगा दी गईं, लेकिन अंबेडकर व गांधी की तस्वीरों पर धब्बे के कारण ग्राम प्रधान फूलचंद ने नई फोटो मंगवाने का सुझाव दिया था। इसी बीच कुछ युवक विद्यालय पहुंचे और नई फोटो लगाने की मांग करने लगे। वीडियो बनाकर फोटो को कूड़ेदान में फेंकने की अफवाह फैला दी, जिससे बवाल मच गया। एसीपी विदुष सक्सेना व थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने डॉ. आंबेडकर की नई फोटो मंगवाकर विद्यालय में स्थापित कराई। शिक्षकों ने पुष्प भी अर्पित किए।
कंपनी के सीनियर मैनेजर पर जानलेवा हमले के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
दिव्यांग को मारपीट कर किया घायल, प्राथमिकी दर्ज
लोहता थाना क्षेत्र के उंचगांव के बाहर एक बगीचे में बुधवार सुबह दिव्यांग घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। घायल की पहचान साधू राजभर (62) के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह भिक्षा मांगने घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। दिव्यांग एक बगीचे में लहूलुहान पड़े थे। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि रामजी राजभर की तहरीर पर मारपीट में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 12 लाख की धोखाधड़ी, छह पर प्राथमिकी
धन दोगुना करने के नाम पर झांसा देकर 12 लाख की ठगी के मामले में कोर्ट के आदेश पर मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के चेयरमैन, निदेशक समेत छह पर चेतगंज थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कल्लीपुर निवासी पीड़ित रमेश कुमार ने कोर्ट में कहा कि पीलीभीत के पुरनपुर टी महराजपुर निवासी निदेशक फारूख अहमद, बरेली के कुदेशिया फाटक निवासी चेयरमैन जान मोहम्मद, शिवपुर के महातनी इंकलेव निवासी वाइस चेयरमैन राजेश कुमार मिश्र, ग्रुप चेयरमैन शिवपुर के उचवा लॉज निवासी अशोक कुमार मिश्र, राजातालाब के जक्खिनी निवासी डायरेक्टर सोहन लाल राय ने झांसा दिया।
डायरेक्टर सोहन लाल राय व जान मोहम्मद, राजेश कुमार मिश्रा, अशोक कुमार मिश्रा व फारुक अहमद ने जन विकास मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड का भ्रामक प्रचार व प्रसार दिखाकर कम समय में धन दोगुना करने का झांसा देकर निवेश कराया। लाभांश के अलावा मूलधन भी नहीं दे रहे हैं। धमकी दे रहे हैं कि जान से मरवा देंगे। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शादी समारोह में विदाई के दौरान सोने का कड़ा चोरी
कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक युवती के सोने का कड़ा चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। भूतभैरव नखाश निवासी समन कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार फरवरी को उनके बुआ के बेटे रोहित यादव की शादी थी। 5 फरवरी की सुबह छह बजे विदाई के दौरान उनकी बहन लवली ने हाथ से सोने का कड़ा उतारकर बैग में रख दिया था और दुल्हन को लेने चली गई। उसी दौरान फोटोग्राफर विजय शर्मा मौके पर आया और बैग में रखा कड़ा निकालकर चला गया। पीड़ित ने बताया कि नौ फरवरी को रिसेप्शन पार्टी के दौरान परिवार की एक लड़की मानसी (17) ने विजय शर्मा को पहचान लिया और कहा कि उस दिन यही कड़ा ले गया था। पूछताछ में आरोपी ने पहले कड़े की भरपाई करने की बात कही, फिर मुकर गया। कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर पर जानलेवा हमला
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बाकराबाद बड़ी मस्जिद के पास निजी क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक पर लोहे की रॉड, लाठी और डंडों से जानलेवा हमले के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अमरपुर मड़िया जैतपुरा निवासी चिकित्सक डॉ. अबरार अहमद ने बताया कि 10 फरवरी की रात 9.15 बजे वह अपने क्लीनिक में मरीज देख रहे थे। इसी दौरान इकबाल अहमद और गुलजार अहमद व कुछ अज्ञात लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर क्लीनिक में घुस आए और मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। थाना प्रभारी जैतपुरा उपेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी क्लीनिक संचालक को भेजा जेल
पहड़िया क्षेत्र की पटेल बस्ती में मंगलवार को अवि आरोग्य क्लीनिक में किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी संचालक वैभव उपाध्याय को पुलिस ने विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अजय कुमार की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पहड़िया निवासी पीड़िता किशोरी अपनी मां को दवा दिलाने पटेल बस्ती के अवि आरोग्य क्लीनिक गई थी। आरोप है कि संचालक वैभव उपाध्याय निवासी फुलवरिया चंदौली, हाल पता ओम नगर कॉलोनी ने नशे की हालत में दरवाजा बंद कर किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई की। सारनाथ पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
जिस तालाब की कर रहा था देखरेख, उसी में मिला शव
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव के तालाब की रखवाली करने वाले चिलबिला गांव के राम अवतार उर्फ फत्ते राजभर (25) का शव तालाब में उतराया मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि राम अवतार शराब का आदी था। सोमवार शाम से लापता था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया और विधिक कार्रवाई की। मृतक एक बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
देसी शराब की दुकान से 90 हजार रुपये और 18 पेटी माल चोरी
राजातालाब थाना क्षेत्र के बूड़ापुर गांव में देसी शराब की दुकान से मंगलवार देर रात चोरों ने 90 हजार रुपये और 18 पेटी शराब चोरी कर लिए। शराब की कीमत 50 हजार बताई गई। चोर दुकान में लगे सीसी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए। चोरी की जानकारी बुधवार सुबह सेल्समैन सनी के दुकान खोलने पर हुई। उसने देखा कि दुकान के अंदर रखी नकदी और शराब गायब है। सनी ने बताया कि रोज रात में दुकान बंद कर घर चला जाता है। जांच में सामने आया है कि चोर पहले पड़ोसी के घर का ताला तोड़कर उसके सहारे दुकान तक पहुंचे। इसके बाद दुकान की छत पर बने एक छोटे खुले रास्ते से भीतर प्रवेश कर चोरी की। दुकान मालकिन सुधा गुप्ता ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
स्प्रे कर घर में पहले महिलाओं को किया बेहोश, फिर की चोरी
लालपुर थाना क्षेत्र के बेलवा बाबा में दिन में चोरों ने ऑटो चालक राजकुमार तिवारी के घर को खंगाल डाला। चोरी से पहले घर में सो रहीं महिलाओं पर स्प्रे कर बेहोश कर दिया। इसके बाद आराम से चोरी की। आलमारी में रखे छह हजार रुपये और आभूषण उठा ले गए। पीड़ित ने लालपुर पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। भुक्तभोगी राजकुमार तिवारी ने बताया कि वह ऑटो चालक है, परिवार के साथ अपने निर्माणाधीन मकान में रहते हैं। बुधवार को वह ऑटो चलाने घर से निकल गए थे। घर में उनकी पत्नी शशि देवी और बहू थीं। जो अपने-अपने कमरों में बच्चों के साथ सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश कर स्प्रे कर महिलाओं को बेहोश कर दिया और दोनों कमरों का अलमारी तोड़कर उसमें रखे छह हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी कर लिए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
आफताब आलम हत्याकांड का दूसरा आरोपी गिरफ्तार
थाना सिंधोरा क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या में संलिप्त दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी प्रदीप जैसवार है जो मुख्य आरोपी वीरेंद्र यादव का करीबी है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर आठ जनवरी को आफताब आलम की हत्या की थी। सात जनवरी को महगांव मढ़ई के पोखरे के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद मिला था। बाद में उसकी पहचान आफताब आलम निवासी छपरा बिहार के रूप में हुई। शुरू में मौत संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। 21 जनवरी को परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी और बैंक खाते से संदिग्ध लेनदेन की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच के दौरान 25 जनवरी को मुख्य आरोपी वीरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से घटना में प्रयुक्त रस्सी, मृतक के दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल समेत कई सामान बरामद मिले थे। उसकी निशानदेही पर बुधवार को पुलिस ने राम बाबा मंदिर के पास पुलिया से प्रदीप जैसवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि सात जनवरी की रात वह वीरेंद्र के साथ आफताब को महगांव बगिया ले गया था, जहां दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
इसे भी पढ़ें; UP News: गंगा स्नान के दौरान डूबने से युवक की मौत, पायलट की ट्रेनिंग कर धनबाद से काशी भ्रमण पर आया था आयुष
युवक को भगाने व साजिश का आरोप, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के मड़ाव गांव निवासी मुन्ना लाल ने अपने पुत्र गोविंद के अपहरण और साजिश रचकर भगाने के मामले में कोर्ट के आदेश पर रोहनिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित के अनुसार, उनका पुत्र गोविंद आठ सितंबर 2024 को सहज जन सेवा केंद्र जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आरोप है कि रविशंकर और उनके परिवार के सात अन्य सदस्यों ने साजिश रचकर गोविंद को भगाने में मदद की है। जाते वक्त घर से 50 हजार रुपये नकद, सोने के मंगलसूत्र, दो अंगूठियां और 100 ग्राम चांदी की पायल भी ले गया। आरोपियों से बात करने की कोशिश की तो फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राजू कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
किशोरी लापता, अपहरण में प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव से चार दिन पहले किशोरी के लापता होने के मामले में परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि किशोरी का किसी से विवाद या घर छोड़ने जैसा कोई कारण नहीं था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम गठित कर दी गई है। मोबाइल कॉल डिटेल, सीसी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को अधिवक्ताओं ने किया नमन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि पर कचहरी में मैथली समाज की ओर से अधिवक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व को याद किया। इस दौरान सीपी सिंह, सूर्य कुमार गोड, ब्रजेश मिश्रा, सेंट्रल बार के पूर्व महामंत्री सुरेंद्र पांडेय, अधिवक्ता नित्यानन्द राय मौजूद रहे।
हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सुगम यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार की शाम एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था में बाधक बनने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी ने बताया कि बृहस्पतिवार से हरिश्चंद्र मार्ग पर भेलूपुर पुलिस की ओर से अतिरिक्त फोर्स भी लगाई जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने को लेकर सर्किल के सभी थानेदारों को निर्देशित किया गया है। किसी भी रूट पर अतिक्रमण नहीं होने पाए। सख्त निर्देश है कि यातायात व्यवस्था में बाधक बनने वालों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करें। किसी भी दशा में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं है। अवैध पार्किंग, स्टैंड और सड़क को घेरकर अस्थायी दुकान लगाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
