बाढ़ थाना क्षेत्र के गुलाबबाग बिंद टोली निवासी 27 वर्षीय युवक चंद्र उदय कुमार के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। युवक शुक्रवार शाम अपने ससुराल पंडारक थाना क्षेत्र के पैठानीचक गांव गया था। शनिवार सुबह उसके परिजनों को उसकी हत्या की सूचना मिली, लेकिन युवक अब तक रहस्यमय ढंग से लापता है। चंद्र उदय के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी के मामू और ससुर ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को बोरे में रखकर गायब कर दिया। यह सूचना ससुराल गांव के कुछ लोगों ने चंद्र उदय के घरवालों को दी। हालांकि घटना की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
परिजनों का बयान
युवक के परिजन देसाई महतो ने बताया कि चंद्र उदय शुक्रवार शाम ससुराल पहुंचे थे। रात में क्या विवाद हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। शनिवार सुबह सूचना मिली कि उनकी हत्या कर शव फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या कर शव को ठिकाने लगाने में तीन लोग शामिल हैं। यह बात उन्हें ससुराल पक्ष के ही एक अन्य रिश्तेदार ने बताई। परिजनों ने गंगा किनारे के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने यह भी बताया कि ससुराल पक्ष के लोग और आरोप में शामिल व्यक्तियों का पूरा परिवार फरार है।
ये भी पढ़ें: बांका में अपहरण के बाद मासूम की हत्या, स्कूल के पास मिला शव
पहले भी मिली थी धमकी
परिजनों के अनुसार, लगभग पांच दिन पहले युवक की पत्नी मायके आई थी। उस समय उसने चंद्र उदय को ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी थी। युवक की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि शव मिलने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने और हत्या की आशंका से इलाके में दहशत का माहौल है। परिजन जल्द से जल्द शव बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।