सरगुजा जिले के उदयपुर में पीईकेबी कोल परियोजना के मजदूरों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। यह आंदोलन सुबह करीब छह बजे शुरू होकर लगभग ग्यारह बजे तक चला। इसमें एक हजार से अधिक मजदूर शामिल हुए।
मजदूरों की मुख्य मांग सप्ताह में एक दिन साप्ताहिक अवकाश लागू करने की थी। वे ठेका कंपनियों द्वारा एचपीसी वेजेस के अनुसार मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग कर रहे थे। आंदोलन की स्थिति को देखते हुए मौके पर लगभग पचास पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। एसडीओपी तुल साय पट्टावी, थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह और नायब तहसीलदार आकाश गौतम भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन की मौजूदगी में अदानी कंपनी प्रबंधन की ओर से पीईकेबी परियोजना के प्रमुख मुकेश और राम द्विवेदी ने मजदूरों की मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। कंपनी प्रबंधन ने साप्ताहिक अवकाश तत्काल लागू करने का आश्वासन दिया है। एचपीसी वेजेस के अनुसार मजदूरी का भुगतान तीन माह के भीतर करने की बात कही गई है। इस दस्तावेज पर ठेका कंपनियों के साइट हेड ने भी हस्ताक्षर किए हैं।
आंदोलन के दौरान मजदूरों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला। जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह मरकाम, विजय कोर्राम, नवल सिंह वरकड़े और बालसाय कोर्राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मोहरलाल, गोविंदा, उमाशंकर, मनोहर और गणेश यादव ने बताया। उन्होंने कहा कि एचपीसी वेजेस और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर पूर्व में भी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था।
इस दौरान यह भी सामने आया कि आंदोलन को रोकने के उद्देश्य से लेबर कॉलोनी के गेटों पर ताला लगा दिया गया था। इससे कई मजदूर धरना स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे थे। आंदोलनकारियों ने यह बात पुलिस और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर गेट खुलवाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में मजदूर आंदोलन में शामिल हुए।