बालोद जिले के ग्राम मटिया (बी) में शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों ने एक 26 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
समझौते के बहाने बुलाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को धनराज निषाद के घर आयोजित शादी में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले को सुलझाने के लिए 20 मार्च की सुबह मयंक साहू, ओम सिंह निषाद और सिद्धार्थ मोंगराज को मटिया (बी) बुलाया गया था। शाम करीब 6:30 बजे जब समझौते की बात चल रही थी, तभी विवाद बढ़ गया और आरोपी मयंक साहू ने धारदार चाकू से हितेश्वर यादव के गले और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हालत गंभीर, आरोपी सलाखों के पीछे
लहूलुहान हालत में हितेश्वर को जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ से गंभीर स्थिति देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश कुमार पटेल व एएसपी मोनिका ठाकुर के निर्देशन में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा की टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूरे मामले में पुलिस ने मयंक साहू (20), ओम सिंह निषाद (19) और सिद्धार्थ मोंगराज (18) वहीं घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल (CG 24 V 7924) और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।