देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कांग्रेस ने छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार को बिलासपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मशहूर शायर और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों से सीधा संवाद किया और बाद में मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर तीखा हमला बोला।
बिलासपुर पहुंचे इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि देशभर में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक मामलों में अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनके संबंध किन लोगों से हैं, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका आरोप था कि बड़े दोषियों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही है और केवल छोटे स्तर के लोगों को पकड़कर मामले को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
इमरान प्रतापगढ़ी ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए उसकी क्या रणनीति है। उन्होंने कहा कि एक परीक्षा लीक होने से लाखों छात्रों की मेहनत और भरोसा दोनों टूट जाते हैं। युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। राज्यसभा सांसद ने मूल्यांकन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं होगी तो छात्रों का भरोसा लगातार कमजोर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसकी जवाबदेही तय होना जरूरी है।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की आवाज को देशभर में उठाने का काम कर रही है। छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की समस्याओं को समझा जा रहा है और उन्हें मंच दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाता रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश के छात्र और उनका भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए और अपनी समस्याओं तथा सुझावों को साझा किया।