लगातार बारिश के कारण रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ है। रायपुर के चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव से वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। शिवनाथ नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है।
सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद
जलभराव के कारण यात्रियों को आवागमन में विलंब का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद है, जिसे वैकल्पिक रास्ते के रूप में उपयोग नहीं किया जा सकता। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है। आवश्यकतानुसार डायवर्सन लागू कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। दुर्ग यातायात पुलिस ने दुर्ग से रायपुर मार्ग को परिवर्तित किया है।
राजनांदगांव और बालोद से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर, अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई या नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहन अहिवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंदा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडीह, उरला, बिरगांव होते हुए रायपुर जाएंगे। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के वाहन उतई, सेलूद, फूंडा, मोतीपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
शिवनाथ नदी की स्थिति
लगातार भारी बारिश से शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी पर बने कई एनीकेट उफान पर हैं। दुर्ग निगम के इंटकवेल में कचरा फंसने से शहर की पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने नदी के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। महमरा एनीकेट पर पानी एनीकेट के स्तर से लगभग चार फीट ऊपर बह रहा था।
बारिश के बीच प्रशासन का अलर्ट
गुरुद्वारा के पास पुराने पुल पर नदी का जल खतरे के निशान से पांच फीट नीचे है। यातायात पुलिस ने शिवनाथ नदी के पुराने पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। ईंट भट्टों के संचालकों को मजदूरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश मिले हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम 24 घंटे अलर्ट पर है।