जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने ट्रांसफार्मर और केबल वायर चोरी करने वाले अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर क्षेत्र के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 17 लाख रुपये का चोरी का सामान जब्त किया है।आरोपी इतने शातिर थे कि चोरी के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस बनाकर इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को शक न हो।
शिवरीनारायण थाना में कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुरपा गांव में 13–14 जनवरी की रात ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर वायर चोरी हो गया। इसके बाद 22 जनवरी को लोहर्सी गांव में लगे ट्रांसफार्मर से 200 किलो कॉपर तार चोरी की शिकायत मिली।लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान रिस्दा गांव स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारा गया, जहां से भारी मात्रा में चोरी का कॉपर तार बरामद हुआ। पूछताछ में कबाड़ी दुकान संचालक कुंदन वानी ने खुलासा किया कि आरोपी पहले खराब ट्रांसफार्मर और केबल की रेकी कर मोबाइल से फोटो खींचते और साथियों को भेजते थे। इसके बाद रात में पिकअप वाहन और “एम्बुलेंस” लिखी बोलेरो से ट्रांसफार्मर और केबल चोरी कर ले जाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी इतने शातिर थे कि गांव वालों को शक न हो, इसलिए एम्बुलेंस लिखी गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। इस गिरोह ने बलौदा बाजार, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर जिले के मुलमुला व अकलतरा थाना क्षेत्र में 10 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर वायर, एल्युमिनियम तार, 4 मोबाइल फोन, छोटा हाथी वाहन, बोलेरो एम्बुलेंस और कटर मशीन जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 17 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।