जांजगीर-चांपा के चांपा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 7 दिनों में अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घटनाएं चांपा थाना क्षेत्र की हैं।
पहली घटना 11 जनवरी की रात गौरव पथ पर हुई, जहां तेज रफ्तार तूफान वाहन ने स्कूटी और लूना को टक्कर मार दी। हादसे में 21 वर्षीय आकाश केसरवानी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए। बताया जा रहा है कि आकाश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया है।
दूसरी घटना 14 फरवरी को महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास हुई। महुदा गांव से शिवरीनारायण मेला जाने निकले पिता-पुत्र की बाइक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से जा भिड़ी। हादसे में 60 वर्षीय सरजू भैना की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र आशीष भैना घायल हुए, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
तीसरी घटना 15 फरवरी को फिर महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास हुई, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार युवक घायल हो गए। एक बाइक पर तीन और दूसरी पर एक युवक सवार था। घायलों में अभय साहू (17), राज साहू (19) और श्लोक यादव (17) शामिल हैं। सभी का उपचार बीडीएम अस्पताल में जारी है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि रफ्तार पर लगाम लगाई जा सके और हादसों में कमी आए।