शनिवार को कोरबा में मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तेज धूप और गर्मी के बाद दोपहर बाद अंधड़, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस अप्रत्याशित बदलाव से शहर का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
दोपहर करीब तीन बजे तेज अंधड़ के साथ काले बादल छा गए और फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कोरबा शहर के साथ-साथ कटघोरा, पाली और करतला क्षेत्र में भी ओले गिरे। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गईं और चौक-चौराहों पर लगे बैनर-पोस्टर फटकर उड़ गए। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। इस सीजन में अभी तक तापमान 45 डिग्री तक नहीं पहुंचा है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, लेकिन बाद में उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ गई, जिससे लोग पसीने से तरबतर हो गए। बिजली की आवाजाही भी बनी रही, जिससे परेशानी और बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में भी हल्की बारिश के आसार हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने वाली है, जिसे लेकर लोग चिंतित हैं। हालांकि, यदि नौतपा के दौरान भी ऐसी ही बादल-बारिश होती रही तो भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। फिलहाल, अंधड़-बारिश के बाद बढ़ी उमस ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं।
तेज बारिश से निचली बस्तियों और मुख्य सड़कों पर पानी भर गया। नालियां जाम होने से ट्रांसपोर्ट नगर, सीएसईबी चौक, टीपी नगर और कोसाबाड़ी इलाके में जलभराव हो गया। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां टूट गईं। शहर में लगे होर्डिंग्स और राजनीतिक बैनर-पोस्टर फटकर सड़कों पर बिखर गए। दोपहिया वाहन चालकों को पेड़ और दुकानों के शेड के नीचे रुककर मौसम शांत होने का इंतजार करना पड़ा।