कियो नेशनल कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले गौतम बुद्ध नगर के खिलाड़ियों को बुधवार को कराटे वेलफेयर एसोसिएशन, गौतम बुद्ध नगर की ओर से सम्मानित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, कराटे किट और ट्रॉफियां देकर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
3 से 7 जून तक आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में अंशिका यादव (7 वर्ष, 25 किग्रा), हर्ष कुमार (9 वर्ष, 35 किग्रा) और आराध्या गुप्ता (10 वर्ष, 25 किग्रा) शामिल रहे। वहीं अदिति बर्मन (12 वर्ष, 40 किग्रा) और रोहित थापा (13 वर्ष, 45 किग्रा) ने रजत पदक जीते। कांस्य पदक विजेताओं में दिव्या भट्ट (14 वर्ष, 54 किग्रा), दिविषा नंदुरकर (काता स्पर्धा), दिव्येश थापा (9 वर्ष, 30 किग्रा) और दिव्यांश शर्मा (8 वर्ष, 25 किग्रा) शामिल रहे।
सम्मान समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को 8-8 हजार रुपये के चेक, दो कराटे यूनिफॉर्म, पूर्ण कराटे किट और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। रजत और कांस्य पदक विजेताओं को फुल फाइट किट और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने इस सम्मान को उनके मनोबल को बढ़ाने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन 16 से 20 जुलाई 2026 तक बांग्लादेश में आयोजित होने वाले साउथ एशिया कराटे गेम्स के लिए किया गया है। खिलाड़ी कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के बैनर तले भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर कराटे वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी संजय शर्मा, कमल थापा, अमर चौहान, राजकुमार, रवि कुमार, दीपक अग्रवाल, जफर खान और ईश्वर गुप्ता उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के युवा खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और अब उनसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।