राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज के साथ भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर ओडिशा और पूर्वोत्तर के राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है।
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में भी जमकर मेघ बरस रहे हैं। भारी बारिश के कारण पहाड़ों पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। सोमवार को उत्तराखंड में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग भूस्खलन में एक श्रद्धालु घायल हो गया, जबकि तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।
बदरीनाथ हाईवे और जम्मू में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भी पहाड़ से मलबा गिरा है और यात्रा बाधित हुई है। मुंबई में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक हफ्ते तक लगातार मूसलाधार बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग पर जानकी चट्टी से करीब 3 किलोमीटर आगे और भैरव मंदिर के पास नौ काची में भूस्खलन हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। मलबे में एक-दो और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थियां अनुकूल हैं। मंगलवार को मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जो निर्धारित समय से एक हफ्ता पहले है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 30 जून के आसपास पहुंचता है। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान और पंजाब के कुछ और हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात बेहतर बने हुए हैं। मानसून के आगमन के साथ ही दिल्ली में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।