आगर मालवा जिले के बड़ौद में बजरंग दल प्रखंड संयोजक के विवाद के बाद वर्ग विशेष के लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी।इससे गुस्साए हिंदू संगठन के लोगों ने बाजार बंद करा दिया और थाने का घेराव किया। मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और पांच को गिरफ्तार भी कर लिया। दो आरोपी फरार हैं।
विवाद चुड़ी बाजार से प्रारंभ हुआ था। यहां बजरंगदल प्रखंड संयोजक शंकरसिंह के साथ वर्ग विशेष के लोगों ने मारपीट की और एक दुकान में तोड़फोड़ की। मामूली विवाद ने बड़ा रुप ले लिया। मामले में पुलिस को की गई शिकायत के अनुसार शंकरसिंह राजपूत मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला तभी एक दुकान पर अजहर, फरिद, सलाम, अरबाज, ताहिर, राजा और फिरोज ने शंकर के साथ गाली गलौज की इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
इसी दौरान विजय जायसवाल की दुकान पर आरोपितों द्वारा लकड़ी, डंडों से तोड़फोड़ की गई। जिससे लेपटाप, प्रिंटर, काउंटर आदि को नुकसान पहुंचा। शिकायत में आरोपितों द्वारा लूटपाट किये जाने का भी उल्लेख है। विवाद की सूचना पर आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नियंत्रण किया। सोमवार को शाम तक पांच आरोपियो को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। जुलूस निकलने के बाद कुछ लोगों ने मुल्तानी मौहल्ले में धार्मिक स्थल और वाहनों पर पथराव किया। यहां भी पुलिस ने मोर्चा संभाला और पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। फिलहाल नगर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
पढ़ें: एमपीपीएससी अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर NEYU का भर्ती सत्याग्रह 2.0, जबलपुर के घंटाघर पर किया प्रदर्शन
सात लोगों पर दर्ज किया केस
मामले में बड़ौद थाना पुलिस ने फरियादी बजरंग दल प्रखंड संयोजक शंकरसिंह पुत्र बद्रीसिंह निवासी खजुरी बड़ौद की शिकायत पर अरबाज खान पुत्र शेजाद खान, फरीद खान पुत्र जमीर खान, अजहर खान पुत्र ऐजाज खान, ताहिर पुत्र ऐजाज खान, सलाम खान पुत्र अलियार खान, राजा खां पुत्र शहजाद खां, फिरोज खां पुत्र रशीद खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं मं केस दर्ज किया। दो आरोपित राजा खां और फिरोज को छोड़कर पांच आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये। राजा और फिरोज की तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
स्थिति नियंत्रण में होने के बाद सोमवार शाम को एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह, तहसीलदार भंवरसिंह चौहान के नेतुत्व में नगर के प्रमुख मार्ग हाटपुरा बाजार से गांधी चौक तक पुलिस ने फ्लैगमार्च किया। इसके बाद बाजार में दुकाने खुली। हालांकि विवाद के दौरान जमकर अफरा-तफरी मची और दहशत का माहौल रहा। अभी भी नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और लगातार गश्त की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है।
पांच आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश
मामले में तत्काल कार्रवाई की गई। पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दो की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में पूरी तरह शांति है, पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
रविंद्र कुमार बोयट, एएसपी आगर मालवा