मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुल पर पानी होने के बावजूद दो युवक अपनी बाइक के साथ पुलिया पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वे पानी के तेज बहाव में बह गए। हालांकि, दोनों युवक तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए, पर वे अपनी बाइक को नहीं बचा पाए।
अशोकनगर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी और नाले उफान पर हैं। पुल और पुलियाओं के ऊपर से पानी बह रहा है, बावजूद इसके लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें पार करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सिंध नदी की पुलिया पर देखने को मिला, जहां पानी से भरी पुलिया को पार करते समय दो युवकों का संतुलन बिगड़ गया, और वे बाइक समेत बह गए।
यह घटना शाढ़ौरा तहसील के पीलीघटा और खैजरा अटारी के बीच स्थित सिंध नदी की पुलिया पर बुधवार शाम को घटी। मनोज केवट और अनिल केवट अपनी बाइक के साथ पुलिया पार कर रहे थे, तभी अचानक बाइक पानी के तेज बहाव में बहने लगी। दोनों युवकों ने बाइक को बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव इतना तेज था कि वे बाइक समेत नीचे गिर गए। सौभाग्य से, दोनों युवक तैराक थे, इसलिए वे तैरते हुए सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन उनकी बाइक पानी में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही शाढ़ौरा थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और पुलिया पर पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि कोई और अप्रिय घटना न घटे। यह घटना राज्य में पहली नहीं है। इससे पहले भी कई लोग जल्दबाजी और लापरवाही में ऐसे जोखिम उठाते हैं, जिससे उनका भारी नुकसान होता है। हालांकि, इस घटना में युवक तैराक होने की वजह से बच गए, अन्यथा उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ता।