बालाघाट जिले में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन से सटे गांव पर्रापुर बैगाटोला (थाना बैहर) में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर में सो रही 45 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर बाहर ले जाने लगा। हालांकि, ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम पर्रापुर बैगाटोला निवासी सुगनी बाई धुर्वे (45), पति बुधराम धुर्वे, शनिवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर में सो रही थीं। रात करीब 1:30 बजे जंगल से भटककर एक बाघ घर में घुस आया और सो रही सुगनी बाई पर हमला कर दिया। बाघ उन्हें मुंह में दबाकर घर से बाहर ले जाने लगा। हमले की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए। उन्होंने शोर मचाया और टॉर्च लेकर बाहर पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर के पास दलदली जमीन में बाघ कुछ देर के लिए फंस गया। लोगों की आवाज और हलचल से घबराकर उसने महिला को वहीं छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन गंभीर रूप से घायल सुगनी बाई को रात करीब तीन बजे बैहर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएमओ डॉ. अनंत लिल्हारे ने बताया कि बाघ के हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। सिर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पढ़ें: '18 साल से कम के लिए नहीं'...फिर भी स्कूल में चला दी फिल्म, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया मामला
एक महीने से गांव में घूम रहा है बाघ
ग्रामीणों का कहना है कि बाघ पिछले करीब एक महीने से गांव के आसपास घूम रहा है और कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। मृतका के घर में दरवाजे भी नहीं लगे थे, जिससे बाघ आसानी से अंदर घुस गया।
मुआवजे और सुरक्षा की मांग
घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर शव एंबुलेंस से नहीं उतारा। वन विभाग ने तत्काल पांच हजार रुपये की सहायता प्रदान की तथा मृतका के एक पुत्र को नौकरी दिलाने और शासन की ओर से निर्धारित आठ लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने के लिए गांव के आसपास पिंजरा लगाने की मांग भी की है।
वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
वन विभाग ने लोगों से रात के समय घरों के दरवाजे बंद रखने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने तथा जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। बाघ की तलाश के लिए कान्हा मुक्की क्षेत्र से दो हाथी दल बुलाए गए हैं और लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
प्रभारी रेंजर परिवेश वारदे ने बताया कि पर्रापुर बैगाटोला में बाघ घर में घुसकर महिला को उठा ले गया था, लेकिन रास्ते में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। महिला की मौत हो गई। फिलहाल पांच हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी गई है। शासन के नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गांव में गश्त बढ़ा दी गई है और कान्हा मुक्की से दो हाथी दल बुलाकर सर्चिंग कराई जा रही है।