लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार सुबह बड़वानी जिले के निवाली में कार्रवाई करते हुए बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इस संबंध में लोकायुक्त डीएसपी सुनील तमांग ने बताया कि शिक्षक जितेंद्र सोनी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृत राशि को लेकर आरोप लगाए गए थे।
राशि में कटौती और कमीशन की मांग
शिक्षक जितेंद्र सोनी ने बताया कि उनके स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 20 हजार रुपये स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि बीआरसी महेंद्र सिंह राठौर और संबंधित सब इंजीनियर ने उनसे 15 हजार रुपये में कार्य पूर्ण करने को कहा। शेष 5 हजार रुपये में से 2-2 हजार रुपये दोनों के लिए और 1 हजार रुपये बड़वानी में देने की मांग की गई थी।
पढ़ें: मनावर में दिव्यांग कर्मचारी का शव कुएं से बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; 15 घंटे बाद मिली सफलता
एटीएम के पास ट्रैप कर पकड़ा गया आरोपी
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर शिक्षक जितेंद्र सोनी को बुधवार को राजपुर स्थित बीआरसी के घर के पास एक एटीएम पर 5 हजार रुपये देने भेजा। जैसे ही महेंद्र सिंह राठौर ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया। इस मामले में संबंधित सब इंजीनियर को भी आरोपी बनाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।