मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के आदिवासियों से भरी एक पिकअप महाराष्ट्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बड़वानी जिले के 25 से अधिक लोग वाहन में सवार थे, जो कि मान-मन्नत उतारने गए थे।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के सिंधी गांव में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक पिकअप वाहन के ब्रेक फेल होने से वह सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार बड़वानी जिले के ग्राम ठेंचा के रहने वाले मायाराम सोलंकी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बड़वानी के ही करीब 25 से अधिक लोग पिकअप वाहन में सवार थे, जिनमें से करीब 14 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
ये भी पढ़ें:
पहले फ्लाइट, फिर दो दिन मालगाड़ी में सफर, अगरतला से विदिशा पहुंची दो बच्चों की मां, जानें प्रेम कहानी
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तुरंत पहले पाटी ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही सभी को बड़वानी के जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया। यहां सभी घायलों का इलाज जारी है। ये सभी पिकअप सवार मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं, जो कि महाराष्ट्र के देवमोगरा गए हुए थे। वहां आयोजित एक मान-मन्नत के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिंधी गांव के पास यह हादसा हो गया। हादसे की जांच महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
ये भी पढ़ें:
सौरभ शर्मा को फंडिंग करने पर घिरे कई रसूखदार, बढ़ेंगे आरोपी, कैंसर अस्पताल संचालक ने दिए थे 6.5 करोड़