बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी नाले उफान पर हैं। इसी बीच रविवार दोपहर से शाम के बीच पिपरखेड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार, उफनते नाले को पार करने के प्रयास के दौरान एक ट्रैक्टर तेज बहाव की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर नागलवाड़ी निवासी प्रकाश बर्फा का बताया गया है, जिसे पिपरखेड़ा निवासी बंसी पिता धूलिया डावर, उम्र लगभग 38 वर्ष, चला रहे थे। तेज बहाव में ट्रैक्टर और चालक दोनों बह गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
300 मीटर दूर मिला ट्रैक्टर, चालक अब भी लापता
घटना की सूचना मिलते ही नागलवाड़ी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के नालों और संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा, लेकिन बंसी डावर का कोई सुराग नहीं मिल सका। वहीं, बहा हुआ ट्रैक्टर पुलिया से करीब 300 मीटर दूर नाले में मिला। लगातार हो रही बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण भी पुलिस और प्रशासन के साथ खोजबीन में सहयोग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- केवई नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत, तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी उफनते नाले, नदी या पुलिया को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन ने कहा है कि तेज बहाव जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए सभी लोग सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और जोखिम उठाने से बचें।

बड़वानी के नागलवाड़ी क्षेत्र में उफनते नाला