बड़वानी जिले की राजपुर तहसील के ग्राम सालखेड़ा में पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक पागल कुत्ता गांव में घुस आया और घरों के बाहर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार घटना रात करीब तीन बजे की है। अचानक हुए हमले में छह ग्रामीण घायल हो गए। कुत्ते के काटने से घायलों के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव आए हैं।
छह ग्रामीण घायल, ग्रामीणों में भय
ग्रामीण गजानंद वास्कले ने बताया कि रात करीब तीन बजे कुत्ता गांव में आया और सो रहे लोगों को काटने लगा। चीख-पुकार सुनकर लोग जागे तो कई ग्रामीण लहूलुहान हालत में मिले। उन्होंने बताया कि घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया है। इस हमले में प्रवीण पिता मन्नालाल, गजानन पिता मोतन, कलाबाई पति टूतिया, अक्षिता पिता जितेंद्र, मंसाराम पिता मांगीलाल तथा मोहन पिता नीमलाल घायल हुए हैं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पढ़ें: दो डंपरों के बीच फंसी स्कॉर्पियो में लगी आग, बाहर भी नहीं निकलने सके; दो जिंदा जले
उपचार जारी, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
सभी घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है तथा उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से राजपुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा रहे हैं तथा पहले भी कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और गांव में रेबीज रोकथाम अभियान चलाने की मांग की है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों से रात में बाहर सोने से बचने और कुत्ते के काटने की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।