बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुदगांव-धामनगांव मार्ग पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने करीब 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि स्थानीय ग्रामीणों और 108 एम्बुलेंस टीम की मदद से सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के ग्राम भातकोली निवासी राहुल कड़ू, सत्यम तोमर और कृष्णा मोकडे कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार के ब्रेक फेल हो गए। वाहन पर नियंत्रण बिगड़ते ही कार सीधे सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरी।
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी दीपक बारस्कर और पायलट मोहित चडोकर ने जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरकर युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें- भोजशाला पर एएसआई का बड़ा फैसला: नया आदेश जारी, अब बिना किसी रोक-टोक के होगी 365 दिन पूजा; मस्जिद का नाम हटा
काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाले गए घायल
स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और कार के ब्रेक फेल होने की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।