मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। झल्लार-बोरगांव मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक अंकुश वाघमारे को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर इलाज उपलब्ध नहीं कराया गया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि सूचना के काफी देर बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे, तब तक घायल की हालत और बिगड़ चुकी थी।
पढ़ें: उज्जैन दर्शन कर लौट रहे गुजरात के युवकों की कार पलटी, एक की मौत; दो लोग हुए घायल
इलाज में कथित लापरवाही से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर के साथ मारपीट और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए डॉक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला।
गुस्साए परिजनों ने अस्पताल गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। बाद में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब पांच घंटे के प्रदर्शन के बाद मामला शांत हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हंगामा व तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।