मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के देवारी स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में हिंदू बच्चों को नमाज पढ़ाने का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षक ज़बूर अहमद तड़वी बच्चों को योगासन के नाम पर नमाज की मुद्राएं सिखा रहे थे। परिजनों और हिंदू जागरण मंच ने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की है। उसके बाद शिक्षा अधिकारी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, इस मामले में हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हिंदू नेता अजीत परदेशी ने कहा कि यह जिहादी मानसिकता का खेल है, और शिक्षा मंदिर को मजहबी अड्डा नहीं बनने देंगे। उन्होंने सख्त एक्शन की मांग की है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई की बात कही है। अब देखना है कि बच्चों के दिमाग में मजहबी ज़हर घोलने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा।
वहीं हिंदू संगठन के साथ स्कूल पहुंचे एक अभिभावक विनोद राठौड़ ने बताया कि उनकी तीन बालिकाएं इसी स्कूल में पढ़ती हैं। जानकारी उन्हें दीपावली के बाद लगी, जब छुट्टी में बच्चों ने घर पर उन्हें बताया। इसके बाद वे अब स्कूल मैनेजमेंट को शिकायत करने यहां पहुंचे। यहां के सर ने उन्हें कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया है और कुछ अधिकारी भी यहां आए थे, जिन्होंने बच्चों से पूछताछ की है। वहीं, स्कूल से जुड़े प्रभारी शिक्षक ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस मामले की जानकारी लगी, उन्होंने तुरंत जन शिक्षा अधिकारी को मौके पर बुलवाया और फिर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को इसकी पूरी जानकारी दी है।
ये भी पढ़ें- कोतमा में पदस्थ मजिस्ट्रेट के आवास पर हमला, बदमाशों ने पथराव कर दी जान से मारने की धमकी
इधर इस मामले में अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष अजीत परदेसी का कहना है कि जब उन्हें इस मामले की जानकारी लगी, तब उन्होंने ब्लॉक ऑफिसर से मामले की शिकायत की। जिस पर उन्हें बताया गया कि घटना का पंचनामा बना लिया गया है, फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हमारी जिला प्रशासन से मांग है कि इस मामले में जो आरोपी शिक्षक तड़वी हैं, उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।