छिंदवाड़ा शहर में एलपीजी गैस को लेकर मचा हाहाकार अब कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। खजरी रोड स्थित नहर गैस एजेंसी में बुधवार को इसे लेकर हंगामा हो गया।
सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में लगे थे। कई लोग दूर-दराज इलाकों से पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद जब वितरण शुरू नहीं हुआ या बेहद धीमी गति से चला, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। मौके पर मौजूद कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन दोपहर तक भी उनका नंबर नहीं आया। इससे नाराज होकर लोगों ने कर्मचारियों से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते बेकाबू हुई भीड़
पहले कहासुनी हुई, फिर धक्का-मुक्की और आखिरकार मारपीट शुरू हो गई। गुस्साई भीड़ एजेंसी के अंदर घुस गई और कर्मचारियों को निशाना बनाया। इस दौरान ऑफिस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कर्मचारी अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।
ये भी पढ़ें-MP Board Result: हौसले की जीत, आर्या मिश्रा पांच KM साइकिल चलाकर पहुंचती थी स्कूल, प्रदेश में पाया दसवां स्थान
CCTV बना सबूत, पुलिस कर रही पहचान
घटना एजेंसी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को तितर-बितर किया।
हर दिन बढ़ रहा आक्रोश
छिंदवाड़ा में पिछले एक हफ्ते से गैस वितरण को लेकर हालात बिगड़े हुए हैं। कहीं सड़क जाम हो रहा है, तो कहीं उपभोक्ता एजेंसी के बाहर धरना दे रहे हैं। कुछ दिन पहले उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर कार्यालय भी पहुंच गए थे, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ा है।
सप्लाई चेन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस की आपूर्ति समय पर नहीं हो रही। बुकिंग के बाद भी 7-10 दिन तक सिलिंडर नहीं मिल पा रहा। इसके चलते एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है और अव्यवस्था फैल रही है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और सप्लाई सामान्य की जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। लगातार हो रहे हंगामे और विरोध प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि व्यवस्था में कहीं न कहीं बड़ी खामी है।