दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक के बेलखेड़ी गांव में बुधवार रात कोदो की रोटी और चना की भाजी खाने के बाद 14 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पहले पटेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां सभी का इलाज होने के बाद उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। पुलिस के द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी देते हुए मानसिंह लोधी ने बताया कि रात में परिवार के 14 लोगों ने कोदों की रोटी और चने की भाजी खाई थी। खाना खाने के कुछ देर बाद सभी को चक्कर आए और उल्टियां होने लगीं। एक के बाद एक परिवार के 14 लोग बीमार हो गए। तत्काल ही सभी लोगों को इलाज के लिए पटेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉक्टर प्रहलाद पटेल के साथ करीब छह डॉक्टरों की टीम मौजूद थी। जैसे ही देर रात मरीज जिला अस्पताल पहुंचे सभी को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट करने के बाद डॉक्टरों की टीम के द्वारा उनका इलाज शुरू किया गया।
महिला फूलबाई ने बताया कि सभी ने कोदों की रोटी और चना की भाजी खाई थी। उसके बाद बच्चे, महिला व पुरुष सभी को उल्टियां होने लगी सभी को अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर पहलाद पटेल ने बताया कि पटेरा से करीब 11 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे थे सभी का इलाज डॉक्टरो के द्वारा शुरू किया गया है अब उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अलग अलग परिवार से है ग्रामीण कोदो की रोटी खाने से जिन ग्रामीणों की हालत बिगड़ी है वह सभी अलग-अलग परिवार से है। जिसमें आदिवासी और लोधी परिवार के मरीज शामिल हैं। एक मरीज के परिजन मानसिंह लोधी ने बताया कि गांव के ही एक आदिवासी ने कोदों अपने खेत में बोया था। जिसे हम लोगों ने खरीदकर रोटी बनाकर खाई थी। जिसके गांव के 14 लोग बीमार हुए जिन्हें डायल 112 की सहायता से पहले पटेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें- चिटफंड कंपनी बनाकर रोजगार सहायक ने की करोड़ों की ठगी, उपभोक्ता परेशान
मरीजों की हालत सामान्य जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर विजय पथोरिया ने बताया कि रात में सभी ग्रामीणों को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों की टीम के द्वारा सभी का इलाज शुरू किया गया और धीरे,धीरे उनकी हालात सामान्य हो गई। अभी इन लोगों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। बीमार हुए ग्रामीणों में लक्ष्मी रानी पति रज्जू लोधी 40, लोक सिंह पिता कंछेदी 55, चैन सिंह पिता हरि सिंह 55, हल्की बहु पति जगन सिंह, राजकुमारी पति मानसिंह 30, रेवती पिता लखन सिंह 7 वर्ष, आदर्श पिता गोपाल सिंह 9 वर्ष, राधिका पिता मानसिंह 11 वर्ष, ओमकार पिता मानसिंह 5 वर्ष, मायरानी पति लोक सिंह 45, सुरेश सिंह पिता लोक सिंह सभी निवासी बेलखेड़ी के है।