दमोह जिले के हटा ब्लॉक में सोमवार को खाद न मिलने से नाराज किसानों ने सड़क पर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुबह से ही बारिश में भीगते हुए सैकड़ों किसान कृषि उपज मंडी स्थित डबल लॉक गोदाम में खाद लेने के लिए लाइन में लगे थे। लेकिन दोपहर तक खाद न मिलने से आक्रोश बढ़ गया और किसानों ने हटा-बटियागढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों ने गोदाम से समय पर खाद उपलब्ध न कराने और काला बाजारी के आरोप लगाए।
सूचना मिलते ही हटा तहसीलदार शिवराम चढ़ार, राजस्व अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को टोकन सिस्टम के जरिए खाद वितरण का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक चले जाम और नारेबाजी के बाद किसान शांत हुए और सड़क खाली करा दी गई।
पढ़ें: भागलपुर में 2400 मेगावाट पीरपैंती प्लांट का 15 सितंबर को हो सकता है शिलान्यास, पीएम मोदी की बड़ी सौगात
खाद लेने पहुंचे किसान बृजेंद्र कुसमरिया, राजेंद्र पटेल और रामस्वरूप ने बताया कि पहले सिर्फ एक-एक बोरी खाद दी जा रही थी, जो पर्याप्त नहीं थी। विरोध के बाद तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि अब प्रत्येक किसान को टोकन सिस्टम से चार-चार बोरी खाद दी जाएगी। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
जबेरा में भी किसानों का विरोध
इसी तरह जबेरा कृषि उपज मंडी में भी सोमवार सुबह से किसान खाद के लिए लाइन में खड़े थे। देर तक खाद न मिलने पर यहां भी किसानों ने हंगामा कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात की गई। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद खाद वितरण शुरू कराया गया और स्थिति को संभाल लिया गया।