गुना पुलिस लाइन में पदस्थ एक एएसआई (ASI) का पटाखा विक्रेताओं से झगड़ा करते हुए वीडियो सामने आया है। यह वीडियो गुरुवार रात का बताया जा रहा है। दशहरा मैदान स्थित पटाखा बाजार में एएसआई ने आतिशबाजी विक्रेता से अधिक डिस्काउंट मांगा, इसी बात पर दोनों का विवाद हो गया। एएसआई ने धमकाते हुए कहा, 'सिंघम नाम है मेरा, खुद की वर्दी फाड़कर तुझे अंदर करा दूंगा'।
जानकारी के अनुसार, शहर के दशहरा मैदान में पटाखा बाजार लगा हुआ था। दीपावली के अवसर पर गुरुवार को यहां भारी भीड़ थी। शाम होते-होते दुकानदारों ने सभी ग्राहकों को अतिरिक्त डिस्काउंट देना शुरू कर दिया था। इस दौरान पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआई सुरेश भदौरिया पटाखा बाजार में पटाखे खरीदने पहुंचे। उन्होंने एक दुकान से पटाखा खरीदने की बात की। दुकानदार ने सभी ग्राहकों के लिए समान डिस्काउंट देने की बात कही। इस पर एएसआई ने दुकानदार से अधिक डिस्काउंट की मांग करते हुए कहा कि वह पुलिस स्टाफ के आदमी है, इसलिए उन्हें ज्यादा डिस्काउंट दिया जाए। दुकानदार ने जवाब दिया कि जितना अधिक डिस्काउंट संभव था, उतना दिया जा रहा है और सभी को समान छूट मिल रही है।
इस बात पर एएसआई भड़क गए और दुकानदार को गालियां देने लगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जिसमें एएसआई वर्दी में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एएसआई कहते हुए सुने जा सकते हैं कि, "वो दूसरे पुलिस वाले होंगे जो मुफ्त का खाते हैं। मैं पैसा देकर सामान खरीदता हूं। सिंघम मेरा नाम है, कोई नहीं कह सकता इस जिले में कि मैंने फ्री का सामान लिया है। लेकिन, बात करने की तमीज सीख ले तू। दीवाली है, इसलिए ज्यादा नहीं बोल रहा हूं।"
इसके बाद वह धमकी देते हुए कहता है, 'बस तीन मिनट लगेंगे, तीन। सिंघम नाम है मेरा। बोल अभी अंदर करा दूं, बोल वर्दी फाड़ता हूं। तेरी बैंड बजा दूं। बोल दीवाली अंदर मनवाऊं तेरी। अभी मजा चखाता हूं'। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।