हरदा जिले के खिरकिया क्षेत्र में शासकीय समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। उपार्जन समिति के निरीक्षण में मार्केटिंग सोसायटी द्वारा संचालित समृद्धि वेयरहाउस में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए वेयरहाउस को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू हुई थी, जिसमें किसानों से स्लॉट बुकिंग के आधार पर उपज खरीदी जानी थी। हालांकि निरीक्षण के दौरान करीब 3400 क्विंटल गेहूं बिना स्लॉट बुकिंग के ही वेयरहाउस में जमा पाया गया। इसमें कुछ गेहूं सरकारी बोरों में भरा था, जबकि बड़ी मात्रा में खुले में ढेर के रूप में रखा गया था।
पढ़ें: गर्मी में सूख रहे बोरिंग, शहर में रोज 50 एमएलडी पानी की कमी; अब ट्रीटेड वॉटर अनिवार्य
सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया कि गोदाम में रखे गेहूं पर किसान कोड वाली पर्चियां नहीं लगी थीं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उपज किन किसानों की है। इसके अलावा, वेयरहाउस में रखे हजारों क्विंटल गेहूं का सटीक रिकॉर्ड भी मार्केटिंग सोसायटी द्वारा प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
उपार्जन समिति के अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर पूरी स्थिति का दस्तावेजीकरण किया और रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंप दी है। अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए वेयरहाउस को सील कर दिया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। किसानों और स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।