कटनी जिले के रंगनाथ थाना क्षेत्र से मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें 15 वर्षीय नाबालिक युवती को उसकी सहेली की मां ने दो साथियों की मदद से हरियाणा में बेचकर जबरन शादी करवा दी। पुलिस की समय पर कार्रवाई से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपी महिला और युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिक युवती को सहेली की मां ने धोखे में हरियाणा के युवक रॉबी जाट को करीब डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया और उसकी जबरन शादी करवा दी। युवती के परिजन 15 दिन बाद जब घर लौटे तो बेटी नहीं मिली। परिजन तुरंत रंगनाथ थाने पहुंचे और पुलिस को सारी बात बताई। रंगनाथ थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने बताया कि एसपी अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम हरियाणा के पलवल जिले में पहुँची और किशोरी को सुरक्षित बरामद किया। इसके साथ ही आरोपी युवक रॉबी जाट (25) और नाबालिक को बेचने वाली महिला सपना गुर्जर को गिरफ्तार कर कटनी ले जाया गया।
यह भी पढ़ें-
भोपाल के जालसाजों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों ठगे, चार गिरफ्तार
युवती की सुरक्षा और रैकेट का खुलासा
किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 8 दिनों से भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन आरोपी उसे रोक रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि सपना गुर्जर नाबालिक लड़कियों की तस्करी और जबरन शादी कराने का गिरोह चला रही थी। इस गिरोह में झांसी और हरियाणा के अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। सपना गुर्जर और रॉबी जाट जेल में हैं, जबकि नाबालिक किशोरी को सुरक्षित उसके माता-पिता के पास सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने कहा कि मानव तस्करी के इस रैकेट के अन्य आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।