प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र लोधी शनिवार देर शाम खंडवा पहुंचे थे। यहां उन्होंने दतिया से कांग्रेस विधायक की सदस्यता निरस्त किए जाने के फैसले को नियमपूर्वक बताते हुए कहा कि विधानसभा में जो भी काम होता है वह नियम प्रक्रिया के अधीन ही होता है। और नियम कानून में स्पष्ट लिखा है कि यदि दो साल से अधिक की किसी को सजा होती है तो उस विधायक की सदस्यता समाप्त की जाना चाहिए। इसलिए जो भी काम हुआ है वह नियम प्रक्रिया के तहत ही हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, उन्हें याद है कि बीच में जब 15 माह की कांग्रेस की सरकार आई थी, उस दौरान हमारे विधायक प्रहलाद लोधी को सजा हुई थी, जिस पर कांग्रेस ने रातों-रात उनकी सदस्यता को समाप्त करने का काम किया था। तो इस तरह कांग्रेस जब खुद कोई काम करती है तो उसे वह जायज ठहराती है और जब हम कोई काम नियम से करते हैं तो उसे वह षड्यंत्र बताती है। यही कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान हाल ही में मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे थे, जहां उन्होंने कहा था कि, उज्जैन ही वह स्थान है, जहां मध्य रेखा और कर्क रेखा का केंद्र बिंदु मिलता है और यहीं से प्राचीन काल में कालगणना होती थी। इसलिए समय आ गया है कि, हम ग्रीनविच मीन टाइम (GMT) की जगह महाकाल स्टैंडर्ड टाइम (MST) की तार्किक स्थापना करें। इसको लेकर अब समर्थन में मध्य प्रदेश के धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चूंकि महाकाल की गणना काल की गणना को लेकर ही है। तो उन्हें लगता है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जो कहा है, वह ठीक ही कहा है, और आने वाले समय में ऐसा ही होगा।
ये भी पढ़ें- लॉज हादसे में मृतकों का आंकड़ा तीन पर पहुंचा, गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा
इसके साथ ही जब उनसे खंडवा के ओंकारेश्वर में बन रहे एकात्म धाम को लेकर पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि वहां के विकास का काम सिंहस्थ को देखते हुए तेजी से चल रहा है, और निश्चित रूप से एकात्म धाम सरकार के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण धाम है। जहां से अद्वैतवाद की शिक्षा देने का काम किया जाएगा और इसके द्वितीय चरण के विकास को लेकर अभी बजट में 2200 करोड़ रु की राशि दी गई है। इस तरह से उन्हें पूरी आशा है कि, एकात्म धाम बहुत ही दिव्य और भव्य बनने जा रहा है।