खंडवा शहर में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां रेलवे की एक जर्जर बिल्डिंग एक युवक के लिए आई दर्दनाक मौत बन गई। दरअसल बिल्डिंग से स्क्रैप निकालने के दौरान इमरात का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, और उसी इमारत के मलबे में दबकर वहां कार्य कर रहे दो युवकों में से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है ।
खंडवा के तीन पुलिया क्षेत्र में मीटरगेज के एक पुराने और जर्जर रेलवे भवन से स्क्रैप निकालने का काम चल रहा था। तभी अचानक इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, और वहां काम कर रहे दो कर्मचारी मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य कर्मचारियों ने दोनों युवकों को मलबे से बाहर निकालने के लिए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। इसी बीच वहां मौजूद जेसीबी मशीन की मदद से कुछ ही देर में मलबा हटाया गया, और दबे हुए दोनो कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- विधानसभा अध्यक्ष बोले- कानूनी राय के बाद की राजेंद्र भारती की विस सदस्यता खत्म, आगे कोर्ट का आदेश मानेंगे
इस घटना में रेलवे में पदस्थ मास्टर क्राफ्ट्समैन शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहींउनका सहायक कर्मचारी वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल भी मौके पर पहुंच गए, और फिलहाल इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी जर्जर इमारत में सुरक्षा के पुख्ता उपायों के बगैर इन कर्मचारियों से काम क्यों कराया जा रहा था, और इसमे रेलवे के कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं।