मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार देर शाम नागपंचमी पर दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय वाहन में 20 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें 14 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घायलों में मेला घूमने और दर्शन करने जा रहे पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:
सात पहाड़ और बारिश, 'चमत्कार' के ये 10 दिन, नागद्वारी गुफा पहुंचे पांच लाख भक्त; देखें तस्वीरें
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु नागलवाड़ी स्थित भीलट देव मंदिर से दर्शन कर अपने गांव पानवाड़ा लौट रहे थे। इस दौरान सेगांव थाना क्षेत्र के तीरी फाटा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वाहन में अधिकतर महिलाएं और बच्चे सवार थे।
ये भी पढ़ें:
13 महिलाओं को अगवा कर एंबुलेंस से UP जा रहे थे, पुलिस ने रोका रास्ता, बागेश्वरधाम से जुड़े तार; मामला क्या
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिंकू नामक एक घायल की हालत गंभीर बताई और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि नागपंचमी के अवसर पर हर साल हजारों श्रद्धालु नागलवाड़ी स्थित भीलट देव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।