मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना ब्लॉक में 14 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान सीएम यादव इस विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात देते हुए करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे । यही नहीं, फरवरी माह की लाड़ली बहना योजना की राशि भी प्रदेश की बहनों के खाते में सीएम यादव के द्वारा यहीं से ट्रांसफर की जाएगी।
सीएम 14 फरवरी को खंडवा जिले के पंधाना विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे पंधाना नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में करोड़ों रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री के पंधाना विधानसभा के इस प्रथम दौरे को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
बता दें कि, सीएम का कार्यक्रम पंधाना के सीएम राइस स्कूल मैदान में किया जाना है, जहां विशाल जनसभा और शासकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी बीच इस कार्यक्रम को लेकर पंधाना विधायक ने कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस निरीक्षण के दौरान मंच, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, बादल से तापमान में गिरावट, 5 दिन में दो सिस्टम होंगे सक्रिय
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण -भूमिपूजन
बता दें कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन पर पंधाना क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, आवास, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। इनमें कॉलेज, खेल स्टेडियम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंचाई परियोजनाएं, औद्योगिक पार्क, गोदाम निर्माण, शासकीय आवास एवं अन्य शहरी विकास कार्य शामिल हैं । इन सभी परियोजनाओं से क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है ।
इधर जिला कलेक्टर एवं स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की है। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आमजन के लिए बैठने, पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। वहीं, पंधाना विधायक छाया मोरे के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन से पंधाना विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। यहां उनके आगमन से जहां वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी तो वहीं क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा भी मिलेगी।