देश भर में चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दिन राम मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई थी। साथ ही कई जगहों पर श्री राम जन्मोत्सव की रथ यात्रा और झांकियां भी निकाली गईं। वहीं मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में भी भगवान श्री राम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। यहां भी इस दिन सभी राम मन्दिरों में भी जहां एक ओर रामलला का विशेष शृंगार किया गया तो वहीं रामनवमी के अवसर पर देर शाम शोभायात्रा के साथ ही सुंदर और मनमोहक झांकियों का कारवां भी निकाला गया। इस दौरान पूरा झांकी मार्ग ही मानो श्रीराम के रंग में रंगा नजर आया। मंदिरों में भी सुबह से ही प्रभु श्री राम के दर्शन करने काफी भीड़ नजर आई। जिसके बाद श्रद्धालु देर रात तक शोभायात्रा में डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। हालांकि यात्रा के दौरान डीजे प्रतिबंधित किया गया था। बावजूद इसके कई डीजे वाहन यात्रा में नजर आए।
ये भी पढ़ें- ओरछा रामराजा मंदिर में जन्मोत्सव की धूम, बुंदेली बधाई गीत पर झूमे श्रद्धालु
खंडवा नगर में राम जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर बाद से श्री राम की शोभा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में राम भक्त जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान झांकियों के रूप में रामलला के साथ ही भगवान श्रीराम, माता जानकी और वीर हनुमान जी ने भी भक्तों को दर्शन दिए। यह शोभायात्रा जब शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी तो उसे देख शहर राममय हो गया। नगर के विजेता चौक, बुधवारा बाजार, गणेशतलाई, बाहेती कॉलोनी, पड़ावा, शिवाजी नगर, दुबे कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, रामनगर, ज्योति नगर, लाल चौकी और इंदौर नाका क्षेत्र से ये शोभायात्राएं निकली थीं। इन दौरान कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत भी किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में उत्साह से झूमते युवा नजर आए। जो डीजे पर बज रहे मेरे भारत का बच्चा बच्चा, जय श्री राम बोलेगा, मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे रामआएंगे..., श्री राम जी की सेना चली, हर-हर महादेव..., ये भगवा रंग..., रामजी की सेना चली जैसे भजनों पर झूम रहे थे। इस दौरान कई युवा इस अनमोल पल को अपने कैमरे में कैद कर रील बनाते और सोशल मीडिया पर इन्हें वायरल करते और दूर बैठे अपने परिजनों को वीडियो कॉल के जरिये इस शोभायात्रा में शामिल करते भी देखे गए।
ये भी पढ़ें- निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद सात लोगों की मौत का मामला, जांच के लिए कल आएगी आयोग की टीम
डीजे था पूर्णतः प्रतिबंधित, अब होगी कर्रवाई
यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर करीब 550 की संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। वहीं पुलिस जवानों के साथ ही शहर के तीनों थानों का बल भी यात्रा के साथ चल रहा था। इस दौरान यात्रा मार्ग की सभी गलियों की बेरीकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई थी। इधर यात्रा के दौरान कई सारे डीजे वाहनों का उपयोग भी किया गया था, जबकि शनिवार को ही पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों की बैठक लेकर केवल दो स्पीकर लगाए जाने की चेतावनी जारी की थी। साथ ही स्पष्ट किया गया था कि डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बावजूद इसके शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में डीजे वाहनों के इस्तेमाल के बाद अब जिला प्रशासन निर्देश न मानने वाले डीजे संचालकों पर कड़ी कार्रवाई करेगा। साथ ही उनके वाहनों को भी जब्त किया जा सकता है।