मैहर रेलवे स्टेशन पर बीते सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे उस समय हुआ जब दादर से वाराणसी जा रही ट्रेन मैहर स्टेशन पर रुकी थी। ट्रेन में सवार यात्री प्यारे लाल कनौजिया प्यास लगने पर पानी लेने के लिए स्टेशन पर उतरे। इस दौरान ट्रेन चलने लगी, प्यारे लाल ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। पहली बार चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया, लेकिन प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक यात्री ने उन्हें पकड़ लिया। इसके उन्होंने दोबारा कोशिश की, लेकिन इस बार वे सीधे ट्रैक पर गिर गए। हादसे में उनका बायां हाथ और बाएं पैर का पंजा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल प्यारे लाल को तत्काल मैहर सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें जबलपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह जनपद जौनपुर (उत्तर प्रदेश) भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
मथुरा में जन्मे हेमंत होंगे मप्र भाजपा के नए अध्यक्ष, पिता सांसद रहे, सियासी सफर कैसा?
CCTV में कैद हुई घटना
यह दर्दनाक हादसा रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि प्यारे लाल किस तरह चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में ट्रैक पर गिरते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।