नरसिंहपुर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव वन परिक्षेत्र के जंगल में गश्ती के दौरान वनरक्षक एवं चौकीदार पर बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालते हुए 'शिकार करना पाप है पुलिस हमारी बाप के नारे लगवाए'। आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर बंदूक, एक भरमार बंदूक एवं दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते बताया कि घटना ग्राम आमापानी के खारी तालाब क्षेत्र की है, जहां गश्ती के दौरान वनरक्षक एवं चौकीदार को राजा, अन्नू एवं सेवक नामक तीन व्यक्ति मिले। पूछताछ व रोकने पर आरोपियों एवं उनके साथियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने वनरक्षक की मोटरसाइकिल को बंदूक की बट व कुल्हाड़ी से तोड़कर क्षतिग्रस्त किया और मौके से फरार हो गए।
पढे़ं: गुना में युवक जली हालत में मिला: सड़क किनारे खड़ी मिली बाइक, जांच में जुटी पुलिस; बाल कटवाने निकला था
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की टीम द्वारा तकनीकी साधनों व मुखबिर तंत्र के आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजा उर्फ राजेन्द्र निवासी केरपानी, अभिषेक पटैल (लोधी) निवासी हिरनपुर, रंजीत लोधी, अनिल उर्फ अन्नी लोधी, सेवक ठाकुर एवं कैलाश उर्फ वरउ नौरिया, सभी निवासी ग्राम रमखिरिया शामिल हैं। थाना प्रभारी सुआतला प्रियंका केवट ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध धारा 132, 296(ख), 125, 324(4), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।