पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुनहरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 2 साल की मासूम बच्ची पलक गोंड संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताते हुए दो अज्ञात लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस और वन विभाग की टीम बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।
खेलते-खेलते हुई लापता
जानकारी के अनुसार, पलक गोंड अपने माता-पिता के साथ जंगल किनारे महुआ बीनने गई थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक नजरों से ओझल हो गई। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें: महेश्वर पंचकोशी यात्रा चौथे पड़ाव पर: 20 हजार श्रद्धालु पहुंचे जलकोटी, नर्मदा नदी को किया पार; आगे बढ़ी यात्रा
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान आसपास दो संदिग्ध व्यक्ति देखे गए थे, जिन पर बच्ची को अपने साथ ले जाने का शक है। इस आशंका के चलते मामला और गंभीर हो गया है। घटना के बाद परिजन बदहवास हैं और गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस, वन अमला और डॉग स्क्वॉड की सर्चिंग जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी लगाया गया है। जंगल और आसपास के संभावित रास्तों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजन लगातार प्रशासन से बच्ची को जल्द ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं।