रतलाम शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित पॉश कॉलोनी लालबाग एवेन्यू में पशु क्रूरता का शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कॉलोनी की दो महिलाओं ने पहले कुत्ते के एक पिल्ले को रस्सी से बांधा और फिर स्कूटी पर सवार होकर उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गईं। इस दौरान आसपास के लोगों ने आवाज लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं रुकीं और तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए पिल्ले को घसीटती रहीं। इस घटना में पिल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर दो महिलाओं द्वारा पिल्ले को रस्सी से बांधकर स्कूटी से घसीटने का वीडियो वायरल हुआ, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमी और पत्रकार औद्योगिक थाने पहुंचे और पुलिस को वीडियो दिखाकर दोनों महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। वीडियो में स्कूटी पर सवार दो महिलाएं करीब 200 मीटर तक पिल्ले को घसीटते हुए दिखाई दे रही हैं।
लालबाग एवेन्यू कॉलोनी का यह वीडियो सामने आने के बाद शक्ति नगर निवासी पत्रकार विजय मीणा, अदिति मिश्रा, अमित निगम और सुजीत उपाध्याय सहित अन्य लोग थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया है कि स्कूटी पर पीछे बैठी महिला ने पिल्ले को रस्सी से बांध रखा था और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले जाया जा रहा था, जिससे पिल्ले को गंभीर चोटें आईं।
पढ़ें: नाश्ता लेने निकली युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, कॉलेज परिसर में वारदात; तीन आरोपी गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने महिलाओं से ऐसा न करने की अपील की, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ और वे स्कूटी नहीं रोकती हुई आगे बढ़ गईं। घटना से क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पिल्ले गंदगी फैला रहे थे तो इसका मतलब यह नहीं कि उनके साथ इस तरह की क्रूरता की जाए। महिलाओं ने मासूम पिल्ले के साथ अमानवीय व्यवहार किया और उसे उसकी मां से दूर छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 325, 3(5) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।