नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत सागर पुलिस अनुविभाग बंडा द्वारा शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के सभागार में महिला सशक्तिकरण एवं नशा मुक्ति संकल्प समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय भारतीय महिला क्रिकेटर एवं बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ रहीं। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए अपनी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के दिनों में उनकी माताजी ने उनके क्रिकेट के सपने को पूरा करने के लिए अपने गहने तक बेच दिए थे। क्रांति गौड़ ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और आत्मविश्वास अटूट हो, तो कोई भी बेटी विश्व के सर्वोच्च मंच तक पहुँच सकती है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में बारिश की वापसी, अगले चार दिन बरसेंगे बादल, आज 15 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
400 से अधिक विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
समारोह का सबसे मुख्य आकर्षण वह क्षण रहा, जब क्रांति गौड़ ने उपस्थित 400 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। सांदीपनि विद्यालय, सेंट जोसेफ, मॉडल स्कूल और शासकीय कन्या विद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने जीवनभर नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज बनाने का वादा किया।