लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पीएम के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया है। वहीं. मंगलवार रात सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर ने शहर के कोतवाली चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के प्रतीकात्मक पुतले का दहन करने का प्रयास किया गया, जिसे रोकने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी और छीना-झपटी की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने आंशिक रूप से पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कोतवाली चौराहे पर देर रात गरमाया राजनीतिक माहौल
रात करीब 9 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी कोतवाली चौराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया और केंद्र सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया गया।
पुतला दहन रोकने पर पुलिस और कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रतीकात्मक पुतले का दहन करने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला छीनकर दहन रोकने की कोशिश की, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक छीना-झपटी और झूमाझटकी होती रही। हालांकि, पुलिस पुतला पूरी तरह कब्जे में नहीं ले सकी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंशिक रूप से पुतले का दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में मामला नियंत्रित रहा।
लोकतंत्र और छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को हिरासत में लेकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया है। नेताओं का आरोप था कि छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट और शिक्षा से जुड़े मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
राजीव गुजराती ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उनका आरोप था कि मासूम छात्रों पर अत्याचार हुआ है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों के साथ कार्रवाई कर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन केवल राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के हितों और संविधान की रक्षा के लिए भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: बेलपत्र, चंद्रमा और त्रिनेत्र से किया गया बाबा श्री महाकाल का विशेष श्रृंगार, दिए दिव्य दर्शन
जिलेभर में आंदोलन तेज करने की घोषणा
राजीव गुजराती ने बताया कि प्रदेश एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता छात्रों के समर्थन में गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक आंदोलन चलाएंगे तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव सहित जिला कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई।
पुलिस से झूमाझटकी के बीच पुतला दहन- फोटो : credit
पुलिस से झूमाझटकी के बीच पुतला दहन- फोटो : credit